Site icon अग्नि आलोक

नए मरीजों की संख्या 2 लाख के करीब पहुंची, यह पहले पीक के दोगुना से ज्यादा; एक्टिव केस आज 15 लाख के पार होंगे

Share

नई दिल्ली

देश में कोरोना महामारी विकराल रूप ले चुकी है। बीते 24 घंटे में 1 लाख 99 हजार 376 नए मरीज मिले हैं। 93,418 ठीक हुए और 1,037 की मौत हो गई। नए केस का आंकड़ा पिछले साल 16 सितंबर को आए पहले पीक के दोगुना से ज्यादा हो गया है। तब एक दिन में सबसे ज्यादा 97,860 केस आए थे। इसके साथ ही एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 14 लाख 65 हजार 877 हो गई है। यह 15 लाख के पार हो सकती है, क्योंकि इसमें बीते दो दिन से एक लाख से ज्यादा की बढ़ोतरी हो रही है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

UP में रिकॉर्ड 20 हजार से ज्यादा मरीज मिले
उत्तर प्रदेश में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। प्रदेश में बुधवार को कोरोना के नए मरीजों के सभी रिकॉर्ड टूट गए। यहां पहली बार 24 घंटे में 20 हजार से ज्यादा नए केस मिले हैं। यह संख्या 20,512 है। यूपी में 7 अप्रैल को 6,002 केस मिले थे। 8 मार्च को यह संख्या महज 101 थी। इसके बाद इसके अचानक तेजी से बढ़ोतरी हुई। अभी महाराष्ट्र इकलौता राज्य था, जहां 20 हजार से ज्यादा मरीज रोज मिल रहे थे।

राज्य में बुधवार को 4,517 मरीज रिकवर हुए। इस दौरान 67 मौतें भी हुई हैं। प्रदेश में कुल केस साढ़े सात लाख करीब पहुंच गए हैं। 9,376 लोग इस महामारी से जान गंवा चुके हैं। राज्य में 1.11 लाख एक्टिव केस हैं। यहां 83 लाख से ज्यादा लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं। दिल्ली में भी एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा 17,282 केस सामने आए हैं। यहां 104 मरीजों ने दम तोड़ दिया।

उत्तर प्रदेश में बेड, वेंटिलेटर की भी कमी
UP के अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर का संकट सामने आने लगा है। पूरे राज्य में रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुजरात के अहमदाबाद से रेमडेसिविर इंजेक्शन के 25 हजार डोज मंगवाने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से इंजेक्शन की सप्लाई कराने का आदेश दिया है। इस बीच, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों ने होम आइसोलेशन में इलाज शुरू कर दिया है।

कोरोना अपडेट्स

फोटो गुजरात के अहमदाबाद शहर की है। यहां अस्पतालों में बेड की कमी के चलते कोरोना मरीजों का इलाज एंबुलेंस में ही शुरू हो गया है।

प्रमुख राज्यों के हाल…

1. महाराष्ट्र
यहां बुधवार को 58,952 नए मरीज मिले। 39,624 मरीज ठीक हुए और 278 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 35.78 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 29.05 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 58,804 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 6.12 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश
यहां बुधवार 20,439 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 4,517 लोग रिकवर हुए और 67 की मौत हो गई। अब तक यहां 7.44 लाख लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 6.22 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,376 मरीजों की मौत हो गई। 1.12 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
राज्य में बुधवार को 17,282 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 9,952 लोग रिकवर हुए और 104 की मौत हो गई। अब तक यहां 7.67 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 7.05 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 11,540 मरीजों की जान चली गई। 50,736 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

4. छत्तीसगढ़
राज्य में बुधवार को 14,250 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इस दौरान 4,633 लोग ठीक हुए और 120 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 4.86 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। 1.18 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

5. मध्यप्रदेश
राज्य में बुधवार को 9,720 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 3,657 लोग रिकवर हुए और 51 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.63 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.09 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4,312 मरीजों की जान चली गई। 49,551 मरीजों का इलाज चल रहा है।

6. गुजरात
राज्य में बुधवार को 7,410 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 2,642 लोग रिकवर हुए और 73 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.67 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.23 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,995 मरीजों की मौत हो गई। 39,250 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

Exit mobile version