Site icon अग्नि आलोक

थाना घेरने पर 500 लोगों पर FIR:अजनार नदी में प्रदूषण को लेकर हुआ था बड़ा प्रदर्शन

Share

इंदौर

मानपुर क्षेत्र की कालिकिराय पंचायत में अजनार नदी में हुए प्रदूषण के मामले में रविवार को बड़ा प्रदर्शन हुआ। पुलिस ने थाने पर जमा हुए 500 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भीड़ को कोरोना का हवाला देते हुए समझाया भी था, लेकिन लोग नहीं माने। प्रदर्शनकारियाें ने पहले मली गांव में अजनार नदी के किनारे और बाद में मानपुर थाने पर जाकर प्रदर्शन किया। इसके बाद जयस अधिवासी संगठन के कार्यकर्ताओं ने मानपुर हाईवे पर आकर प्रदर्शन किया था।

मानपुर इलाके में एक जमीन पर हानिकारक केमिकल डालने के मामले में पूर्व में प्रकरण दर्ज हुआ है। इसी मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए जयस कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया। पुलिस का कहना है कि उक्त प्रकरण में विधिवत कार्रवाई चल रही है। बावजूद इसके थाने का घेराव किया गया था ।

TI पर आरोपियों को बचाने का आरोप

प्रदर्शन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन और पुलिस दोनों ही अब असली दोषियों को बचाने का काम कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा एसपी जैन से मानपुर थाने के प्रभारी हितेंद्र सिंह राठौर के खिलाफ भी शिकायत की गई। स्थानीय आदिवासियों ने एसपी से कहा कि टीआई ने इस मामले के असली दोषियों को बचाने के लिए पूरी रूपरेखा बनाई है, क्योंकि वे इस इलाके के समृद्ध उद्यमी हैं। एसपी इस शिकायत पर गंभीर नजर आए और उन्होंने सार्वजनिक तौर पर टीआई को हटाने की बात कही। इसके अलावा अगले कुछ दिनों में मामले के असली दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

यह था मामला

इलाके की अजनार नदी में केमिकल डाल दिया था, जिसके कारण जानवरों की मौत हो गई थी और नदी प्रदूषित हो गई थी। मुंबई से आई रिपोर्ट में ये बताया गया कि यहां का पानी पीने योग्य नहीं है। इसके बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नदी में जहरीले पानी को लेकर रविवार को जयस संगठन के महेंद्र सिंह कन्नौज के साथ सैकड़ों लोगों ने मानपुर थाने का घेराव कर दिया। तीन किलोमीटर तक उन्होंने पैदल मार्च निकाला और इसके बाद थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन में मेधा पाटकर भी थीं। पुलिस ने इस मामले को लेकर प्रदर्शनकारियों पर केस दर्ज कर लिया। उन पर आरोप है कि बिना मास्क के वो आए थे और अनुमति भी नहीं दी। समझाने के बाद भी प्रदर्शन करते रहे थे। इस कारण 500 लोगों पर प्रकरण दर्ज किया गया है।

Exit mobile version