नीट यूजी परीक्षा 2024:हाई कोर्ट ने लाइटें बंद कराईं, कहा- हम जानना चाहते हैं कि अंधेरे में अभ्यर्थियों ने कैसे दी परीक्षा
इंदौर। नीट यूजी परीक्षा 2024 में इंदौर के कई परीक्षा केंद्रों पर बिजली गुल होने की शिकायतों और परीक्षा परिणाम रोकने की मांग को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए मध्यप्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने सोमवार को एक अनोखा कदम उठाया।

कोर्ट ने बहस के दौरान अपने कोर्टरूम की लाइटें बंद करवा दीं। उन्होंने कहा कि हम खुद देखना चाहते हैं कि जब परीक्षार्थियों ने अंधेरे में परीक्षा दी, तो माहौल कैसा रहा होगा। सुनवाई के बाद खंडपीठ ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
तेज आंधी और बारिश से गुल हुई थी बिजली
- बता दें कि नीट यूजी परीक्षा 4 मई 2024 को आयोजित की गई थी। उसी दिन इंदौर में तेज आंधी और बारिश के कारण परीक्षा के समय बिजली गुल हो गई थी। इससे संबंधित 90 से अधिक याचिकाएं हाई कोर्ट में दाखिल की गईं, जिनकी एक साथ सुनवाई की जा रही है।
याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश किए गए वीडियो में परीक्षा केंद्रों की अंधेरी स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई दी। एक वीडियो में यह भी देखा गया कि जब अभिभावक बिजली गुल होने की शिकायत कर रहे थे, तब वहां मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें धमका रहे थे। याचिकाकर्ताओं ने मांग की कि इंदौर के सभी 49 परीक्षा केंद्रों पर दोबारा परीक्षा कराई जाए।
राजा हत्याकांड में नया मोड़, लोकेंद्र तोमर बना पुलिस की अगली तलाश, क्या वह था असली प्लानर?
राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक माह बाद भी नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इस सनसनीखेज मामले में अब तक राजा की पत्नी सोनम समेत सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब जांच में एक और अहम किरदार लोकेंद्र तोमर का नाम सामने आया है, जो हत्या के बाद सोनम को छिपाने और सबूत नष्ट करने में सक्रिय भूमिका निभा चुका है। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है।
प्रॉपर्टी डीलर की चैट से हुआ बड़ा खुलासा
सूत्रों के अनुसार, प्रॉपर्टी डीलर सिलोम जेम्स की मोबाइल चैट से इस बात की पुष्टि हुई है कि लोकेंद्र तोमर ने सबूत नष्ट करने के निर्देश दिए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोनम के बैग को जलाने का आदेश भी लोकेंद्र ने ही दिया था। यही नहीं, उसने ही सोनम के ठहरने के लिए फ्लैट का इंतजाम किया था, जहां वह राजा की हत्या के बाद छिपी हुई थी।
प्रॉपर्टी डीलिंग की आड़ में रचा गया षड्यंत्र
सिलोम जेम्स ने पूछताछ में बताया कि वह और लोकेंद्र तोमर मिलकर तीन लाख रुपये प्रति माह किराये पर एक बिल्डिंग लीज पर लिए हुए थे, जिसमें अलग-अलग किरायेदारों को ठहराते थे। उसी के तहत सोनम को भी फ्लैट उपलब्ध कराया गया था।
राजा की पिस्टल, गहने और कैश लोकेंद्र के पास
जांच में यह भी सामने आया है कि राजा रघुवंशी की पिस्टल, गहने और नकदी लोकेंद्र तोमर के पास हो सकते हैं। सोनम की गिरफ्तारी के बाद, लोकेंद्र ने सिलोम पर दबाव बनाया था कि फ्लैट से तुरंत बैग हटा दिया जाए और उसे जला दिया जाए। उसी बैग में राजा और सोनम के मोबाइल फोन सहित कई अहम सबूत थे, जो अब पुलिस के लिए अहम सुराग बन सकते हैं।
हरे कृष्ण विहार कॉलोनी में जलाया गया बैग
जानकारी के मुताबिक, सोनम के रवाना होने के बाद सिलोम जेम्स फ्लैट पर पहुंचा और बैग व अन्य सामान हटाकर उसे हरे कृष्ण विहार कॉलोनी में ले जाकर जला दिया। पूछताछ में सिलोम ने बैग जलाने की बात स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस उसे मौके पर लेकर गई और वहां से जले हुए अवशेष बरामद किए। पुलिस अब जांच कर रही है कि जलाने से पहले बैग से क्या-क्या सामान निकाला गया था।
ग्वालियर का रहने वाला है लोकेंद्र तोमर, पुलिस टीमें सक्रिय
लोकेंद्र तोमर मूल रूप से ग्वालियर का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए इंदौर और मेघालय पुलिस की संयुक्त टीमें सक्रिय हैं। माना जा रहा है कि उसके पास राजा हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण सबूत मौजूद हैं। पुलिस को अब उसकी गिरफ्तारी का इंतजार है, जिससे पूरे हत्याकांड की गुत्थी और अधिक स्पष्ट हो सके।
मध्य प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में हुई बारिश, शिवपुरी में सबसे ज्यादा 2 इंच गिरा पानी
मध्य प्रदेश में अगले 4 दिन तक बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। सोमवार को 20 जिलों में बारिश हुई। शिवपुरी में सबसे ज्यादा 2 इंच पानी गिरा। छतरपुर में सवा इंच, नरसिंहपुर और खरगोन में पौन इंच पानी गिरा है।
मध्य प्रदेश में बारिश का सिलसिला तेज हो गया है। उत्तरी मध्य प्रदेश में कई क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो रही है। अगले 4 दिन तक बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। सोमवार को 20 जिलों में बारिश हुई। शिवपुरी में सबसे ज्यादा 2 इंच पानी गिरा। छतरपुर में सवा इंच, नरसिंहपुर और खरगोन में पौन इंच पानी गिरा है। जबकि भोपाल, ग्वालियर, नर्मदापुरम, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, सागर, सतना, टीकमगढ़, बालाघाट, बड़वानी, गुना, रायसेन, श्योपुर, अशोकनगर, टीकमगढ़, मऊगंज में रुक-रुककर सभी तेज तो कभी हल्की बारिश का दौर जारी रहा।
मौसम विभाग का अलर्ट
मध्य प्रदेश मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। जिसके अनुसार अगले कुछ घंटे में भिंड, देवास, नर्मदापुरम, निवारी,ओरछा, मंडला, बालाघाट में बिजली के साथ मध्यम आंधी जारी रहने की संभावना है। साथ ही हरदा, उत्तरी बैतूल, पचमढ़ी, इंदौर, धार, दक्षिणी सीहोर, दक्षिणी सागर, नरसिंगपुर, उत्तरी टीकमगढ़, उत्तरी छतरपुर, सिवनी, उत्तरी छिंदवाड़ा, डिंडोरी, अनुपपुर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और पूर्वी शिवपुरी में बिजली के साथ हल्की आंधी जारी रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में स्ट्रांग सिस्टम एक्टिव
प्रदेश के ऊपर से एक लो प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) गुजर रहा है। वहीं, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ की एक्टिविटी भी है। ये सिस्टम काफी स्ट्रॉन्ग है। इस वजह से अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट है। अगले चार दिन तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर, शहडोल, नर्मदापुरम और रीवा संभाग में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा।
प्रदेश में अगले 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम
24 जूनः विदिशा, रायसेन, मंडला और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 24 घंटे में 4 इंच तक बारिश हो सकती है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, सीहोर, सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर में भारी बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
25 जून: डिंडौरी, रायसेन-सागर में अति भारी बारिश हो सकती है। मऊगंज, सिंगरौली, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, उज्जैन, सीहोर, विदिशा में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
26 जून: छिंदवाड़ा-सिवनी में अति भारी बारिश यानी, 24 घंटे में 8 इंच तक बारिश हो सकती है। ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, बालाघाट, मंडला, अनूपपुर, मैहर, रीवा, सीधी और सिंगरौली में भी भारी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा
फ्लाइट में तकनीकी खराबी आई, पायलट ने तुरंत रोका प्लेन, ढाई घंटे बाद हुआ रवाना
तकनीकी खराबी के कारण इंदौर से भुवनेश्वर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 (एयरबस A320 नियो विमान) रनवे के बीच से वापस लौट आई। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में 80 से ज्यादा यात्री सवार थे। उड़ान की तैयारी के दौरान पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का आभास हुआ। इसके बाद विमान को रनवे से वापस टैक्सी कर टर्मिनल पर लाया गया। विमान करीब ढाई घंटे तक रनवे पर खड़ा रहा। इस दौरान सभी यात्री विमान में ही बैठे रहे। सुधार के बाद विमान इंदौर से भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गया है।
सुबह जल्दी आ गई थी फ्लाइट
इंडिगो की यह फ्लाइट भुवनेश्वर से सुबह 6.15 बजे उड़ान भरती है और लगभग 8.15 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड करती है। लेकिन आज यह फ्लाइट निर्धारित समय से पहले, लगभग सुबह 7.39 बजे ही इंदौर में लैंड हो गई थी। भुवनेश्वर से इंदौर आने के बाद यह फ्लाइट वापसी में इंदौर से सुबह 9 बजे उड़ान भरती है और लगभग सुबह 10.55 बजे भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर लैंड करती है। इसी विमान को बाद में भुवनेश्वर से अहमदाबाद के लिए रवाना किया जाता है।
एअर इंडिया की फ्लाइट भी रविवार को कैंसिल हुई
रविवार देर रात इंदौर से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट भी कैंसल हो गई थी। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि एअर इंडिया की AI804 फ्लाइट इंदौर से रात 10.25 बजे उड़ान भरकर रात 12.20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करती है, लेकिन यह फ्लाइट कल कैंसिल हो गई थी, जिसके बाद इंदौर एयरपोर्ट पर आए यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ा था। वहीं, दिल्ली से इंदौर आने वाली एअर इंडिया की AI803 भी कल कैंसिल थी। यह फ्लाइट शाम 6.40 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरकर रात 8.15 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड करती है। यह दोनों ही फ्लाइट रविवार को किस वजह से रद्द हुईं, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
जबलपुर की फ्लाइट अंतिम समय में हुई रद्द
इससे पहले शनिवार को यात्रियों को तब बड़ी असुविधा हुई जब इंदौर से जबलपुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को बिना किसी पूर्व सूचना के उड़ान से ठीक पहले रद्द कर दिया गया। यात्री सुबह 6 बजे ही एयरपोर्ट पहुंच गए थे। शुरुआत में उन्हें बताया गया कि विमान आधे घंटे की देरी से रवाना होगा। सुबह सवा सात बजे यात्रियों को बोर्डिंग के लिए टर्मिनल से बस में बैठाकर विमान की ओर ले जाया गया, लेकिन डेढ़ घंटे तक उन्हें बस में ही बैठाए रखा गया।
यात्रियों ने किया हंगामा
काफी देर बाद यात्रियों को सूचित किया गया कि उड़ान रद्द कर दी गई है और उन्हें वापस टर्मिनल पर छोड़ दिया गया। इस अव्यवस्था से नाराज़ यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया और एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। यात्रियों के विरोध के बाद एयरलाइन कंपनी ने उन्हें टिकट का पूरा किराया वापस करने और अगली फ्लाइट में री-बुकिंग का विकल्प देने की घोषणा की। फिलहाल यात्रियों को आश्वासन दिया गया है कि उनकी यात्रा जल्द संभव करवाई जाएगी।
एमबीबीएस डॉक्टर को झांसे में लेकर की दरिंदगी, आठ माह बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
भोपाल के देवास निवासी एक एमबीबीएस युवती के साथ दुष्कर्म के आरोप में भिंड निवासी आरोपी को भोपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को केंद्रीय मंत्रालय और मेडिकल काउंसिल से जुड़ा अधिकारी बताकर युवती को प्रैक्टिस लाइसेंस दिलाने का झांसा दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का असली नाम मनोज सिंह श्रीवास है, जो भिंड जिले के गोहद तिराहा थाना क्षेत्र के श्रीराम कॉलोनी में रहता है।
भोपाल में एक फर्जी अधिकारी बनकर एमबीबीएस डॉक्टर युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने आठ माह बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मोहित सिंह शेखावत, जो असल में मनोज सिंह श्रीवास है, ने खुद को मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया और केंद्रीय मंत्रालय का अधिकारी बताकर युवती को झांसे में लिया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने चीन से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की थी और भारत में प्रैक्टिस की अनुमति के लिए प्रयासरत थी। इसी दौरान उसकी इंस्टाग्राम पर मोहित सिंह शेखावत नामक व्यक्ति से बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने खुद को मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया या फिर केंद्रीय गृह मंत्रालय का अधिकारी बताकर युवती को भरोसे में लिया। उसने कहा कि वह दस हजार रुपये में उसका लाइसेंस बनवा देगा।
आरोपी ने 17 सितंबर 2024 को पीड़िता को भोपाल के मेघदूत होटल में बुलाया, जहां उसे लंच कराने के बाद नशे की हालत में दुष्कर्म किया गया। पीड़िता को होश में रहते हुए भी विरोध करने की स्थिति नहीं रही। घटना के बाद पीड़िता ने देवास जिले में थाने जाकर जीरो पर मामला दर्ज कराया, जिसे बाद में मंगलवारा थाना भोपाल में स्थानांतरित किया गया।जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल से आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता चला। गहराई से तफ्तीश करने पर यह साफ हुआ कि आरोपी का असली नाम मनोज सिंह श्रीवास है, जिसने झूठी पहचान और फर्जी सरकारी पद का सहारा लेकर अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने अब आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं उसने इस तरह की धोखाधड़ी और अपराध अन्य मामलों में तो नहीं किए।
सोनम का बैग जलवाने वाला बिल्डर पकड़ाया, राजा के परिजन ने नार्को टेस्ट की मांग की
राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक और शख्स को हिरासत में लिया गया है। शिलॉन्ग पुलिस ने सोमवार को ग्वालियर के गांधीनगर से बिल्डिंग मालिक लोकेंद्र तोमर को पकड़ा है। जहां से लोकेंद्र को पकड़ा गया है वहां के गार्ड ने बताया है कि सिविल ड्रेस में चार लोग आए और लोकेंद्र को ले गए। शिलॉन्ग एसआईटी शाम करीब 4.30 बजे ग्वालियर के गांधीनगर एमके प्लाजा में 105 नंबर में पहुंची थी। गार्ड ने बताया कि सिविल ड्रेस में आए ये चार लोग गाड़ी दूर खड़ी करके अपार्टमेंट में आए और फिर वे लोकेंद्र तोमर को अपने साथ में ले गए।
लोकेंद्र ने बैग जलाने का दबाव बनाया
लोकेंद्र इंदौर की उस बिल्डिंग का मालिक है, जिसके फ्लैट में सोनम रुकी थी। उसने ये बिल्डिंग शिलोम जेम्स को किराए पर दी थी। पुलिस शिलोम और बलवीर को पहले ही पकड़ चुकी है। राजा की हत्या के बाद इंदौर लौटी सोनम देवास नाका स्थित जिस फ्लैट में रुकी थी, उसी में उसने काले रंग का यह बैग भी छोड़ दिया था। शिलॉन्ग पुलिस लंबे समय से इस बैग को तलाश रही थी। जब पुलिस ने इस फ्लैट के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो इस बैग के बारे में जानकारी मिली। बाद में बैग फ्लैट में नहीं मिला तो पुलिस ने इसकी पूछताछ की। फिर पुलिस ने बिल्डिंग के कॉन्ट्रैक्टर शिलोम जेम्स और गार्ड बलवीर अहिरवार को भी गिरफ्तार कर लिया। 22 जून की रात शिलॉन्ग पुलिस ने शिलोम और बलवीर को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को 7 दिन की ट्रांजिट रिमांड में भेजा है। अब बिल्डिंग के मालिक लोकेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
बैग के साथ मोबाइल भी जला दिए
शिलोम जेम्स के मोबाइल में मिली चैट से पता चला है कि लोकेंद्र तोमर के कहने पर ही उसने सोनम का बैग जलाया गया था। शिलोम जेम्स ने पूछताछ में यह भी बताया है कि जिस बिल्डिंग में सोनम ठहरी थी, उसे उसने लोकेंद्र से तीन लाख रुपए प्रति माह किराए पर लिया था। वह अलग-अलग किराएदारों को वहां पर ठहराता था। उसने ही सोनम को भी फ्लैट दिया था। सोनम की गिरफ्तारी के बाद लोकेंद्र ने शिलोम पर दबाव बनाया था कि फ्लैट से तुरंत बैग हटाकर उसे जला दिया जाए। उसी बैग में राजा और सोनम के मोबाइल फोन सहित कई अहम सबूत थे। पुलिस को अब जले हुए बैग से जो सामान जब्त हुआ है, उसकी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।
नार्को टेस्ट के लिए कोर्ट जाएंगे परिजन
वहीं दूसरी तरफ राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में पुलिस की पूछताछ से उनके परिजन संतुष्ट नहीं हैं। राजा के भाई विपिन को शंका है कि टैक्सी ड्राइवर झूठ बोल रहा है। इंदौर से गाजीपुर जाने के दौरान सोनम ने कुछ भी नहीं कहा हो ऐसा नहीं हो सकता है। हमें अभी तक समझ नहीं आ रहा है कि आखिर राजा को मारने की वजह क्या है? सोनम का नार्को टेस्ट कराने के लिए भी राजा के भाई सचिन ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की बात कही है। राजा के भाई सचिन ने कहा कि उन्होंने हत्या क्यों की? मैं नार्को टेस्ट की मांग करते-करते थक गया हूं। मुझे ये हजम नहीं हो रहा है कि उन्हें जेल भेज दिया गया है। अब नार्को टेस्ट के लिए जहां जरूरत होगी, हाईकोर्ट-सुप्रीम कोर्ट, मैं सब जगह जाऊंगा। राजा की हत्या करने का उद्देश्य समझ नहीं आ रहा है। क्या उसको मारना ही आरोपियों का मकसद था? मुझे लगता है कि तंत्र-मंत्र के लिए ही ऐसा किया गया है। राज कुशवाह 15-20 हजार रुपए महीना कमाता था, वह चाहता तो सोनम को पहले ही लेकर भाग जाता।
आठ आरोपी गिरफ्तार
सोनम रघुवंशी
राज कुशवाह
विशाल चौहान
आकाश राजपूत
आनंद कुर्मी
बिल्डिंग मालिक लोकेंद्र तोमर
कॉन्ट्रैक्टर शिलोम जेम्स
गार्ड बलवीर अहिरवार