Site icon अग्नि आलोक

जोधपुर विवाद:चौराहे पर धर्म विशेष का झंडा लगा मूर्ति को ढंका, टोकने पर युवकों को पीटा

Share

जोधपुर

जोधपुर में सोमवार देर रात शुरू हुआ विवाद सुबह भीतरी शहर की तंग गलियों तक पहुंच गया। भीतरी शहर के 14 से ज्यादा मोहल्लों में जमकर पत्थरबाजी हुई। हालात यह हो गए कि शहर में आखा तीज और ईद जैसे त्याेहार पर पुलिस को कर्फ्यू लगाना पड़ा।

इस पूरे उपद्रव का वीडियो सामने आया है। ये वो वीडियो है, जिसकी वजह से पूरे शहर में हिंसा भड़की। खुद सूरसागर विधायक सूर्यकांंता व्यास ने इस बात का दावा किया है कि जालोरी गेट चौराहे से ही एक मामूली बात को लेकर हिंसा फैलाई गई थी। भास्कर ने वीडियो और विधायक के दावोंं की पड़ताल की तो इस पूरी हिंसा का सच सामने आया।

जोधपुर में दो दिन पहले परशुराम जयंती समारोह पर जालोरी गेट चौराहे पर भगवा झंडा लगाया गया था। इसके बाद इसे उतार दिया गया। जालोरी गेट चौराहे पर ही स्वतंत्रता सेनानी बालमुकुंद बिस्सा की प्रतिमा लगी है। मंगलवार को ईद के मौके पर धर्म विशेष की ओर से देर रात झंडा लगाया जा रहा था।

आरोप था कि झंडा लगाने के साथ ही उन्होंने बालमुकुंद बिस्सा की प्रतिमा को ढंक दिया था। इसी दौरान वहां मौजूद युवक पहुंचे और उन्हें टोका। साथ ही, वे वीडियो बनाने लगे। इस पर दूसरे समुदाय के लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही भीतरी शहर से कुछ लोग आए और हमला कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया। इसमें कुछ युवक प्रतिमा के पास खड़े होकर समुदाय विशेष का झंडा लगा रहे हैं।

जालोरी गेट चौराहे पर इसी जगह झंडा लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद यहां तिरंगा लगा दिया गया। यह प्रतिमा स्वतंत्रता सेनानी बालमुकुंद व्यास की है, जो स्वतंत्रता सेनानी थे।

विधायक बोलीं- प्रतिमा को ढंकने पर विवाद हुआ
हिंसा के कारण प्रतिमा पर झंडा लगाना ही था। यह बात खुद सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास कह रही हैं। उपद्रवियों ने उनके घर के बाहर रखी दो बाइक को आग लगा दी। वे बोलीं- मैंने आज दिन तक जोधपुर का ऐसा माहौल नहीं देखा। मुझे यह बात समझ नहीं आई कि बिस्सा जी की मूर्ति को झंडे से ढकने और मुंह पर काला कपड़ा बांधने की क्या जरूरत थी। ये शुरुआत यहीं से हुई थी। इसकी कोई जरूरत नहीं थी। सीएम के गृह जिले में ऐसा होना चिंता का विषय है। नमाज के बाद फिर से माहौल बिगाड़ा गया।

‘अपणायत’ का शहर जोधपुर, दंगे के बाद ट्विटर पर ट्रेंड
जोधपुर ‘अपणायत’ का शहर है। त्योहार से लेकर बड़े आयोजन में हमेशा जोधपुर की चर्चा रहती है। इस बार जोधपुर दंगों की वजह से ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा है। मंगलवार सुबह से ट्विटर पर हैश टैग जोधपुर ट्रेंड कर रहा हैै। हैश टैग धार्मिक दंगे बंद करो भी ट्रेंड कर रहे हैं।

राजस्थान के जोधपुर में ईद के मौके पर जमकर बवाल हुआ। जोधपुर के जालोरी गेट इलाके में सोमवार रात हुई हिंसा के बाद मंगलवार को भी पत्थरबाजी और आगजनी की घटनाएं हुईं। उपद्रव के बाद प्रशासन ने जोधपुर के 10 इलाकों में बुधवार तक के लिए कर्फ्यू लगा दिया है।

वहीं, सोमवार रात से ही इंटरनेट पर रोक लगा दी गई है। नीचे दिए फोटोज में देखिए धारा 144 लागू होने के बावजूद जुटी भीड़, उपद्रव, लाठीचार्ज और आगजनी…

झंडे और लाउडस्पीकर लगाने को लेकर जोधपुर के जालोरी गेट इलाके में सोमवार को पत्थरबाजी हुई थी। विवाद के बाद मंगलवार सुबह जालोरी गेट पर इकट्ठा भीड़।

इलाके में जमा भीड़ को पुलिस ने समझाने की कोशिश की। भीड़ लगातार नारेबाजी कर रही थी। सोमवार रात ही दो समुदायों के बीच 2 बार हिंसा और आगजनी की घटनाएं हुईं।

काफी समझाने के बावजूद भीड़ ने लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस और भीड़ के बीच खींचतान और हाथापाई हुई।

मामला बढ़ता देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके बाद भीड़ भाग खड़ी हुई। घटना के बाद CM अशोक गहलोत ने हाई लेवल मीटिंग की और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

लाठीचार्ज के बाद रोड पर बिखरे जूते- चप्पलें। उपद्रवियों ने 20 से ज्यादा गाड़ियों के कांच तोड़ दिए और कई ATM में भी तोड़फोड़ की।

उपद्रवियों को रोकने के लिए तैनात पुलिस अधिकारी और जवान भी घायल हुए हैं। उपद्रवियों के हमले में घायल एक पुलिसकर्मी। सोमवार रात भी 4 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

उपद्रवियों ने शहर में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। पथराव में कई मीडियाकर्मी भी घायल हुए हैं।

उपद्रवियों ने कई वाहनों में भी आग लगाई। एक बाइक में लगी आग को बुझाने का प्रयास करता पुलिसकर्मी और स्थानीय नागरिक।

उपद्रव के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। उपद्रवियों ने जालोरी गेट के नजदीक सूरसागर से भाजपा विधायक सूर्यकांता व्यास के घर के बाहर भी हंगामा किया। यहां एक बाइक भी फूंक दी गई।

एक उपद्रवी को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस। इस मामले में अब तक 3 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर चुकी है। CM गहलोत लगातार हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर- बितर करने का प्रयास करती पुलिस। संवेदनशील इलाकों पर पुलिस फोर्स की तैनाती बढ़ा दी गई है।

Exit mobile version