तेलंगाना |
तेलंगाना राष्ट्र समिति के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने रविवार को उन कयासों पर विराम लगा दिया कि वह अपने बेटे के.टी. रामाराव को राज्य का मुख्यमंत्री बनाने के लिए जल्द ही पद छोड़ देंगे।
तेलंगाना भवन में पार्टी मुख्यालय में टीआरएस की पार्टी की विस्तारित राज्य कार्यकारी समिति को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने पार्टी नेताओं को पार्टी और राज्य में हो रहे बदलावों के बारे में सार्वजनिक रूप से बयान न देने के चेतावनी दी है।वह पार्टी के नेताओं, मंत्रियों और विधायकों के कई ऐसे बयानों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जो खुले तौर पर यह बयान जारी कर रहे थे कि के.टी. रामाराव जो वर्तमान में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य के उद्योग और आईटी मंत्री हैं, वह जल्द ही मुख्यमंत्री बन जाएंगे।उन्होंने कहा, “क्या आप मुझसे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की उम्मीद करते हैं? आप केटी रामाराव को मुख्यमंत्री बनाने की बात क्यों कर रहे हैं? जबकि मैंने पहले ही विधानसभा में बयान दिया था कि मैं मुख्यमंत्री बना रहूंगा।”
केटी रामाराव को मुख्यमंत्री बनाने जैसा कोई बयान देने के लिए पार्टी नेताओं को चेतावनी देते हुए, टीआरएस अध्यक्ष ने कहा कि अगर भविष्य में पार्टी नेताओं ने इस तरह की कोई भी बात की, तो वो उन्हें पार्टी से निकाल देंगे। उन्होंने कहा, “मैं बिल्कुल स्वस्थ हूं। मैं अगले 10 वर्षों तक मुख्यमंत्री बना रहूंगा। मंत्रियों और विधायकों सहित किसी को भी राज्य में नेतृत्व परिवर्तन के बारे में नहीं बोलना चाहिए।”मुख्यमंत्री ने आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने पर पार्टी नेताओं को एक निर्देश भी दिया। उन्होंने 1 मार्च से सभी स्तरों पर पार्टी समितियों के गठन की घोषणा की और अप्रैल तक संगठनात्मक चुनाव पूरा कर लिए जाने की बात भी कही, जब एक बड़ी सार्वजनिक बैठक होगी।
दिलचस्प बात यह है कि टीआरएस प्रमुख ने अपने भाषण में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि वह राज्य-केंद्र संबंधों के हित में कुछ मुद्दों का खुलासा नहीं करेंगे। हमें किसी भी कीमत पर अपनी पार्टी और राज्य की रक्षा करने की जरूरत है।के. चंद्रशेखर राव ने पार्टी नेताओं को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष की आलोचना का सामना करने के लिए कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्टी के सभी मौजूदा विधायकों को अगले चुनावों में पार्टी का टिकट दिया जाएगा।

