इटावा से भाजपा सांसद रामशंकर कठेरिया को MP/MLA कोर्ट ने शनिवार को 2 साल की जेल और जुर्माने की सजा सुनाई है। उन्हें 2011 के टोरेंट ऑफिसर से मारपीट करने के मामले में दोषी करार दिया गया है। 2 साल की सजा होने के बाद उनकी संसद की सदस्यता जा सकती है। कठेरिया केंद्रीय राज्य मंत्री भी रह चुके हैं।
टोरेंट पावर के सुरक्षा निरीक्षक समेधी लाल ने बताया कि 16 नवंबर 2011 को साकेत माल में बिजली चोरी संबंधित मामले का मैनेजर भावेश रसिक लाल शाह सुनवाई और निपटारा कर रहे थे। उसी दौरान स्थानीय सांसद राम शंकर कठेरिया अपने 10 से 15 समर्थकों के साथ कार्यालय में घुस गए और भावेश के साथ मारपीट की। इसमें उन्हें काफी चोट आई थीं।
तमिलनाडु के मंत्री सेंथिल बालाजी के खिलाफ रेड के बाद ड्राइवर के घर से 22 लाख कैश और कीमती सामान मिला
ED ने शनिवार (5 अगस्त) को बताया कि मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में तमिलनाडु के मंत्री वी सेंथिल बालाजी और अन्य लोगों के खिलाफ जांच के दौरान बालाजी के ड्राइवर के घर से 22 लाख कैश और 16 लाख रुपए का कीमती सामान मिला है।
इस मामले में 3 अगस्त को कोयंबटूर और करूर जिले में बालाजी से जुड़ी 9 जगहों पर जांच की गई थी। मंत्री सेंथिल बालाजी न्यायिक हिरासत के तौर पर चेन्नई के पुजल सेंट्रल जेल में बंद है।
CBI ने सिख विरोधी दंगा मामले जगदीश टाइटलर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की, कांग्रेस नेता पर हत्या का आरोप लगाया
CBI ने शनिवार को दिल्ली की एक कोर्ट में कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर के खिलाफ सिख दंगा मामले में चार्जशीट दाखिल की। एजेंसी ने चार्जशीट में जगदीश पर हत्या का आरोप लगाया है।
CBI ने कहा कि कांग्रेस नेता ने दिल्ली में गुरुद्वारा पुल बंगश के पास सिखों को मारने के लिए भीड़ को उकसाया था। इसके बाद भीड़ ने तीन लोगों की हत्या कर दी। शुक्रवार को ही कोर्ट ने उन्हें सशर्त अग्रिम जमानत दे दी।
अर्जेंटीना में 6.0 तीव्रता का भूकंप आया, कोई हताहत नहीं
अर्जेंटीना में शनिवार को भूकंप का झटका महसूस किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.0 मापी गई। भूकंप से अभी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
ED ने केरल में PFI से जुड़े मनी लॉन्डिंग मामले में 2.53 करोड़ की संपत्ति की जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 2.53 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियां जब्त की हैं। ED ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब्त की गई संपत्तियों में 338.03 वर्ग मीटर के चार बिना बिके विला और मुन्नार विला विस्टा प्रोजेक्ट की 6.75 एकड़ खाली जमीन शामिल है।ईडी ने 7 जनवरी को इन संपत्तियों के लिए एक प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी किया था।
कपिल मिश्रा को बीजेपी दिल्ली यूनिट का वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया
कपिल मिश्रा को बीजेपी दिल्ली यूनिट का वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया BJP नेता कपिल मिश्रा को बीजेपी दिल्ली यूनिट का वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया है। यह घोषणा दिल्ली के बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने की है। उन्होंने कहा कि कपिल का नाम इस सप्ताह की शुरुआत में जारी बीजेपी की नई कार्यकारिणी की सूची में था लेकिन किसी कारण पहले घोषणा नहीं की जा सकी।
दिल्ली से रांची जा रही इंडिगो फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते दिल्ली लौटी
दिल्ली से रांची जा रही इंडिगो फ्लाइट को तकनीकी खराबी के चलते दिल्ली लौटना पड़ा। इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट नंबर 6E 2172 ने सुबह 7:40 पर उड़ान भरी थी। टेक्निकल प्रॉब्लम के चलते प्लेन को 8:20 पर लौटना पड़ा। इसके बाद यात्रियों के लिए दूसरे एयरक्राफ्ट की व्यवस्था की गई।
प्रदीप सिंह वाघेला ने गुजरात भाजपा का महासचिव पद छोड़ा, 2016 से इस पद पर थे
प्रदीप सिंह वाघेला ने गुजरात भाजपा का महासचिव पद छोड़ दिया है। उन्हें 10 अगस्त, 2016 को राज्य भाजपा का महासचिव नियुक्त किया गया था।
जम्मू-कश्मीर में 5.2 तीव्रता का भूकंप, 129 किमी की गहराई में था केंद्र
जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में शनिवार सुबह रिक्टर स्केल पर 5.2 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप सुबह 8 बजकर 36 मिनट पर आया। इसका केंद्र 129 किमी की गहराई में था। भूंकप से जान-माल के किसी नुकसान की खबर नहीं है।
देश की तीनों सेनाओं में 11,414 महिलाएं, आर्मी में सबसे ज्यादा 7054 महिलाएं
देश की तीनों सेनाओं में 11,414 महिलाएं हैं। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने शुक्रवार को लोकसभा में सवाल के जवाब में यह जानकारी दी है। इनमें तीनों सेनाओं में अधिकारी, अन्य रैंक, मेडिकल, डेंटल और नर्स शामिल हैं। मेडिकल, डेंटल और नर्स को हटाने के बाद तीनों सेनाओं में 4,948 महिलाएं हैं।
सबसे ज्यादा 7,054 महिलाएं थल सेना में हैं। इनमें 1,733 अधिकारी हैं और 100 अन्य रैंक पर हैं। वायु सेना में 1,654 अधिकारी और 155 अग्निवीर वायु हैं। नौ सेना में 580 अफसर और 726 अग्निवीर हैं।
कुलगाम में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में 3 जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के हल्लन मंज़गाम जंगल में शुक्रवार शाम से सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। इस बीच एनकाउंटर में घायल हुए तीन जवानों को इलाज के लिए श्रीनगर के मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था, जहां देर रात तीनों की मौत हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक इलाके में 3 आतंकियों के छिपे होने की खबर के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसी में तीनों जवान घायल हो गए। हालांकि सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
टिल्लू ताजपुरिया हत्याकांड: दिल्ली पुलिस ने 936 पेज की चार्जशीट पेश की
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने टिल्लू ताजपुरिया हत्याकांड में छह आरोपियों के खिलाफ 936 पेज की चार्जशीट दायर की है। आरोप पत्र में अभियोजन पक्ष के 113 गवाहों की सूची है। घटना के सीसीटीवी फुटेज को भी सबूतों में शामिल किया गया है। हालांकि, फोरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट का इंतजार है। पटियाला हाउस कोर्ट ने चार्जशीट फाइल होने के बाद 17 अगस्त को अगली सुनवाई रखी है।

