अग्नि आलोक

T20 वर्ल्ड कप 2026:सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हरा फाइनल में टीम इंडिया

Share

भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है. ये इस टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल था, जिसमें भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया. अब टूर्नामेंट के फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा, जिसने टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराया था. दूसरा सेमीफाइनल जीतने के लिए भारत ने जीत के लिए 254 रन का रिकॉर्ड टारगेट सेट किया था, जिसका पीछा करने में इंग्लैंड की टीम नाकाम रही.

बैथल का शतक बेकार, इंग्लैंड हुआ बाहर
इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी. इंग्लैंड की ओर से सबसे सफल बल्लेबाज जैकब बैथल रहे, जिन्होंने सेमीफाइनल में शानदार शतक जड़ा. जैकब बैथल ने 48 गेंदों पर 7 छक्के की मदद से 105 रन बनाए. ये उनके T20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक रहा. मगर बैथल के इस शतक के बावजूद इंग्लैंड की टीम जीत से दूर रह गई.

पंड्या रहे सबसे सफल गेंदबाज
भारत की ओर से हार्दिक पंड्या सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट लिए. भारत की ओर से सेमीफाइनल में 6 गेंदबाजों ने बॉल डाली, जिसमें से 5 विकेट लेने में कामयाब रहे. पंड्या को छोड़कर बाकी 4 गेंदबाजों ने 1-1 विकेट लिया.

भारत ने बनाया नॉक आउट का सबसे बड़ा स्कोर
टॉस जीतने के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए उतारा था. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 253 रन बनाए थे, जो कि T20 वर्ल्ड कप के नॉक आउट में बना सबसे बड़ा स्कोर है. भारत को इतने बड़े स्कोर तक पहुंचाने में संजू सैमसन के दमदार अर्धशतक की सबसे बड़ी भूमिका रही, जिन्होंने टीम इंडिया को वो शुरुआत दिलाई, जिसके दम पर वो 253 रन के स्कोर तक पहुंच सकी.

संजू सैमसन ने 211 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 42 गेंदों पर 89 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के शामिल रहे. उनके बाद सबसे ज्यादा शिवम दुबे ने 25 गेंदों पर 43 रन बनाए. हार्दिक पंड्या ने 12 गेंदों पर 27 रन बनाए. वहीं तिलक वर्मा ने 7 गेंदों पर 21 रन बनाए.

T20 वर्ल्ड कप में ये चौथी बार होगा जब टीम इंडिया फाइनल खेलेगी. वहीं ये उसका लगातार दूसरा फाइनल भी होगा.

रोहित से आगे निकले ईशान किशन, सैमसन के साथ तोड़ा 19 साल पुराना रिकॉर्ड

टीम इंडिया में करीब सवा 2 साल बाद लौटने के बाद से ही ईशान किशन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की है. न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उनका बल्ला ऐसा बोला कि बैकअप ओपनर के तौर पर चुने जाने के बावजूद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्हें सीधे प्लेइंग-11 में जगह मिल गई. वर्ल्ड कप में भी ईशान ने इस फॉर्म को बरकरार रखा और लगभग हर मैच में रन बटोरे. सेमीफाइनल में भी जब टीम को जरूरत थी तो इस बल्लेबाज ने निराश नहीं किया और एक धमाकेदार पारी खेलकर इस वर्ल्ड कप में भारत के सबसे सफल बल्लेबाज बन गए.

टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन
मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में 5 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में अभिषेक शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद तीसरे नंबर पर आए ईशान किशन ने वही किया, जिसकी उम्मीद उनसे थी. एक तरफ से तो संजू सैमसन रन बटोर ही रहे थे, दूसरी ओर से ईशान ने भी अपना हमला बोल दिया. इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिए दोनों भारतीय बल्लेबाजों को रोकना मुश्किल साबित होने लगा, जिसके चलते टीम इंडिया ने सिर्फ 9 ओवर के अंदर ही 100 रन पूरे कर लिए.

आखिरकार 10वें ओवर में जाकर ईशान किशन आउट हुए लेकिन तब तक उन्होंने न सिर्फ टीम इंडिया को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया था, बल्कि खुद भी एक खास कमाल कर दिया. ईशान किशन ने 18 गेंदों में 39 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे. इसके साथ ही वो इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए. उनके नाम अब तक 8 पारियों में 263 रन हो चुके हैं.

रोहित से आगे निकले ईशान
इन 263 रन की बदौलत ईशान ने रोहित शर्मा को भी पीछे छोड़ दिया. रोहित ने पिछले टी20 वर्ल्ड कप में 257 रन बनाए थे जो विराट कोहली (319, 296, 273) के बाद किसी भी भारतीय बल्लेबाज का एक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन थे. मगर अब इस मामले में ईशान ने अपने पूर्व कप्तान को पछाड़ दिया. इतना ही नहीं, ईशान और संजू ने मिलकर 7.3 ओवर में 97 रन की साझेदारी की, जो टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मैच में भारत के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप का नया रिकॉर्ड है. इन दोनों ने मिलकर 19 साल पहले युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा के रिकॉर्ड को तोड़ा. दोनों ने मिलकर टी20 वर्ल्ड कप 2007 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6.3 ओवर में 84 रन की साझेदारी की थी.

Exit mobile version