Site icon अग्नि आलोक

पीथमपुर के होटल में मिले इंदौर के दंपती के शव , परिजन ने हत्या का शक जताया

Share

पीथमपुर

बाणगंगा कर्मा नगर में रहने वाले दंपती की पीथमपुर के एक होटल में शनिवार सुबह लाशें मिली हैं। दंपती ने शुक्रवार शाम को वहां कमरा लिया था। पलंग पर पति और बाथरूम में पत्नी पड़ी थी। वहां से जहरीले पाउडर के 10 पाउच खाली और एक भरा पाउच मिला है। मृतक के भाई व दोस्त ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि भाई के हाथ बंधे हुए थे, जिससे लगता है कि उसकी हत्या हुई है, लेकिन पुलिस नकार रही है।

पति का नाम संजय साहू (29) और पत्नी का नाम पूजा (25) था। संजय की इंदौर लोहा मंडी में दुकान है। दोनों महू-नीमच मार्ग पर सेक्टर नंबर एक के प्रीति नगर स्थित एक निजी होटल में रुके थे। आलीराजपुर से आए एफएसएल अधिकारी ने मौके का मुआयना किया।
ससुराल जाने का कहकर निकले थे, तीन साल का बेटा भी है

मृतक संजय के भाई अंकित व दोस्त विकास मीणा ने बताया कि संजय पत्नी के साथ इंदिरा नगर स्थित ससुराल जाने का कहकर शुक्रवार सुबह 9 बजे घर से निकला था। दोनों ससुराल में डेढ़ घंटा रुके और फिर वहां से रणजीत हनुमान जाने का कहकर निकले। इनका तीन साल का बेटा शिवम दादा-दादी के पास है।

संजय के हाथ बंधे थे, मामला हत्या का लग रहा

मृतक संजय के भाई अंकित व दोस्त विकास ने बताया कि पुलिस की सूचना पर हम ढाई बजे होटल पहुंचे तो मिले संजय के हाथ बंधे हुए थे। इससे साफ है कि संजय की हत्या हुई है। होटल के कमरे में हमने अनिल मालवीय नाम व उसका मोबाइल नंबर भी लिखा देखा है, जिसे कॉल करने पर उसने हत्या में चार लोगों के शामिल होने के बात कही है और मिलने पर पूरी जानकारी देने को कहा है। भाभी के एक पैर की बिछिया पैर में और एक बाथरूम में मिली है।

Exit mobile version