इंदौर
इंदौर में चाय की दीवानगी इस कदर है की इंदौर में मौजूद लगभग 8 हजार दुकानों पर चाय का मौसम आते ही आम दिनों के मुकाबले 1 लाख 35 हजार कट से ज्यादा चाय की बिक्री बढ़ जाती है। व्यापारियों की माने तो इंदौर में आम दिनों में लगभग 7 लाख कट चाय की बिक्री होती है। चाय पत्ती व्यापारी महेंद्र नीमा का कहना है कि इंदौर में रोजाना चाय की दुकानों पर सप्लाई होने वाली चाय पत्ती 15 से 16 हजार किलो तक बिक जाती है। बारिश के कारण पिछले दो दिनों से 18 से 19 हजार किलो तक की चाय पत्ती बिक रही है। बारिश के मौसम में आम तौर पर इतनी ही चाय पत्ती रोजाना बिक जाती है।
इंदौर के फेमस चाय कॉर्नर…
इंतजार चाय, रोजाना 3 हजार कट की बिक्री
रेलवे स्टेशन के ठीक बाहर निकलने पर शर्मा चाय है। दुकान संचालक विजय शर्मा बताते है कि 50 साल पहले पिताजी ने इस दुकान की शुरूआत की थी। ट्रेन के इंतजार में लोग यहां पर चाय पीने के लिए आते थे। शर्मा बताते हैं कि आम दिनों 3 हजार कप चाय की बिक्री होती है, लेकिन बरसात और ठंड का मौसम शुरू होते ही रोजाना 4 हजार कप चाय बिक जाती है।
काली मिर्च, अदरक, कच्ची हल्दी और सोंठ की चाय
कपड़ा मार्केट के नलिया बाखल में स्थित यह कपड़ा व्यापारियों के साथ-साथ उनके यहां आने वाले ग्राहकों की पसंदीदा दुकान है। कृष्णा नीमा ने 1972 में इस दुकान की शुरूआत की थी। यहां पर काली मिर्च, अदरक और सोंठ के अलावा कच्ची हल्दी से बनी चाय का मजा ले सकते हैं। इस दुकान पर चाय पीने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं।
सराफा की मलाई मार चाय
सराफा थाने के ठीक सामने गणेश तिवारी ने 50 साल पहले इस चाय की दुकान की शुरूआत की थी। यहां रोजाना 4 हजार कप से ज्यादा चाय की बिक्री होती है। यहां मिलने वाली चाय की ख़ासियत यह है कि दूध को रबड़ी की तरह ओटा कर केसर-इलायची डालकर तैयार किया जाता है। 50 साल पहले यहां पर 5 पैसे की नॉर्मल और 15 पैसे में स्पेशल चाय मिलती थी।
1966 से आज तक पिला रहे चॉकलेट चाय
इंदौर के सुभाष चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास स्थित राजानी चाय सदन से सबसे पहले चॉकलेट चाय का चलन शुरू हुआ था। ब्रजमोहन लाड़ ने दोस्तों के कहने पर चॉकलेट चाय की शुरूआत की थी। यहां पर चॉकलेट एसेंस नहीं चॉकलेट फ्लेवर डालकर चॉकलेट चाय तैयार की जाती है। चॉकलेट चाय सुबह 3 घंटे और शाम को 3 घंटे ही मिलती है।
चालू और स्पेशल टिमटिम चाय
22 जुलाई 1947 को इस दुकान की शुरूआत हुई थी। अब चौथी पीढ़ी इस दुकान को संभाल रही है। यहां पर प्रदेश का छोटे से लेकर बड़े नेता और व्यापारी चाय की चुस्की ले चुके हैं। यहां पर मिलने वाली चाय का नाम टिमटिम चाय है। जिसे सूरत में मिलने वाली टिमटिम साड़ी से नाम मिला है। दुकान के संचालक बताते हैं कि रोजाना 3 हजार कप चाय की बिक्री होती है।
यहां की चाय भी किसी से कम नहीं…
– भमोरी पर 40 साल पुरानी चाय की दुकान है। दुकान पर रात 12 बजे तक चाय पीने वालों की भीड़ लगी रहती है।
– कोठारी मार्केट में आतू सेठ की चाय वकीलों में सबसे ज्यादा फैमस है। यहां पर दिनभर वकीलों के साथ ही कोठारी मार्केट, रानीपूरा, महारानी रोड और जेल रोड के व्यापारियों की भीड़ चाय पीने के लिए लगी रहती है।
– गोराकुंड चौराहे पर माता मंदिर के सामने फैमस विशाल टी चाय है। यहां पर खजूरी बाजार, सितलामाता बाजार सहित आस पास के व्यापारी और उनके ग्राहक चाय पीने आते हैं। यहां पर 5 रुपए से लेकर 40 रुपए तक की चाय मिलती है।
– विजय नगर पर मेघदुत गार्डन के सामने शिवा चाय है। जहां पर डांसिंग चाय मिलती है। दरअसल चाय बनाने वाले यहां पर नाचते-नाचते केसरिया चाय बनाते है।
– बंबई बाजार में ईरानी चाय भी इंदौर की फैमस चाय है। यहां पर खास नमक की चाय मिलती है।
– विजय नगर में मंगल सिटी के पास सोलर चाय भी मिलती है। यहां पर सोलर से चाय बनती है।

