Site icon अग्नि आलोक

आज के ताजा समाचार:वंदे भारत एक्सप्रेस में 25 बदलाव,4 राज्यों में स्कूल बंद:पाकिस्तान की धमकी- भारत में नहीं खेलेंगे; मैतेई-कुकी में बंटी मणिपुर की पुलिस

Share

पूरे उत्तर भारत में रेकॉर्डतोड़ बारिश हो रही है। दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, तो हिमाचल प्रदेश में बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। अब तक कई लोगों की जान चली गई है।दिल्ली में बाढ़ की चेतावनी, 4 राज्यों में स्कूल बंद:पाकिस्तान की धमकी- भारत में नहीं खेलेंगे; मैतेई-कुकी में बंटी मणिपुर की पुलिस इधर अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू हुई है। सावन के पहले सोमवार पर काशी से लेकर उज्जैन तक मंदिरों में पूजा-आरती हुई। आज से मध्यप्रदेश विधानसभा में मॉनसून सत्र शुरू हो रहा है। केंद्र के लाए अध्यादेश पर दिल्ली सरकार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करेगा। 

उत्तर पश्चिमी राज्यों में भारी बारिश की रही। बारिश से पंजाब, हिमाचल, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई इलाकों में काफी नुकसान हुआ है। गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात की और दोनों राज्यों को मदद का आश्वासन दिया है।

आज के प्रमुख इवेंट्स

  1. मणिपुर हिंसा को लेकर दाखिल याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। पिछली सुनवाई में अदालत ने राज्य सरकार से स्टेटस रिपोर्ट सबमिट करने को कहा था। साथ ही पूछा था कि हिंसा रोकने के लिए क्या-क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
  2. केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ दिल्ली सरकार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। केंद्र सरकार ने एक अध्यादेश के जरिए दिल्ली में अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़े अधिकार उपराज्यपाल को दे दिए हैं।
  3. पश्चिम बंगाल के 6 जिलों में दोबारा पंचायत चुनाव होगा। इनमें मालदा, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया, बीरभूम, जलपाईगुड़ी और दक्षिण 24 परगना के 604 बूथ शामिल हैं। यहां बैलेट बॉक्स से छेड़छाड़ और हिंसा की घटनाएं हुई थीं।

दिल्ली में बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ा; हिमाचल में पुल-गाड़ियां बहीं; पंजाब की सोसाइटी में नाव चलीं

हरियाणा ने हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में एक लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा है। जिसके बाद दिल्ली सरकार ने बाढ़ की चेतावनी जारी की है। राजधानी में बारिश ने 41 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। दिल्ली और हिमाचल में आज सभी स्कूल बंद रहेंगे। वहीं हरियाणा के गुरुग्राम और पंजाब के रोपड़ में स्कूल बंद रखने का आदेश है।

हिमाचल में एक पुल ब्यास नदी में बह गया। कई दुकानें बाढ़ के पानी में समा गईं। पंजाब के मोहाली में घग्गर नदी का पानी सोसाइटी में घुस गया। लोगों को नाव के जरिए बाहर निकाला गया। उत्तर रेलवे ने 17 ट्रेनों को कैंसिल और 12 को डायवर्ट किया है।

दिल्ली, हिमाचल, पंजाब सहित देश के उत्तरी राज्यों में भारी बारिश हो रही है। दिल्ली में 41 साल का रिकॉर्ड टूटा। 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में सबसे ज्यादा 153 मिमी बारिश हुई।

इससे पहले 25 जुलाई 1982 में 169.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। 2003 में 24 घंटे में 133.4 मिमी बारिश हुई थी। वहीं 2013 में दिल्ली में 123.4 मिमी बारिश हुई थी। इधर, हरियाणा ने यमुना में 1 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा। इसके बाद दिल्ली सरकार ने बाढ़ की चेतावनी जारी की।

बारिश के चलते जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सेना के दो जवान पोशाना नदी पार करते हुए डूब गए। मुगल रोड पर कार पलटने से 3 की मौत हो गई। वहीं, एक गंभीर रूप से घायल है।

डोडा में बारिश के चलते हुए भूस्खलन का मलबा एक बस पर गिर गया। इससे बस में सवार दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। वहीं हिमाचल में 5, जम्मू में 2 और यूपी में 4 लोगों की मौत हो गई।

हिमाचल में ब्यास नदी ने काफी नुकसान पहुंचाया। एक पुल नदी में बह गया। वहीं कुछ दुकानें भी बाढ़ के पानी में समा गईं। नदी में फंसे पांच लोगों को NDRF की टीम ने रेस्क्यू किया।

मोहाली के डेराबस्सी में घग्गर नदी का पानी सोसाइटी में घुस गया। जिसके बाद लोगों को नाव के जरिए बाहर निकाला गया। उधर चंबा पठानकोट नेशनल हाईवे बनीखेत के पास धंस गया।

मौसम से जुड़े अपडेट्स…

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

इन राज्यों में तेज बारिश होगी: मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरण, त्रिपुरा, ओडिशा, गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र।

इन राज्यों में मौसम साफ रहेगा: केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

दिल्ली में बाढ़ की चेतावनी जारी
हरियाणा सरकार ने हथिनीकुंड बैराज से यमुना में 1 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा है। इसके बाद रविवार को दिल्ली सरकार ने बाढ़ की चेतावनी जारी की। अधिकारियों का कहना है कि यमुना में जल स्तर बढ़ रहा है और मंगलवार को खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार करने की उम्मीद है। रविवार को दोपहर 1 बजे पुराने यमुना का जल स्तर 203.18 मीटर दर्ज किया गया।

अलग-अलग राज्यों से मानसून की तस्वीरें…

दिल्ली में PWD मंत्री आतिशी ने ITO एरिया में जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया।

दिल्ली के रोहिणी इलाके में भारी बारिश के बाद सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया।

मंडी जिले में ब्यास नदी में तेज बहाव के चलते पुल पानी में बह गया।

हिमाचल के मनाली में ब्यास नदी के उफान के चलते दुकानें पानी में समा गईं।

हिमाचल में ब्यास नदी में एक कार बह गई। नदी का पानी आसपास इलाके में भर गया।

हिमाचल के कुल्लू में ब्यास नदी में फंसे 5 लोगों को NDRF की टीम ने सुरक्षित निकाला

यमुना नदी में लगातार जलस्तर बढ़ रहा। हथिनीकुंड बैराज पर 4 घंटे में जलस्तर 60000 क्यूसेक से बढ़कर 99146 क्यूसेक पहुंचा।

बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हुआ। जिसके कारण रास्ता बंद कर दिया गया है।

असम में बारिश के कारण डिकारी नदी का जलस्तर बढ़ने से धेमाजी के कई गांव में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।

राजस्थान के सीकर में बारिश के चलते जलभराव हो गया।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में पानी के तेज बहाव के चलते कटान हो गई, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया।

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के डुडू क्षेत्र में बारिश के चलते तीन क्षेत्रों को जोड़ने वाला पुल बह गया।

लाहौल-स्पीति में लोसार गांव में बारिश के बाद रविवार को बर्फबारी हुई।

अमरनाथ गुफा के पास भी हल्की बर्फबारी हुई। यह विजुअल रविवार को सामने आया।

रविवार को पहलगाम के रास्ते अमरनाथ यात्रा को फिर से शुरू कर दिया गया। बारिश के चलते यात्रा बंद थी।

श्रीनगर में लगातार बारिश से झेलम नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। घरों में पानी घुसने लगा है।

दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में बारिश के चलते सरकारी स्कूल का एक हिस्सा गिर गया।

दिल्ली के श्रीनिवासपुरी में बारिश के पानी से नाले की दीवार टूट गई। पानी गलियों में घुस गया।

लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे बंद हो गया।

अन्य राज्यों में मौसम का हाल…

MP में 27 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, दो दिन तक भीगेगा पूरा प्रदेश

ये तस्वीर छतरपुर की है। यहां तेज बारिश के कारण जटाशंकर धाम का झरना बहने लगा।

मध्य प्रदेश में 27 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी जिले शामिल हैं। बाकी जगह हल्की बारिश हो सकती है।

जबलपुर में रविवार शाम मछली पकड़ने गए चार युवक नर्मदा नदी में टापू पर फंस गए। पानी के तेज बहाव और अंधेरे के कारण रेस्क्यू में मुश्किलें आईं। सेना और एनडीआरएफ की टीम को बुलाना पड़ा। इसके बाद चारों युवकों को रस्सी के सहारे निकाला जा सका। कलेक्टर, एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। जिले के प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने रेस्क्यू की जानकारी लेते रहे।

नर्मदा में मछली पकड़ने उतरे चार युवक नदी में टापू पर फंस गए।

ऐसे टापू पर फंसे चारों युवक

घटना भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के गोपालपुर की है। जहां रविवार शाम को चार युवक मछली पकड़ने नदी में उतरे थे। दो युवक एक टापू पर, दो युवक दूसरे टापू पर गए। इस दौरान नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ गया। युवक जिस रास्ते से नदी में उतरे थे, वह डूब गया और वो वहीं फंसे रह गए।

होमगार्ड और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू

स्थानीय लोगों ने टापू पर फंसे युवकों को देख पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस के साथ ही होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू शुरू किया। कभी बोट से, तो कभी रस्सी से युवकों तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन कई बार की गई ये कोशिशें नाकाम रही।

अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आई। रेस्क्यू टीम ने ड्रोन की मदद से चारों युवकों तक लाइफ जैकेट और खाना पहुंचाया। मौके पर जनरेटर भी बुलाया गया, ताकि रोशनी की जा सके।

कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन और एसपी टीके विद्यार्थी समेत पुलिस और प्रशासन के अन्य आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं।

रेस्क्यू टीम की बोट बही, तीन जवान तैरकर बाहर आए

चारों युवक नर्मदा नदी के बीच में दो अलग-अलग टापू पर फंसे हैं। इन्हें निकालने के लिए एक बोट की मदद से उनके पास पहुंचा जा रहा था, लेकिन अचानक तेज बहाव के कारण एसडीआरएफ की बोट बह गई। बोट में बैठे तीन जवान तैरकर सकुशल किनारे पर आए।

प्रभारी मंत्री बोले- हेलिकॉप्टर से युवकों को बाहर निकाला जाएगा

जिले के प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने चारों युवकों के साथ ही रेस्क्यू की जानकारी अधिकारियों से ली है। प्रभारी मंत्री का कहना है कि अगर बोट से रेस्क्यू नहीं हो पाया तो हेलिकॉप्टर से टापू में फंसे युवकों को बाहर निकाला जाएगा।

चारों युवक मछली पकड़ने नर्मदा नदी के बीच में टापू पर गए थे। इस दौरान नदी के बढ़ते जल स्तर पर उनका ध्यान नहीं गया। वे जिस रास्ते से वहां पहुंचे थे वह डूब गया।

मध्यप्रदेश में जबलपुर, मंडला, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया में रविवार बारिश हुई। जिससे नर्मदा का जल स्तर बढ़ा है। कटनी के पिपरौंध में रविवार को दिनभर में 4 इंच पानी गिरा। इसके अलावा छिंदवाड़ा, रीवा, सिवनी, नर्मदापुरम, सतना, ग्वालियर, सीधी, गुना, बैतूल, विदिशा, उज्जैन, छतरपुर, दमोह, सीहोर, राजगढ़, सागर, रतलाम, रायसेन, इंदौर में भी बारिश का दौर चला।

12 जुलाई से नया सिस्टम एक्टिव होगा

भोपाल में रविवार सुबह से बूंदाबांदी और बौछार होती रही। मौसम विभाग ने 10 जुलाई को हल्की बारिश का अनुमान जताया है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि 12 जुलाई से नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इससे प्रदेशभर में फिर से तेज बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। यह सिस्टम अगले तीन से चार दिन तक एक्टिव रहेगा।

बिहार में उफान पर गंगा और गंडक, कटाव का खतरा: 10 जिलों में भारी बारिश-बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने बिहार के 10 जिलों में भारी बारिश और बिजली का अलर्ट जारी किया है। रविवार को तेज बारिश को लेकर प्रदेश के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जिसमें किशनगंज, अररिया, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिले शामिल हैं। जबकि 5 अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान के 8 जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट:झुंझुनूं, सीकर में बाढ़ जैसे हालात

राजस्थान के 8 जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। झुंझुनूं, सीकर में बाढ़ जैसे हालात हैं। अगले 24 से 48 इस तरह बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। जयपुर मौसम केन्द्र से जारी फोरकास्ट के मुताबिक आज जालोर, पाली, राजसमंद, अजमेर, अलवर, जयपुर, नागौर, भीलवाड़ा जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। 

ह​​रियाणा के 55 शहरों में बारिश का रेड अलर्ट, गुरुग्राम में कार डूबी, फतेहाबाद में छत गिरी​​​​​

गुरुग्राम में सड़कों पर भरे पानी के बीच कार फंस गई। बड़ी मुश्किल के बाद लोगों की मदद से कार में बैठे लोगों को बाहर निकाला गया।

हरियाणा में मौसम को लेकर चंडीगढ़ मौसम विभाग ने 55 शहरों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य के नूह, पलवल, बल्लभगढ़, सोहना, गुरुग्राम, अटेली, महेंद्रगढ़, कनीना, चरखी दादरी, भिवानी, बावल, रेवाडी के अलावा कुछ और जिलों में बारिश का अलर्ट है।

पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप के बायकॉट की धमकी दी; कहा- टीम भारत नहीं जाएगी
पाकिस्तान ने 5 अक्टूबर से भारत में शुरू हो रहे वर्ल्ड कप में शामिल न होने की धमकी दी है। यहां के खेलमंत्री एहसान मजारी ने कहा कि भारत एशिया कप मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने की मांग को छोड़े वरना हम वर्ल्ड कप में खेलने के लिए भारत नहीं जाएंगे।

भारत और पाकिस्तान के बीच 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा। उधर, एशियन क्रिकेट काउंसिल ने वर्ल्ड कप से पहले एशिया कप श्रीलंका और पाकिस्तान में कराने का फैसला किया है। पाकिस्तान में टूर्नामेंट के 4 मैच होंगे। बाकी 9 मुकाबले श्रीलंका में होंगे। यानी पाकिस्तान में भारत का एक भी मैच नहीं होगा। इसी वजह से पाकिस्तान नाराज है।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) 27 जून को वर्ल्ड कप के लिए शेड्यूल जारी कर चुका है। भारत और पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मैच 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा। इसके अलावा पाकिस्तान को अपने लीग के 8 मैच चार शहरों हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता में खेलना हैं।

मजारी 14 सदस्यीय सिक्योरिटी टीम का हिस्सा
मजारी ने इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा- प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी की अध्यक्षता में 14 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। उसमें मेरे साथ कुल 11 मंत्री हैं।

हम इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे कि पाकिस्तान को भारत जाकर क्रिकेट खेलना चाहिए कि नहीं। अपनी सिफारिश हम प्रधानमंत्री को भेजेंगे। उसी के आधार पर प्रधानमंत्री वर्ल्ड कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के भेजने का अंतिम फैसला लेंगे।

PCB मेरे विभाग में आता है। मेरे विचार में भारत भी एशिया कप मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने की मांग को छोड़े वरना हम भी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के मैच भारत के बजाय न्यूट्रल वेन्यू पर करने की मांग करेंगे।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने की है कमेटी गठित
पाक पीएम द्वारा गठित कमेटी में खेल मंत्री एहसान मजारी के अलावा पाकिस्तान के कई मंत्री और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख शामिल हैं। कमेटी में पाकिस्तान सरकार में शामिल अन्य पार्टियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

इस कमेटी का अध्यक्ष विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी को बनाया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, भुट्टो देश के अगले प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार भी हो सकते हैं।

कमेटी जांच करने के लिए भारत कब आएगी, इस पर अब तक जानकारी नहीं मिल सकी है। लेकिन कमेटी की जांच के बाद ही तय होगा कि पाकिस्तान टीम भारत में वर्ल्ड कप खेलने आएगी या नहीं।

वंदे भारत अब केसरिया रंग की होगी; रेल मंत्री बोले- नई ट्रेन में 25 बदलाव भी किए गए

चेन्नई के इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में एक साथ खड़ी दोनों वंदे भारत।

रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के रंग में बदलाव किया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई ट्रेन ब्लू की जगह केसरिया रंग की होगी। जो तिरंगे से प्रेरित है। लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर वंदे भारत 25 छोटे-बड़े बदलाव किए गए हैं।

 देशभर में अभी 25 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं। 2 ट्रेनों को रिजर्व में रखा गया है। 28वीं ट्रेन को ट्रायल बेसिस पर केसरिया रंग दिया गया है। यह ट्रेन अभी चेन्नई के इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में रखी हुई है। इसी फैक्ट्री में सभी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को बनाया जाता है।अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को फैक्ट्री का इंस्पेक्शन किया। उन्होंने दक्षिणी रेलवे के सुरक्षा उपायों की समीक्षा भी की।

केसरिया रंग की वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव।

रेल मंत्री बोले- फीडबैक के हिसाब से किए गए बदलाव
रेल मंत्री ने कहा कि ये मेक इन इंडिया का कॉन्सेप्ट है। यह हमारे देश के इंजीनियर और टेक्नीशियन्स द्वारा डिजाइन की गई है। हमने वंदे भारत ट्रेनों में फील्ड यूनिट्स से मिल रहे फीडबैक के हिसाब से बदलाव किए हैं।

अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को एक नए सेफ्टी फीचर ‘एंटी क्लांइबिंग डिवाइस’ का भी इंस्पेक्शन किया। इस फीचर के होने से एक्सीडेंट होने की स्थिति में ट्रेन एक-दूसरे के ऊपर नहीं चढ़ेंगी। उन्होंने बताया कि सभी वंदे भारत और दूसरी ट्रेनों में भी ये स्टैंडर्ड फीचर रहेंगे।

नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के कोच को ओरेंज, डार्क ग्रे और ग्रे कलर का शेड दिया गया है

वंदे भारत में होने वाले कुछ अहम बदलाव

चेन्नई के इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस एक साथ खड़ी हुई हैं।

जनरल कोच को भी एडवांस बनाया जा रहा
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रेलवे बिना रिजर्वेशन वाले पैसेंजर्स के लिए भी एडवांस्ड फीचर वाले कोच बनाने पर काम कर रहा है। इससे कम कमाई वाले लोग भी अच्छी क्वालिटी और कंफर्ट वाली सुरक्षित ट्रेनों में सफर कर पाएंगे।

मणिपुर में 45 हजार पुलिसवाले कुकी और मैतेई में बंटे; अपने-अपने इलाकों में जा रहे
मणिपुर की 45 हजार से ज्यादा स्ट्रेंथ वाली पुलिसफोर्स दो धड़ों में बंट चुकी है। मैतेई समुदाय से ताल्लुक रखने वाले पुलिस इंफाल घाटी और कुकी समुदाय के पुलिस वाले पहाड़ों की तरफ जा रहे हैं। राज्य के नए पुलिस चीफ राजीव सिंह पर फिलहाल शांति बहाल करने की जिम्मेदारी है।

 पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामले सामने आ रहे थे जिसमें पुलिस कर्मचारी पुलिस स्टेशनों और सुरक्षा कैंपों में रखे हथियार और गोला-बारूद लूटने में भीड़ की मदद कर रहे थे। इससे निपटने के लिए राजीव सिंह ने सभी सुरक्षा बलों को संदेश भेजा कि वे कड़ी निगरानी करें और ऐसे हादसों को होने से रोकें।

मणिपुर पुलिस के नए चीफ ने संभाली जिम्मेदारी
पिछले महीने मणिपुर पुलिस के चीफ बनाए गए राजीव सिंह की इस वक्त सबसे बड़ी जिम्मेदारी यही है कि वे राज्य में शांति बहाल करें और पुलिस कर्मचारियों के मन में भरोसा जगाकर उन्हें साथ रख सकें।

राजीव सिंह 1993 बैच के त्रिपुरा कैडर के IPS अफसर हैं। मणिपुर पुलिस चीफ बनने से पहले वे CRPF में डेप्युटेशन पर थे। अधिकारियों के मुताबिक, राजीव सिंह जब पुलिस चीफ बने तो उन्होंने देखा कि करीब 1200 कर्मचारी ड्यूटी से गायब थे।

ऐसे में उन्होंने सबसे पहले इन पुलिस वालों की पहचान की और उन्हें अपनी मनचाही जगह पर ड्यूटी जॉइन करने की इजाजत दी। अधिकारियों का कहना है कि अब तक 1,150 पुलिस वाले ड्यूटी पर लौट आए हैं।

राजीव सिंह 1993 बैच के त्रिपुरा कैडर के IPS अफसर हैं, जिन्हें 1 जून को मणिपुर का DGP बनाया गया है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कॉन्स्टेबलों की पासिंग आउट सेरेमनी करवाई
राजीव सिंह का दूसरा काम था 304 नए कॉन्सटेबलों को फोर्स में शामिल करना। ये कॉन्सटेबल अपनी पासिंग आउट परेड का इंतजार कर रहे थे। ये युवा कुकी और मैतेई दोनों समुदायों से आते थे।

ऐसे में सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर उनकी पासिंग आउट सेरेमनी का आयोजन किया और सेरेमनी के बाद उन्हें उन इलाकों में ही तैनात कर दिया गया जहां वे शरण लिए हुए थे।

पुलिस को हिंसा में शामिल होने से रोका
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामले सामने आ रहे थे जिसमें पुलिस कर्मचारी पुलिस स्टेशनों और सुरक्षा कैंपों में रखे हथियार और गोला-बारूद लूटने में भीड़ की मदद कर रहे थे। इन मामलों से निपटने के लिए राजीव सिंह ने सभी सुरक्षा बलों को संदेश भेजा कि वे कड़ी निगरानी करें और ऐसे हादसों को होने से रोकें।

अधिकारियों के मुताबिक, इसका नतीजा जमीनी स्तर पर देखने काे मिला जब कुछ दिन पहले सैकड़ों की संख्या में उपद्रवियों ने थोउबल जिले के खंगाबोक इलाके में तीसरी इंडियन रिजर्व बटालियन के कैंप से हथियार और गोला-बारूद लूटने की कोशिश की और इस कोशिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि हथियार लूटने की कोशिश नाकाम होने के बाद उपद्रवियों ने IRB कैंप में तैनात एक जवान के घर में आग लगा दी थी। हैरानी की बात ये है कि ये पुलिस कॉन्सटेबल जिनके घरों को भीड़ जला रही है, वो उनके ही समुदाय से आते हैं।

IRB कैंप से हथियार लूटने की कोशिश नाकाम होने के बाद गुस्साई भीड़ ने IRB जवान के घर में आग लगा दी थी।

नियम तोड़ने वालों को नजरबंद कर रही पुलिस
अब मणिपुर पुलिस सख्त तलाशी करने के लिए नाके तैनात कर रही है। नियमों का उल्लंघन करने पर लोगों को नजरबंद भी किया जा रहा है। इसके अलावा पहाड़ों की तराई में खेती करने वाले दोनों समुदायों के किसानों को सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है।

उपद्रवियों और असमाजिक तत्वों के मूवमेंट को ट्रैक करने के लिए सुरक्षाबलों ने मणिपुर में 125 जगहों पर चेक पॉइंट बनाए हैं। इनमें नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में 352 लोगों को हिरासत में ले लिया।

घाटी और पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही पुलिस
पुलिस और सुरक्षा बलों की एक जॉइंट टीम ने पहाड़ी और घाटी जिलों के संवेदनशील इलाकों में सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन में सेना ने इंफाल ईस्ट, कांगपोकपी और इंफाल वेस्ट जिलों में हथियारबंद उपद्रवियों के 24 बंकरों को नष्ट कर दिया था।

अब मणिपुर में शांति बहाल करने और हालात सामान्य करने के मकसद से केंद्रीय पुलिस बल और मणिपुर पुलिस मिलकर सर्च ऑपरेशन चला रही है। इस एक्सरसाइज के चलते पुलिस कई इलाकों से गोला-बारूद पकड़ने में सफल रही है।

पीएम की चुप्पी के विरोध में कांग्रेस MLA ने मौन व्रत किया
मणिपुर हिंसा पर पीएम मोदी की चुप्पी के विरोध में केरल में कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझालनदान ने शनिवार को 24 घंटे का मौन व्रत शुरू किया। रविवार को उन्होंने अपना मौन व्रत तोड़ा। इस दौरान उन्होंने कहा- मणिपुर में होने वाली हिंसा पर पीएम की चुप्पी को उनकी मंजूरी के रूप में देखा जा रहा है। वे 2002 में हुए गुजरात दंगों के दौरान भी चुप थे। यह व्रत उतना आसान नहीं है जितना कोई सोच सकता है। इससे मानसिक तनाव बढ़ता है।

कनाडा में खालिस्तानियों को भारतीय समुदाय का जवाब; बोले- खालिस्तानी सिख नहीं होते

फुटेज कनाडा के टोरंटो में इंडियन कॉन्सुलेट के बाहर का है। यहां एक तरफ खालिस्तानी समर्थक, तो दूसरी तरफ भारतीय मूल के लोग प्रदर्शन करते नजर आए।

कनाडा के टोरंटो में खालिस्तान समर्थकों ने भारतीय दूतावास के सामने प्रदर्शन किया। इसके जवाब में भारतीय समुदाय के लोगों ने तिरंगा लहराया। उन्होंने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए। इस दौरान उनके हाथ में तख्ती दिखी, जिस पर लिखा था- ‘खालिस्तानी सिख नहीं होते।’

कनाडा में इंडियन कॉन्सुलेट के बाहर करीब 250 खालिस्तानी प्रदर्शनकारियों ने झंडे लहराए और नारे भी लगाए। इसके जवाब में भारतीय समुदाय के लोग भी तिरंगा लेकर वहां मौजूद रहे।

उन्होंने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए। इस दौरान उनके हाथ में तख्ती पर ‘खालिस्तानी सिख नहीं होते’ स्लोगन लिखा हुआ था। भारतवंशियों के प्रदर्शन और नारेबाजी के आगे खालिस्तानियों की रैली फीकी पड़ गई। प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्ष के समर्थक आमने-सामने नजर आए।

बता दें कि खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद खालिस्तानी समर्थकों ने 8 जुलाई को अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में ‘किल भारत’ रैली निकालने की घोषणा की थी।

तस्वीर कनाडा में इंडियन कॉन्सुलेट के बाहर की है। यहां एक बोर्ड पर ‘खालिस्तानी सिख नहीं होते’ लिखा हुआ है।

भारत माता मंदिर के बाहर इंडियन डिप्लोमैट्स के खिलाफ पोस्टर लगे
खालिस्तानी समर्थकों ने कनाडा में प्रदर्शन की शुरुआत करते हुए भारत माता मंदिर के बाहर अपना पोस्टर लगा दिया था। इस पर वॉर जोन लिखा हुआ था। पोस्टर में भारतीय डिप्लोमैट्स की तस्वीर थी, जिन्हें निज्जर की हत्या का दोषी बताया गया था।

कनाडा में भारत माता मंदिर के बाहर भारतीय डिप्लोमैट्स के खिलाफ पोस्टर लगाए गए।

आतंकी निज्जर की 18 जून को हुई थी हत्या
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खालिस्तानियों के प्रदर्शन का नेतृत्व आतंकी गुरुपतवंत सिंह पन्नू और परमजीत सिंह पम्मा ने किया था। इन पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से फंडिंग लेने का आरोप है। खालिस्तानी समर्थकों के हाथ में हरदीप सिंह निज्जर का पोस्टर था, जिसकी 18 जून को कोलंबिया में हत्या कर दी गई थी।

ब्रिटेन-ऑस्ट्रेलिया में नहीं जुटे प्रदर्शनकारी
दूसरी तरफ, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया में भारतीय दूतावासों के बाहर भीड़ इकट्ठा ही नहीं हो पाई। लंदन में भारतीय हाईकमीशन के बाहर करीब 30-40 खालिस्तानी समर्थक झंडे लिए नजर आए।

आतंकवादी परमजीत सिंह पम्मा ने इसका नेतृत्व किया। इस दौरान पुलिस बल भी वहां मौजूद रहा। हालांकि, आतंकी पम्मा के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया। भीड़ नहीं जुटने की वजह से ये प्रदर्शन तय समय से पहले ही खत्म हो गया।

UK में दूतावास के बाहर प्रदर्शन करते हुए खालिस्तानी समर्थक।

राजनयिकों को धमकी के बाद सख्त हुए देश
खालिस्तान के नारे लगाते हुए भारत में अलग देश की मांग करने वाले खालिस्तानी समर्थकों को अब विदेशों में मिलने वाला सपोर्ट कम होने लगा है। इसके पीछे का कारण भारत सरकार की तरफ से बनाया जा रहा दबाव और खालिस्तानी समर्थकों की तरफ से भारतीय दूतावासों व राजनयिकों को नुकसान पहुंचाने की धमकी है।

इसके बाद से अब कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देश भी पीछे हटना शुरू हो गए हैं। सभी देशों के विदेश मंत्रालय स्पष्ट कह चुके हैं कि वे अपनी धरती पर आतंकवादी गतिविधियों को अनुमति नहीं देंगे।


कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. पंजाब के पूर्व डिप्टी CM गिरफ्तार: ओपी सोनी को आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस ने पकड़ा 
  2. बंगाल पंचायत चुनाव के दिन 16 लोग मारे गए: BSF बोली- हमें सेंसिटिव बूथ नहीं बताए, EC का जवाब- ये प्रशासन की जिम्मेदारी 
  3. राहुल गांधी बोले- बाइक से कश्मीर-लद्दाख जाना चाहता हूं:सिक्योरिटी के कारण संभव नहीं, शादी के सवाल पर कहा- देखते हैं 
  4. मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के दायरे में GST नेटवर्क: टैक्स चोरी, फर्जी बिल से टैक्स क्रेडिट दिखाने पर PMLA के तहत होगी कार्रवाई
  5. गांगुली बोले- भारत और पाकिस्तान में सेमीफाइनल होगा: टीम इंडिया पर कहा- अहम मौकों पर अच्छा परफॉर्म नहीं करते, पर इस बार जीतेंगे
  6. पाकिस्तान में भारी बारिश से 76 की मौत:पंजाब में 30 साल का रिकॉर्ड टूटा; लाहौर में सड़क पर खड़ी गाड़ियां डूबी 

भारी बारिश के चलते देशभर में 20 से ज्यादा ट्रेनों पर लगा ब्रेक

देशभर में मॉनसूनी बारिश जारी है। राजधानी दिल्ली से लेकर केरल तक भारी बारिश हो रही है। बारिश के चलते कई जगहों पर जलभराव हुआ है। ऐसे में अब भारतीय रेलवे की 20 से ज्यादा ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं।

कनाडा में कल टोरंटो में भारतीय वाणिज्य दूतावास के बाहर खालिस्तानी समर्थकों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान भारतीय समुदाय के लोग तिरंगा लेकर भारत के समर्थन में पहुंचे।

‘दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों को समान अधिकारों के खिलाफ थे गोलवलकर’, दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर केस दर्ज

मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के खिलाफ इंदौर के तुकोगंज थाना में केस दर्ज हुआ है। उन्होंने आरसएस के पूर्व प्रमुख एम एस गोलवलकर के खिलाफ गलत ट्वीट किया है। इसे लेकर आरएसएस ने भी विरोध जताया है।

 एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आरएसएस के पूर्व प्रमुख एम एस गोलवलकर के कुछ बयानों को गलत तरीके से उन पर पेश करने का आरोप है। इसे लेकर इंदौर के तुकोगंज पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ है। दिग्विजय सिंह ने गोलवलकर के कुछ बयानों को लेकर ट्वीट किया था। इस पर आरएसएस ने आपत्ति जताई थी। साथ ही कहा था कि इसे तोड़ मरोड़कर पेश किया जा रहा है।

दरअसल, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने शनिवार को दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रमुख एम एस गोलवलकर के कुछ बयानों से लगता है कि वह दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों को समान अधिकारों के खिलाफ थे। इस पर संघ की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई है और कहा कि सिंह बयानों को तोड़ मरोड़ के पेश कर रहे हैं। आरएसएस ने सिंह पर आरोप लगाया कि ‘फोटोशॉप’ की गयी एक तस्वीर के माध्यम से गोलवलकर को गलत तरह से ऐसे बयान देने के लिए जिम्मेदार ठहराया जा रहा है और इसका मकसद सामाजिक विद्वेष पैदा करना है।


सिंह ने एक तस्वीर ट्वीट की थी जिसमें गोलवलकर ‘गुरुजी’ के हवाले से अनेक विवादास्पद टिप्पणियां लिखी हैं। गोलवलकर के हवाले से कह गया है कि वह दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों को समान अधिकार देने के बजाय ब्रिटिश शासन में रहना पसंद करेंगे। कुछ अन्य विवादास्पद टिप्पणियों के लिए भी उन्हें जिम्मेदार बताया गया है।

इंदौर में एडवोकेट राजेश जोशी ने कहा कि सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से द्वितीय सरसंघ चालक माधव सदाशिव राव गोलवलकर की तस्वीर के साथ मिथ्या और अनर्गल पोस्ट प्रसारित की गई है। इस लेकर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एडवोकेट राजेश जोशी की शिकायत पर तुकोगंज पुलिस ने 153 ए, 469 ,500,505 के तहत मामला दर्ज किया है।

संघ के प्रचार विभाग के प्रमुख सुनील आंबेकर ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पर ‘फोटोशॉप’ की गयी तस्वीर जारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह निराधार है और इसका मकसद सामाजिक विद्वेष पैदा करना है।आंबेकर ने कहा कि गुरुजी ने कभी ऐसे बयान नहीं दिए। उनका जीवन सामाजिक भेदभाव समाप्त करते हुए बीता था।

Exit mobile version