मुंबई
महाराष्ट्र के नए डिप्टी सीएम अजित पवार ने मंगलवार को अपने नए पार्टी दफ्तर का ऐलान किया था। यह ऑफिस मुंबई में मंत्रालय के सामने स्थित एक बंगला है। वे आज इसका इनॉगरेशन करने वाले थे।
ऐसे में जब उनके समर्थक दफ्तर को सजाने के लिए वहां पहुंचे तो उन्हें बंगला बंद मिला। समर्थकों ने आरोप लगाया कि PWD विभाग ने उन्हें दफ्तर की चाबी नहीं सौंपी। उन्होंने कुछ देर वहां इंतजार किया।

चाबी को लेकर कॉल भी लगाई। लेकिन अंत में जब चाबी नहीं मिली तो समर्थक वहां हंगामा करने लगे। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में एक समर्थक पत्थर से गेट का ताला तोड़ता हुआ नजर आ रहा है।
समर्थक गेट का ताला तोड़कर अंदर चले गए, लेकिन अंदर जाने के बाद भी उन्हें बंगले में एंट्री नहीं मिली। दरअसल, बंगले के अंदर उन्हें सभी कमरे के ताले बंद मिले। हालांकि बाद में अजित वहां पहुंचे और पार्टी दफ्तर का उद्घाटन किया।
यह बंगला डिप्टी CM अजित पवार को अलॉट किया गया है। यहीं पर उनका नया दफ्तर बनेगा। समर्थक पहुंचे तो उन्हें चाबी नहीं मिली।
शरद बोले- विचारधारा को धोखा देने वाले को मेरी तस्वीर इस्तेमाल करने का हक नहीं
इस बीच अजीत के ऑफिस में अपनी तस्वीर लगाए जाने के बाद NCP प्रमुख शरद पवार का बयान आया कि जिन लोगों ने मेरी विचारधारा को धोखा दिया, उन्हें मेरी तस्वीर का इस्तेमाल करने का कोई अधिकार नहीं है। वहीं, शाम को नासिक में पार्टी कार्यालय के बाहर शरद और अजीत गुट के समर्थक इकट्ठा हो गए।
दोनों ओर से पहले तो नारे लगे बाद में समर्थकों के बीच हाथापाई हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस ने मामला संभाल लिया है।
पार्टी ऑफिस के लिए अजित ने चुना उद्धव के वफादार अंबादास दानवे का बंगला
अजित ने पार्टी कार्यालय के लिए जो बंगला चुना था, वह पहले महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता और उद्धव ठाकरे के वफादार अंबादास दानवे का था। हालांकि, दानवे अब इस बंगले में नहीं रहते हैं, उन्हें नया बंगला एलॉट कर दिया गया है।
NCP (अजित गुट) के मुंबई विंग के वॉइस प्रेसिडेंट अप्पा सावंत ने इस घटनाक्रम को साजिश बताते हुए कहा कि दानवे के पर्सनल असिस्टेंट बीती रात बंगले में सोए थे। बंगले के अंदर इनॉग्रेशन को लेकर सभी व्यवस्था की गई थीं, लेकिन PA ताला लगाकर चला गया। हमने उसे बुलाया है। उसने कहा कि वह मंत्रालय जा रहा है और चाबियां हमें सौंप देगा।
अजित पवार ने कल NCP की मीटिंग बुलाई, कहा- सभी सांसद, विधायक और नेता पहुंचें
महाराष्ट्र में शिवसेना के बाद अब NCP भी दो गुटों में बंट गई है। पहला शरद पवार गुट और दूसरा अजित पवार ग्रुप। दोनों ने अपनी ताकत दिखाने के लिए कल यानी बुधवार को बैठक बुलाई है। 2 जुलाई को 8 विधायकों के साथ शपथ लेने के बाद अजित पवार और बाकी बागियों को शरद पवार ने NCP से निकाल दिया था