प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात दौरे पर रहेंगे, जहां वे सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। राष्ट्रीय एकता दिवस के इस मौके पर देशभर में ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम (IND W) ने ऑस्ट्रेलिया (AUS W) को हराकर गत चैंपियन का विजय रथ रोक दिया है। इस जीत के साथ टीम इंडिया अब खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है और अगला मुकाबला रविवार को दक्षिण अफ्रीका से खेलेगी।
मौसम की बात करें तो मोंथा के असर से कई राज्यों में भारी बारिश और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश और बिहार में झमाझम बारिश हुई, जबकि मध्य प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है। वहीं, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है और जान-माल का नुकसान भी हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण से निपटने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। ‘पॉल्यूशन सॉल्यूशन’ प्लान के तहत अब बाहरी राज्यों के पुराने और गैर-बीएस-6 ट्रक व मालवाहक वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह नियम कल से लागू होगा। इधर रक्षा मोर्चे से खबर है कि भारत ने ‘त्रिशूल’ नामक अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त सैन्य अभ्यास पाकिस्तान सीमा के पास शुरू कर दिया है। इसमें तीनों सेनाएं (थल, जल और वायु) भाग ले रही हैं। इस अभ्यास में राफेल, ब्रह्मोस, ड्रोन और मल्टी-डोमेन क्षमताओं का परीक्षण किया जाएगा, जो 10 नवंबर तक चलेगा। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें
प्रधानमंत्री स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जाकर करेंगे नमन
पीएम मोदी सरदार पटेल की 150वीं जयंती के भव्य समारोह का नेतृत्व करेंगे
भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज पूरा कृतज्ञ राष्ट्र नमन कर रहा है। आज के दिन यानी 31 अक्तूबर को पूरा देश राष्ट्रीय एकता दिवस मना रहा है। गुजरात के एकता नगर में गणतंत्र दिवस परेड की तर्ज पर भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परेड की सलामी लेंगे। कृतज्ञ राष्ट्र की तरफ से पीएम मोदी लौह पुरुष को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद प्रधानमंत्री एकता दिवस की शपथ भी दिलाएंगे।
भारत ने रोका गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का विजय रथ, खिताब से एक कदम दूर
भारतीय महिला टीम ने गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में हराकर उसका विजय रथ रोक दिया है। भारत ने जेमिमा रॉड्रिग्ज और हरमनप्रीत कौर की शानदार साझेदारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत ने जैसे ही जीत का चौका लगाया मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली जेमिमा रॉड्रिग्ज भावुक हो गईं और अपने आंसू नहीं रोक सकीं।
मोंथा का असर: यूपी-बिहार में बारिश, एमपी में तापमान गिरा
चक्रवाती तूफान मोंथा
चक्रवात मोंथा लगातार कमजोर हो रहा है, लेकिन इसका असर कई राज्यों में देखा जा रहा है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में चक्रवात से काफी नुकसान हुआ है। आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत हो गई, 42 मवेशी मारे गए और करीब 1.5 लाख एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं। तेलंगाना के कई हिस्सों में तेज बारिश जारी है। चक्रवात मोंथा का असर उत्तर भारत के राज्यों पर दिखा।
चक्रवात मोंथा लगातार कमजोर हो रहा है, लेकिन इसका असर कई राज्यों में देखा जा रहा है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में चक्रवात से काफी नुकसान हुआ है। आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत हो गई, 42 मवेशी मारे गए और करीब 1.5 लाख एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं। तेलंगाना के कई हिस्सों में तेज बारिश जारी है। सूर्यापेट में पेड़ गिरने से बाइक सवार की मौत हो गई। खम्मम जिले में एक ट्रक ड्राइवर के बह जाने की भी खबर है। चक्रवात मोंथा का असर उत्तर भारत के राज्यों पर दिखा।
मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बारिश जारी है। बृहस्पतिवार को यूपी के अयोध्या, लखनऊ-कानपुर समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हुई। काशी में बारिश से जलभराव हो गया। मध्य प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं, भोपाल, इंदौर-उज्जैन में तेज हवा चली। राजस्थान के जयपुर, अलवर, करौली सहित कई जिलों में बृहस्पतिवार सुबह तेज बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। उधर, नेपाल में चक्रवात ‘मोन्था’ के असर से लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है।
नेपाली मौसम विभाग ने 26 जिलों में बाढ़ और भूस्खलन का अलर्ट जारी किया है। कोशी, मधेश और बागमती प्रांतों की नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे के इलाकों से दूर रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि अरब सागर के पूर्व-मध्य भाग में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। पूर्व-मध्य अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र बीते छह घंटों में पश्चिम की ओर 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ा है और अगले 36 घंटे तक इस ओर ही बढ़ेगा।
आंध्र प्रदेश : बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए 11,000 कर्मचारी तैनात
आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव के विजयानंद ने बताया कि चक्रवात मोंथा के दौरान राज्य में बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए 11,000 से ज्यादा बिजली विभाग के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार तक 100% बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। चक्रवात के समय 9 सबस्टेशन (220 केवी), 4 (400 केवी) और 11 (132 केवी) सबस्टेशनों में दिक्कतें आई थीं, जिन्हें तुरंत ठीक किया गया। भारी बारिश के बावजूद बिजली कर्मचारी लगातार काम करते रहे ताकि लोगों को बिजली की परेशानी न हो। दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि बापतला जिले के एक स्थानीय चर्च में फंसे 15 लोगों को चक्रवात मोंथा के दौरान सुरक्षित बचा लिया गया। मुख्यमंत्री नायडू ने बचावकर्मियों की सराहना की और बचाव अभियान से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में लोग कमर तक पानी में फंसे दिखे, जिन्हें रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
चक्रवात ‘मोंथा’ से आंध्र प्रदेश को 5,265 करोड़ का नुकसान
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ से राज्य को करीब 5,265 करोड़ का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि यह प्रारंभिक अनुमान है, और विस्तृत रिपोर्ट जल्द केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री नायडू ने विभिन्न विभागों और क्षेत्रों में हुए नुकसान का ब्यौरा दिया।
उन्होंने बताया कि सड़क एवं भवन विभाग को सबसे अधिक 2,079 करोड़ का, कृषि क्षेत्र को 829 करोड़, बागवानी को 40 करोड़, रेशम उत्पादन को 65 लाख, मत्स्य पालन क्षेत्र को 1,270 करोड़, नगर प्रशासन विभाग को 109 करोड़, जल संसाधन विभाग को 207 करोड़, ग्रामीण जल आपूर्ति को 1.2 करोड़, पंचायत राज विभाग को 9 करोड़ और महिला एवं बाल कल्याण विभाग को 1.52 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। नायडू ने बताया कि भारी बारिश और तेज हवाओं से कई सड़कें टूट गईं, और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। उन्होंने कहा कि नुकसान का अंतिम आंकड़ा अन्य प्रभावित इलाकों का मूल्यांकन करने के बाद अपडेट किया जाएगा।
नेल्लोर, बापटल और प्रकाशम सबसे प्रभावित जिले
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मोंथा’ से सबसे अधिक प्रभावित जिले नेल्लोर, बापटल और प्रकाशम रहे, जबकि अनुमानित जगह काकीनाडा में लैंडफॉल नहीं हुआ। मौसम प्रणाली ने अंततः कोनसीमा जिले के अंतरवेदी गांव के पास तट को पार किया। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य के प्रमुख जलाशय अब अपनी क्षमता के लगभग 90 प्रतिशत तक भर चुके हैं, जिनमें करीब 98.5 टीएमसी (हजार मिलियन घन) पानी संग्रहित है।
तेलंगाना : वारंगल और हनमकोंडा में 2,000 लोग राहत शिविरों में शिफ्ट
तेलंगाना में मोंथा के प्रभाव से हुई भारी बारिश के बाद वारंगल और हनमकोंडा जिलों में करीब 2,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार की रात से जारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और वारंगल-हनमकोंडा-काजपेट त्रिशहर क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हुआ। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वारंगल के बाढ़ग्रस्त इलाकों में राहत कार्यों को तेज किया जाए। उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को आपदा राहत बल (एसडीआरएफ) की टीमों और आवश्यक नौकाओं को तुरंत भेजने के आदेश दिए।
राजस्थान : बीसलपुर बांध का दूसरा गेट खोला गया
राजस्थान के जयपुर, अलवर, करौली सहित कई जिलों में बृहस्पतिवार सुबह तेज बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। ग्रामीण इलाकों में धुंध भी छाई है। बीसलपुर बांध का बृहस्पतिवार सुबह 6 बजे दूसरा गेट भी दो मीटर खोल दिया गया। अब दोनों गेट को दो-दो मीटर खोलकर प्रति सेकेंड बांध से बनास नदी में 24040 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है। प्रदेश के 13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार : 25 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
बिहार में चक्रवाती तूफान मोंथा का असर देखने को मिल रहा है। पटना, औरंगाबाद, बक्सर और भागलपुर में सुबह-सुबह बारिश हुई। पटना समेत कई जिलों में बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान ने 25 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। आकाशीय बिजली का भी अलर्ट है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने के कारण दिन का तापमान घटकर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
यूपी : पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में बारिश का अलर्ट
यूपी के पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि तूफान का असर 3 दिन यानी 1 नवंबर तक रहेगा। शुक्रवार को पूर्वांचल में भारी बारिश हो सकती है। 31 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। वहीं, काशी, गोरखपुर और बाराबंकी में बेमौसम बारिश से खेतों में पड़ी धान और आलू की फसल पर खराब होने का खतरा मंडराने लगा है। तेज हवा की वजह से कटने को तैयार फसलें गिर गई हैं।
त्रिशूल युद्धाभ्यास: पाकिस्तान सीमा पर तीनों सेनाओं का सबसे बड़ा संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू
पाकिस्तान से सटी देश की पश्चिमी सीमा पर तीनों सेनाओं के संयुक्त युद्धाभ्यास त्रिशूल का आगाज हो गया। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला मौका है जब भारत किसी सामरिक चुनौती से निपटने के लिए युद्ध के सभी संभावित क्षेत्रों में अपने युद्धकौशल का परीक्षण कर रहा है। राजस्थान और गुजरात के सीमाई इलाकों में इस अभ्यास को एक चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है कि यदि पाकिस्तान ने इस बार हिमाकत की तो जवाब सीमा पार तक जाएगा। भारत यह रणनीतिक संदेश देना चाहता है कि वह सीमाओं की सुरक्षा पर किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार है। 10 नवंबर तक चलने वाले इस अभ्यास में तीनों सेनाओं के 25 हजार से ज्यादा जवान शामिल होंगे।
राजस्थान और गुजरात के सीमाई इलाकों में इस अभ्यास को एक चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है कि यदि पाकिस्तान ने इस बार हिमाकत की तो जवाब सीमा पार तक जाएगा। भारत यह रणनीतिक संदेश देना चाहता है कि वह सीमाओं की सुरक्षा पर किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार है। 10 नवंबर तक चलने वाले इस अभ्यास में तीनों सेनाओं के 25 हजार से ज्यादा जवान शामिल होंगे।
अभ्यास में राफेल और सुखोई जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान, ऑपरेशन सिंदूर में लोहा मनवा चुके ब्रह्मोस और आकाश मिसाइल सिस्टम, युद्धक टैंक, इन्फैंट्री कॉम्बैट वाहन, हेलिकॉप्टर, लंबी दूरी की क्षमता वाले आर्टिलरी सिस्टम्स, ड्रोन्स और नौसेना के युद्धपोत हिस्सा ले रहे हैं। सेना के तीनों अंग गुजरात व राजस्थान की सीमा से सटे इलाकों में संयुक्त ऑपरेशन, शत्रु सीमा में गहराई तक वार करने की क्षमता और मल्टी डोमेन वॉरफेयर का अभ्यास करेंगे।
कच्छ पर फोकस, राजनाथ दे चुके हैं चेतावनी
त्रिशूल युद्धाभ्यास का फोकस गुजरात के कच्छ क्षेत्र पर भी रहेगा जिसे लेकर हाल में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को खुली चेतावनी दी थी। राजनाथ ने कहा था कि यदि पाकिस्तान ने सर क्रीक में दुस्साहस किया तो उसको इतिहास और भूगोल बदलने वाला जवाब मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा था कि कराची का रास्ता भी क्रीक से होकर जाता है।
हर क्षमता का बारीकी से परीक्षण
अभ्यास के जरिये वास्तविक युद्ध के मल्टी डोमेन ऑपरेशनल वातावरण में सेना की युद्ध क्षमता, समन्वय व अभियानगत तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। इनसे आधुनिक युद्धक्षेत्र में उभरते खतरों का सामना करने की क्षमता मजबूत होगी। त्रिशूल अभ्यास का एक उद्देश्य दुश्मन की हर गतिविधि की समयबद्ध पहचान करना भी है। इसके लिए उन्नत तकनीकों का समन्वित उपयोग किया जाएगा
अब रूस के बजाय सरकारी कंपनियां अमेरिका और अबूधाबी से खरीद रही हैं कच्चा तेल
देश की सरकारी रिफाइनरी कंपनियां अब रूस के बजाय अमेरिका और अबुधाबी से कच्चा तेल खरीदने पर जो दे रही हैं। इंडियन ऑयल अमेरिका से और तेल की मांग कर रही है। मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स (एमआरपीएल) ने भी अबू धाबी से कच्चा तेल खरीदा है।उद्योग सूत्रों के अनुसार, पिछले हफ्ते अमेरिका ने रूस के दो शीर्ष उत्पादकों पर प्रतिबंध दिया था। इससे कई घरेलू कंपनियों ने रूसी तेल के लिए नए ऑर्डर रोक दिए हैं।
अमेरिकी और अबूधाबी तेल की ओर बढ़ा झुकाव
सूत्रों ने बताया, घरेलू सरकारी कंपनियां अब रूस के बजाय और कुछ विकल्प के लिए हाजिर बाजार का रूख कर रही हैं। एमआरपीएल ने दिसंबर में रूसी आपूर्ति की भरपाई के लिए एक निविदा के जरिये ग्लेनकोर से 20 लाख बैरल अबू धाबी मुरबन क्रूड खरीदा है। रिफाइनर हर महीने हाजिर बाजारों का इस्तेमाल करेगी और अपने स्थायी आपूर्तिकर्ताओं से अतिरिक्त आपूर्ति की मांग करेगी। प्रतिबंधों के जोखिम से बचने के लिए रूस से तेल आयात करने से कंपनियां परहेज कर रही हैं।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन-मित्तल एनर्जी ने कहा, उसने भी रूसी तेल खरीदना बंद कर दिया है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने 2026 की पहली तिमाही के लिए अमेरिका से 2.4 करोड़ बैरल तेल के लिए प्रारंभिक बोलियां आमंत्रित की हैं। इस निविदा में कम सल्फर और उच्च सल्फर दोनों प्रकार के कच्चे तेल के कार्गो की मांग की गई है। इंडियन ऑयल बाजार का आकलन करने और अमेरिका से तेल खरीदने की स्थिति में विक्रेताओं का चयन करने पर विचार कर रही है। निविदा शुक्रवार को बंद हो जाएगी।
पश्चिम अफ्रीकी तेल की भी खरीद
इंडियन ऑयल ने बुधवार को एक निविदा के जरिये एक्सॉन मोबिल से 20 लाख बैरल पश्चिम अफ्रीकी कच्चा तेल खरीदा। यह खरीद दिसंबर डिलीवरी के लिए अंगोला से मोंडो और नाइजीरिया से उटापेट के लिए थी। इस निविदा में और भी प्रस्ताव मिले थे, लेकिन ऊंची कीमतों के कारण उन्हें केवल 20 लाख बैरल ही मिले। व्यापारी रिलायंस इंडस्ट्रीज की आगे की मांग पर भी नजर रख रहे हैं, जो भारत का सबसे बड़ा रूसी तेल खरीदार रही है।
20 नवंबर को शादी के बंधन में बंधेंगे स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल
स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर, सिंगर व निर्देशक पलाश मुच्छल इन दिनों अपनी शादी की खबरों को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। कई दिनों से ये खबरें आ रही हैं कि दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं। अब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों की शादी की तारीख भी सामने आ गई है।
20 नवंबर को हो सकती है शादी
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो स्मृति और पलाश नवंबर के महीने में ही शादी के बंधन में बंध जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की शादी का जश्न 20 नवंबर से ही शुरू हो जाएगा। ऐसे में शादी की तरीख 20 नवंबर या उसके आस-पास हो सकती है। हालांकि, अभी तक दोनों या उनके परिवारों की ओर से इस बारे में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
वर्ल्डकप का हिस्सा हैं स्मृति
स्मृति मंधाना इन दिनों आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्डकप में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। स्मृति वर्ल्डकप में अच्छी फॉर्म में हैं और उनके बल्ले से लगातार रन भी निकल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पलाश अपने अलग-अलग फिल्मी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। दोनों अपने रिलेशन को ओपेन कर चुके हैं और कई मौकों पर एकसाथ नजर भी आते हैं। पलाश अक्सर स्मृति को सपोर्ट करने के लिए स्टेडियम में भी पहुंचते हैं।
पलक मुच्छल के भाई हैं पलाश
पलाश मुच्छल 30 वर्षीय संगीतकार और फिल्म निर्माता हैं। पलाश मशहूर सिंगर पलक मुच्छल के छोटे भाई हैं। पलक दिग्गज संगीतकार मिथुन की पत्नी हैं। इस तरह से पलाश एक फिल्मी बैकग्राउंड से जुड़े हुए हैं। पलाश ने ‘रिक्शा’ नामक एक वेबसीरीज का भी निर्देशन किया है और राजपाल यादव और रुबीना दिलाइक अभिनीत ‘अर्ध’ नामक एक फिल्म का भी निर्देशन कर रहे हैं।

