सुलक्षणा पंडित का 6 नवंबर को निधन हो गया. वे 70-80 के दशक की टॉप एक्ट्रेस थीं. वे संजीव कुमार से बेइंतहा प्यार करती थीं, जिनकी उपेक्षा के बाद वह कभी पहले जैसी नहीं रहीं. वे मानसिक रूप से अस्थिर हो गई थीं, फिर एक हादसे ने उन्हें शारीरिक रूप से अक्षम बना दिया. उन्होंने जिंदगी में काफी तकलीफ झेली थी.
हिंदी सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस सुलक्षणा पंडित ने 71 साल की उम्र में अंतिम सांस ली. वे अपनी बहन विजेता पंडित और बहनोई संगीतकार आदेश श्रीवास्तव के साथ मुंबई में रही थीं. सुलक्षणा पंडित 50 से ज्यादा फिल्मों में हीरोइन बनी थीं. उन्होंने अपनी फिल्मों के ज्यादातर गाने खुद गाए हैं. सुलक्षणा पंडित ने कभी शादी नहीं की. वे संजीव कुमार से शादी करना चाहती थीं, लेकिन जब एक्टर ने उनका प्यार ठुकराया, तो उनका मानसिक संतुलना बिगड़ गया. वे कभी पहले जैसी नहीं रहीं. सुलक्षणा पंडित को कई सालों तक काम नहीं मिला और वह आर्थिक तंगी से जूझती रहीं.
सुलक्षणा पंडित संगीतकारों के परिवार से ताल्लुक रखती थीं. उनके चाचा पंडित जसराज एक शास्त्रीय संगीतकार हैं. उनकी चचेरी बहन दुर्गा जसराज एक एक्ट्रेस और मशहूर टीवी पर्सनैलिटी हैं. वे 1975 से 1979 के दौरान जब अपने करियर के पीक पर थीं, तब हेमा मालिनी, रेखा, नीतू सिंह और रीना रॉय के साथ सबसे ज्यादा फीस चार्ज करने वाली अभिनेत्री थीं. कहते हैं कि फिल्म ‘राहगीर’ के लिए गाने रिकॉर्ड करते समय संगीत निर्देशक हेमंत कुमार ने सुलक्षणा को एक्टिंग में भी हाथ आजमाने को कहा.
संजीव कुमार से करती थीं एकतरफा प्यार
विजेता पंडित ने दावा किया था कि उनकी बहन सुलक्षणा पंडित अपना मानसिक संतुलन खो बैठी थी जब संजीव कुमार ने उन्हें ठुकरा दिया था. वे मानसिक रूप से बीमार हो गईं. साथ ही, कूल्हे की हड्डी टूटने से वह कुछ हद तक अक्षम हो गईं थीं. दिवंगत संजीव कुमार के प्रति एकतरफा प्रेम के चलते वह मानसिक संतुलन खो बैठी थीं. वे कभी भी उस व्यक्ति को भूल नहीं पाईं जिसे उन्होंने प्यार किया था.
ठीक से चल नहीं पाती थीं सुलक्षणा पंडित
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुलक्षणा 1975 में फिल्म ‘उलझन’ की शूटिंग के दौरान संजीव कुमार के प्यार में पड़ गई थीं. हालांकि, एक्टर हेमा मालिनी से इतने प्रभावित थे कि उन्होंने सुलक्षणा को ठुकरा दिया था. उनका दिल टूट गया था. विजेता ने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में बताया था, ‘कुछ साल पहले सुलक्षणा बाथरूम में गिर गईं और उनकी कूल्हे की हड्डी टूट गई. उन्हें चार सर्जरी करवानी पड़ी.’ वे ठीक से चल नहीं सकती थीं. वे अपने कमरे में ही रहती थीं, रेडियो सुनती थीं. वह शायद ही कभी टीवी देखती थीं. उन्होंने 70 और 80 के दशक में ‘संकुच’, ‘हेरा फेरी’, ‘खानदान’ और ‘उलझन’ जैसी फिल्मों में संजीव कुमार, जितेंद्र और राजेश खन्ना जैसे बड़े एक्टर के साथ अभिनय किया था. उन्होंने ‘बेकरार दिल तू गाए जा’, ‘माना तेरी नजर में तेरा प्यार हम नहीं’ और ‘बंधी रे कहे प्रीत’ जैसे गाने भी गाए थे.
इस स्टार को दिल दे बैठीं थीं सुलक्षणा, रिजेक्शन से हुआ तनाव, जिंदगी भर रहीं कुंवारी

बॉलीवुड एक्ट्रेस सुलक्षणा पंडित का निधन हो गया. वह 71 साल की थीं. ललित पंडित ने बताया कि उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ. वह अस्पताल में भर्ती थीं. शुक्रवार दोपहर उनका अंतिम संस्कार होगा. बहुत कम लोग ही जानते हैं कि वह एक्ट्रेस होने के साथ-साथ एक अच्छी सिंगर भी थीं. सुलक्षणा 70-80 के दशक में बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस रही थीं. उन्होंने बॉलीवु़ड में बतौर सिंगर कदम रखा था. उन्होंने लता मंगेशकर समेत कई बड़े सिंगर के साथ भी गाने गए थे. लेकिन उनकी खूबसूरती को देखते हुए उन्हें फिल्में ऑफर होने लगी.
सुलक्षणा पंडित ने पहली फिल्म संजीव कुमार के साथ की और उन्हीं से प्यार कर बैठी थीं. सुलक्षणा ने साल 1975 में आई फिल्म ‘उलझन’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया. इस फिल्म में उन्होंने संजीव कुमार के साथ काम किया. इसी फिल्म के सेट पर उन्हें संजीव कुमार से प्यार हो गया. लेकिन संजीव को हेमा मालिनी से प्यार था. उन्होंने हेमा मालिनी को प्रपोज किया, लेकिन हेमा ने संजीव का प्रपोजल रिजेक्ट कर दिया.
सुलक्षणा पंडित को जब इसका पता चला, तो तब उन्होंने संजीव कुमार को शादी के लिए प्रपोज किया, लेकिन संजीव ने उनके प्रपोजल को रिजेक्ट कर दिया. संजीव कुमार से रिजेक्शन मिलने के बाद सुलक्षणा डिप्रेशन में चली गईं. सुलक्षणा ने फिर कभी शादी नहीं की. इस दौरान उन्हें काम मिलना भी कम हो गया था, जिसकी वजह से उनकी हालत खराब हो गई. 1985 में संजीव के निधन के बाद, वह पूरी तरह से टूट गईं और फिल्म इंडस्ट्री से दूर हो गईं.
सुलक्षणा को ठीक करने के लिए विजेता-आदर्श ने बनाया था ये प्लान
सुलक्षणा पंडित, म्युजिक कंपोजर जतिन-ललित और विजेता पंडित की बड़ी बहन थीं. विजेता और उनके पति-संगीतकार आदेश श्रीवास्तव से सुलक्षणा की हालत देखी नहीं जा रही थी. दोनों ने सुलक्षणा के लिए एक भक्ति एल्बम बनाने की प्लानिंग बनाई थी, लेकिन इस एल्बम को वह अंजाम दे पाते उससे पहले ही आदेश श्रीवास्तव का भी निधन हो गया.
संजीव कुमार की पुण्यतिथि पर हुआ सुलक्षणा का निधन
संयोगवश, संजीव कुमार का निधन भी 6 नवंबर 1985 को हुआ था और सुलक्षणा का भी निधन इसी तारीख को हुआ. आखिरी बार सुलक्षणा ने जुलाई 2017 में आरजे विजय अकेला को एक लंबा रेडियो इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने अपने एक्टिंग और सिंगिंग करियर के बारे में बात की थी.