भोपाल
छिंदवाड़ा में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से कथा कराने पर कमलनाथ को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावी भक्त बताया है। CM ने कहा, ‘चुनाव आ रहे हैं। ये चुनावी भक्ति है। ऐसा करने के लिए वे मजबूर हैं।’
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को भोपाल में कहा, ‘कांग्रेस कनफ्यूज और कई चीजों के लिए मजबूर है। जो लोग भगवान राम का नाम लेने से इनकार करते थे, काल्पनिक मानते थे, वे अब कथाएं और हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं।’
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी भोपाल में मीडिया से चर्चा में कहा, ‘कांग्रेस हाईकमान को स्पष्टीकरण देना चाहिए।’
यह प्रतिक्रिया उन्होंने RJD के पूर्व सांसद शिवानंद तिवारी के बयान पर दी। पूर्व सांसद ने कथा कराने पर कांग्रेस हाईकमान से जवाब मांगा है। सोमवार को उन्होंने कहा था, ‘महागठबंधन बना हुआ है और हिंदू राष्ट्र बनाने वालों का हम सत्कार करें, स्वागत करें, महिमामंडित करें, फिर इसके बाद हम कहें कि देश संविधान से चलेगा तो यह अंतर्विरोध किसी को पच नहीं रहा है। कांग्रेस आलाकमान से इसलिए अनुरोध है कि इस मामले में सफाई दे और कमलनाथ को तलब करे।’
कांग्रेस के साथ RJD भी महागठबंधन I.N.D.I.A का हिस्सा है।
छिंदवाड़ा में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने 5 से 7 अगस्त तक कथा की। पहले दिन कमलनाथ ने शास्त्री की आरती की। कथा के मुख्य यजमान कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ रहे।
CM बोले- कमलनाथ के नेता होने पर ही सवाल
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘कमलनाथ नेता का दावा पुख्ता करने के लिए कथाओं के आयोजन में लग गए। उनके एक नेता ने ही कह दिया कि CM कौन बनना चाहिए। उनके नेता होने पर ही सवाल खड़े हो गए हैं। कमलनाथ सोच रहे हैं कि कहां जाऊं।’
वहीं, रविवार को धार जिले के बदनावर में एक कार्यक्रम में आदिवासी नेता और विधायक उमंग सिंघार ने आदिवासी सीएम की मांग उठाकर पार्टी को सकते में ला दिया। उन्होंने मंच से आदिवासी नेता कांतिलाल भूरिया का नाम लेकर कहा कि उन्हें बनाना ही था तो चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष की बजाय CM फेस बनाते।
बिहार के RJD नेता शिवानंद तिवारी (लेफ्ट) ने कांग्रेस आलाकमान से कमलनाथ से स्पष्टीकरण लेने की बात कही है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा (राइट) ने कहा कि बिल्कुल स्पष्टीकरण देना चाहिए।
चुनाव आते ही कमलनाथ मंदिर-मंदिर खेलने लगे
कांग्रेस की धार्मिक चौपाल पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ‘कमलनाथ बताएं, धार्मिक चौपाल में एक रुपए का मानदेय पुजारियों को दिया हो, एक कोई कदम ऐसा उठाया हो, जो मंदिरों के लिए हो। इन्होंने न तो धर्म, न मंदिर और न ही पुजारियों के लिए कोई कदम उठाया। विपक्ष में आते ही मंदिर – मंदिर खेलने लगते हैं।’
कमलनाथ के शिवराज की भाषा पर दिए बयान पर गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा बोले- भाषा का ज्ञान वे दे रहे, जो किसी को आइटम कहते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के उन्हें और भूपेंद्र सिंह को आतंकी बताने पर बोले, ‘हम तो उन्हें दिखेंगे ही, क्योंकि उन्हें नायक तो शांतिदूत दिखता है।’
उज्जैन में बनेगा महाकाल लोक थाना
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि उज्जैन में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा के मद्देनजर महाकाल लोक के नाम से अलग पुलिस थाना बनाया जाएगा। अलग से फोर्स भी तैनात किया जाएगा। उज्जैन में बड़ी संख्या में देश – विदेश से प्रतिदिन दर्शनार्थी आते हैं। उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखकर फैसला लिया गया है।
कमलनाथ बोले- धीरेंद्र शास्त्री ने सभी धर्म की बात की
RJD और BJP नेताओं के सवाल उठाने पर PCC चीफ कमलनाथ ने मंगलवार को भोपाल में कहा, ‘मैंने 15 साल पहले छिंदवाड़ा में हनुमान मंदिर बनाया था। अब इसका स्पष्टीकरण चाहते हैं।’
आगे कहा, ‘पं. धीरेंद्र शास्त्री को छिंदवाड़ा की जनता ने आमंत्रित किया। सितंबर में पं. प्रदीप मिश्रा ने तारीख दी है। उनका भी स्वागत है। पं. धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदू राष्ट्र की बात नहीं की। सभी धर्म की बात की। आखिरी दिन सर्वधर्म के लिए डेडिकेट किया।’
PCC चीफ ने कहा, ‘हिंदू राष्ट्र बनाने की क्या बात है, 82% तो हिंदू हैं ही। 82% जहां हिंदू हैं और हमें कहें कि यह हिंदू राष्ट्र है, यह कहने की क्या आवश्यकता है, यह तो आंकड़े बता रहे हैं।’
उमंग सिंघार के बयान पर बोले- जनता तय करेगी
कमलनाथ ने शिवराज सिंह को इतिहास का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताते हुए कहा, ‘शिवराज सिंह के पैरों से जमीन खिसक रही है।’
उमंग सिंघार के बयान पर कहा, ‘मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए, यह मध्यप्रदेश की जनता तय करेगी। किसी के कहने या न कहने से कोई फर्क नहीं पड़ता। जो कहने वाला है, वो भी क्या है, आप सब जानते हैं।’

