Site icon अग्नि आलोक


*एबीवीपी नेता होने के कारण सभरवाल हत्याकांड के आरोपियों को बचा लिया गया था, कम से कम इस बार ऐसा न हो, यह सुनिश्चित करे सरकार : कांग्रेस

Share

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री के के मिश्रा और प्रदेश प्रवक्ता श्री संतोष सिंह गौतम ने इंदौर के बी एम कॉलेज ऑफ फार्मेसी की प्रिंसिपल श्रीमती विमुक्ता शर्मा के असामयिक दुखद निधन को हृदयविदारक और क्षुब्ध कर देने वाली घटना बताते हुए कहा है कि गुर-शिष्य परंपरा को छलनी कर देने वाली इस गंभीर घटना ने उज्जैन में एबीवीपी नेताओं द्वारा किए गए प्रोफेसर सभरवाल के निर्मम हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं। 

आज जारी अपने वक्तव्य में श्री मिश्रा और श्री गौतम ने आगे कहा कि इंदौर में हुई उक्त जघन्य वारदात पूरी तरह से पुलिस की लापरवाही और अकर्मण्यता का दुखद परिणाम है, क्योंकि हत्यारे छात्र आशुतोष श्रीवास्तव ने इसके पहले भी कॉलेज के प्रोफेसर विजय पटेल पर चाकू से हमला करने के साथ ही प्रिंसिपल विमुक्ता शर्मा को भी कई धमकियां दीं थी, जिसकी शिकायत श्रीमती शर्मा ने थाने पर की थी लेकिन पुलिस ने अक्षम्य लापरवाही का प्रदर्शन करते हुए अपराधी प्रवृत्ति के उक्त छात्र पर कोई कार्यवाही नहीं की, जिसकी परिणति श्रीमती विमुक्ता शर्मा की दुखद मौत के रूप में हुई। 

अपने बयान में प्रदेश की पुलिस व्यवस्था पर उक्त आरोप लगाते हुए श्री मिश्रा और श्री गौतम ने कहा कि इस घटना ने हमें कुछ वर्षों पूर्व उज्जैन में हुए प्रोफेसर एच एस सभरवाल के जघन्य हत्याकांड की याद दिला दी है, जिसमें पुलिस द्वारा जानबूझकर की गई लचर कार्यवाही के कारण आरोपी छात्र नेताओं को कठोर सजा नहीं मिल सकी और पूरा प्रदेश इस बात को लेकर तब आशंकित था कि आरोपियों पर कठोर कार्रवाई होना मुश्किल है क्योंकि प्रदेश में भाजपा की सरकार थी और आरोपी गुंडे भाजपा की छात्र इकाई एबीवीपी के नेता थे। 

अपने बयान में श्री मिश्रा और श्री गौतम ने कहा कि श्रीमती विमुक्ता शर्मा की हत्या का जिम्मेदार आरोपी भी कहीं प्रोफेसर सभरवाल के हत्यारों की तरह ही “भाजपा की अपराधियों के प्रति नरम और लचीली नीति” का लाभ न उठा लें, सभी के मन में यह आशंका है! 

अपने बयान के अंत में श्री गौतम ने कहा कि श्रीमती विमुक्ता शर्मा के मामले में यदि सरकार ने कठोरतम कार्यवाही नहीं की तो यह मान लिया जाएगा की भाजपा के द्वारा की जाने वाली “शिक्षक सम्मान” की बातें झूठी और “नारी सुरक्षा” का उनका नारा पूरी तरह से खोखला है।

Exit mobile version