23 और 24 दिसंबर 2023 को इलाहाबाद में संवाद एवं परिचर्चा का आयोजन
रीवा । नागरिक आजादी और देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए जनसाधारण को आगे आना होगा। स्थानीय कोठी कंपाउंड में संपन्न हुई विभिन्न जन संगठनों की बैठक में इस बात को लेकर गंभीर चिंतन मनन किया गया। समता संपर्क अभियान के राष्ट्रीय संयोजक अजय खरे ने बताया कि इस बात को लेकर आगामी 23 और 24 दिसंबर 2023 को इलाहाबाद के आलोपीबाग स्थित पटेल संस्थान में लोहिया विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में संविधान और लोकतांत्रिक ढांचे पर मड़राते खतरे पर संवाद एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में विंध्य क्षेत्र के सक्रिय समूहों की भी भागीदारी होगी।
संपन्न बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि देश में पांच राज्यों मिजोरम, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के अभी हाल के विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर पूरे देश के परिवर्तनशील ताकतों की उम्मीद भरी नजर है। इसके साथ ही आगामी छह महीना के भीतर होने वाले लोकसभा चुनाव परिणाम भी लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सन 2018 में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भाजपा की सरकारों को जनता ने बदला था लेकिन करीब छः माह बाद संपन्न हुए लोकसभा के चुनाव परिणाम एकदम विपरीत रहे। देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए देश की राजनीति में व्यापक बदलाव की जरूरत है।
बैठक में प्रमुख रूप से समता संपर्क अभियान के राष्ट्रीय संयोजक लोकतंत्र सेनानी अजय खरे , लोकतंत्र सेनानी बृहस्पति सिंह , रामेश्वर सोनी , माहेश्वरी त्रिपाठी, नारी चेतना मंच की वरिष्ठ नेत्री मीरा पटेल ,समाजसेवी अभय वर्मा, अरविंद त्रिपाठी, नरेंद्र प्रताप सिंह, अनिल सिन्हा, श्रवण प्रसाद नामदेव , दिलीप सिंह बघेल एडवोकेट, नेहा त्रिपाठी आदि ने भाग लिया।
