Site icon अग्नि आलोक

बैटधारी सहायक यंत्री:कर्मचारी का आरोप – साहब ने काम की बात को लेकर पहले बहस की, फिर बदसलूकी कर बेसबाॅल के बल्ले से पीटा, कपड़े भी फाड़े

Share

इंदौर

निगम के कर्मचारी हैं कि मानते नहीं। पहले बुजुर्गों के साथ अमानवीय हरकत। अब नया मामला मारपीट का सामने आया है। विवाद किसी बाहरी के साथ नहीं, बल्कि निगमकर्मियों के बीच ही हुआ है। निगम के एक इंजीनियर अब बेसबॉल के बैटधारी हो गए हैं। इंजीनियर पर उनके ही अधीनस्थ ने बेसबॉल के बैट से पीटने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत कर्मचारी ने द्वारिकापुरी थाने में भी की है। मामले में यादव से बात करनी चाही, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

हवा बंगला स्थित जाेन 14 में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पर पर पदस्थ विशाल लाड का आराेप है कि उनके साथ नगर निगम के सहायक यंत्री नर्मदा विभाग शिवराज यादव ने मारपीट की है। काम को लेकर पहले यादव ने बहस की, फिर बेसबॉल के डंडे से पीटा। कर्मचारी के चेहरे और पीठ में खरोंच के निशान भी हैं। पता चला है कि यादव पहले भी अपने मातहतों के साथ ऐसी हरकत कर चुके हैं।

पीड़ित विशाल लाड का कहना है कि मैंने वेक्सीनेशन की जानकारी बनाकर अधिकारियों को भेजी थी। जिस दिन यह महत्वपूर्ण जानकारी जमा करनी थी, वे अवकाश पर थे। इसी बात को लेकर वे दफ्तर में आकर बहस करने लगे। हमने उन्हें कहा कि सर, आपने हमारा फोन नहीं उठाया था। इस पर उन्होंने कहा कि मुझे काम मत सिखा। मुझे जितना काम आता है, यहां के किसी व्यक्ति को उतना काम नहीं आता। वे लगातार बहस करते रहे। उन्होंने मुझे दूसरे अधिकारियों को भी कॉल नहीं करने दिया। विरोध करने पर उन्होंने बेसबॉल के बल्ले से पिटाई की। मेरे कपड़े भी फाड़ दिए। मारपीट में विशाल के गले और चेहरे पर खरोंच के निशान आ गए। कर्मचारियों ने विरोध किया तो उन्होंने सभी के साथ झूमाझटकी की और सभी को धमकी देकर वहां से चले गए। इसके कर्मचारी विशाल को लेकर द्वारकापुरी थाने पहुंचे।

ऑफिस में यादव और विशाल के बीच बहस हुई थी।

वहीं, सहकर्मी रवि पटेल ने बताया कि यादव ने विशाल के साथ मारपीट की है। वह आए दिन सेवा समाप्ति के नाम पर धमकाते हैं। गालियां देते रहते हैं। वह ऑफिस में बेसबॉल का बैट लेकर घूम रहे थे। किसी ना किसी चीज के नाम पर प्रेशर बनाते हैं।

हां, मारपीट का मामला सामने आया है
नर्मदा परियोजना के कार्यपालन यंत्री संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिली थी कि जोन 14 के प्रभारी सहायक यंत्री शिवराज यादव ने अपने अधीनस्थ कम्प्यूटर ऑपरेटर के साथ मारपीट की है। मामले में जेडओ सतीश गुप्ता को मामले की जांच के लिए भेजा गया है। वे सभी के बयान लेकर जांच रिपोर्ट बनाएंगे। यादव को लेकर दो साल पहले भी ऐसा ही मामला आया था। हालांकि बाद में वे बरी हो गए थे।

Exit mobile version