इंदौर
भय्यू महाराज सुसाइड मामले में शुक्रवार को भोपाल के फॉरेंसिक अधिकारी तिलक राज ने करीब 109 पेज की मोबाइल चैटिंग कोर्ट में पेश की। इसमें आरोपी पलक पौराणिक और किसी पीयूष जीजू के बीच वॉट्सएप पर हुई चैटिंग के जरिए हुए बातचीत है। इसमें कई अहम खुलासे हुए हैं। कोड वर्ड में जो बात हुई है, उससे साफ होता है कि भय्यू महाराज मामले में षड्यंत चल रहा था। चैटिंग में लिखा है कि कोड वर्ड में BM को पागल करके घर बिठाना है। तांत्रिक से 25 लाख में डील हुई है।
मामले में अपर सत्र न्यायाधीश धर्मेश सोने की कोर्ट में यह प्रकरण चल रहा है। पुलिस द्वारा आरोपियों के मोबाइल जब्त कर चैटिंग डाटा रिकवर किया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ द्वारा करीब 109 पेज की चैटिंग कोर्ट के समक्ष पेश की गई। आरोपी के वकील धर्मेंद्र गुर्जर इमरान कुरैशी व आशीष चौरे ने शुक्रवार को अभियोजन से घटना पर क्रॉस एग्जामिनेशन की। साथ ही, इस चैटिंग की भी जानकारी ली। आरोपियों के जब्त मोबाइल से जो चैटिंग मिली है, उसमें कई अहम खुलासे हुए हैं।
पलक के मोबाइल चैटिंग के अंश
पलक – भैया आयुषी ने बड़ा तगड़ा तांत्रिक पकड़ा है। 25 लाख में डील हुई है।
पीयूष जीजू – किससे?
पलक – तांत्रिक से
पलक- कोड वर्ड – BM को पागल करके घर बिठाना है।
पीयूष जीजू – कुहू घर आने वाली है। कल कुहू का रूम ठीक हो जाएगा।
पलक – कुहू ने शरद को बोला है कि वो सामने आई तो मैं उसे मार डालूंगी।
पलक – इस बार कुहू तो पूरी तरह से तैयारी करके गई है?
पीयूष जीजू- कहा ? इंदौर
पलक – आयुषी ने आकर फिर से काम खराब कर दिया।
पलक – आयुषी ने वापस भाभी और कुहू और बापू के पिक्स जला दिए
धर्मेंद्र गुर्जर के अनुसार मामले में अब तक अभियोजन द्वारा 31 गवाह पेश हो चुके हैं। वहीं, मामले में 3 दिसंबर को तीनों आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा ।
गौरतलब है कि भय्यू महाराज ने 12 जून 2018 को अपने आवास पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इस सुसाइड़ कांड में पुलिस ने महाराज के 3 सेवादारों विनायक, पलक और शरद पर सुसाइड के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वहीं तीनों आरोपियों की पैरवी सीनियर एडवोकेट अविनाश सिरपुरकर, एडवोकेट धर्मेंद्र गुर्जर और एडवोकेट आशीष चौरे कर रहे हैं।

