आदिपुरुष के विवादित डायलॉग्स बदले जाएंगे; पूर्व रॉ चीफ बोले- कश्मीर में चुनाव जरूरीकेंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को पंजाब के गुरदासपुर और हरियाणा के सिरसा में दो रैली की। ये रैलियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने पर आयोजित की गई। वहीं, वियतनाम के रक्षा मंत्री जनरल फान वान गियांग दो दिवसीय दौरे पर आज भारत आएंगे। वह सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करेंगे। उधर, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन चीन की राजनयिक यात्रा पर रवाना हुए। वह पांच वर्षों में बीजिंग की यात्रा करने वाले पहले विदेश मंत्री होंगे। ब्लिंकन के चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से सोमवार को मिलने की उम्मीद है। बात खेल की करें तो इंटरकांटिनेंटल कप फाइनल में भारतीय टीम के सामने लेबनान की चुनौती होगी। सात्विक और चिराग की जोड़ी इंडोनेशिया ओपन के फाइनल में पहुंच गई है। खिताबी मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। बर्मिंघम में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पहले एशेज टेस्ट का आज तीसरा दिन है।
एक तरफ यूपी-बिहार में जहां लू से 98 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दूसरी तरफ राजस्थान, गुजरात और असम के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात रहे। आदिपुरुष के मेकर्स ने फिल्म के डायलॉग्स हटाने का फैसला किया है।
आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
- पुणे में आज G-20 के चौथे एजुकेशन वर्किंग ग्रुप की दो दिवसीय बैठक शुरू होगी। इसमें साक्षरता और टीचर्स की कैपेसिटी बिल्डिंग समेत मल्टी लिंग्वल एजुकेशन पर चर्चा होगी। मीटिंग में 42 देशों के प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं।
आदिपुरुष के विवादित डायलॉग्स बदले जाएंगे, राइटर बोले- जानबूझकर ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया
आदिपुरुष के बैन को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की गई है। याचिकाकर्ता विष्णु गुप्ता का कहना है कि इसमें भगवान के किरदारों से अमर्यादित डायलॉग्स बुलवाए गए हैं।
आदिपुरुष के मेकर्स ने फिल्म के विवादित डायलॉग्स बदलने का फैसला किया है। राइटर मनोज मुंतशिर शुक्ला ने ट्वीट कर कहा कि इसी हफ्ते बदलाव हो जाएगा। मनोज का कहना है कि उन्होंने फिल्म में ये भाषा गलती से नहीं, बल्कि जानबूझकर इस्तेमाल की थी। ताकि यंग ऑडियंस रिलेट कर सके।
इधर, सीता को भारत की बेटी बताए जाने पर नेपाल की राजधानी काठमांडू के मेयर बालेन्द्र शाह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अपने क्षेत्र में आज से हिंदी फिल्मों की रिलीज पर बैन लगा दिया है। फिल्म 16 जून को रिलीज हुई थी। पहले दिन 140 करोड़ के रिकॉर्ड कलेक्शन के बाद अब तक 240 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन कर चुकी है।
मुंतशिर ने कहा, ‘3 घंटे की फिल्म मे मैंने 3 मिनट कुछ लोगों की कल्पना से अलग लिख दिया होगा, लेकिन मुझे सनातन विरोधी क्यों कहा जा रहा है। मैंने भगवान श्री राम के लिए ‘जय श्री राम’, ‘शिवोहम’, ‘राम सिया राम’ पर भी लिखा है, लेकिन इन डायलॉग्स पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।’
फिल्म को बैन करने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की गई है। इसे हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने लगाया है। इसमें फिल्म के कई सीन, डायलॉग्स और किरदारों को हटाने की मांग की है।
मनोज मुंतशिर ने कहा- जो संवाद आहत कर रहे, उन्हें हटाएंगे
कॉन्ट्रोवर्शियल डायलॉग, जिन पर लोगों को आपत्ति है
- कपड़ा तेरे बाप का! तेल तेरे बाप का! जलेगी भी तेरे बाप की। (हनुमानजी ने रावण के बेटे इंद्रजीत से कहा)
- तेरी बुआ का बगीचा है क्या जो हवा खाने चला आया। (इंद्रजीत ने हनुमानजी से कहा)
- जो हमारी बहनों को हाथ लगाएगा उनकी लंका लगा देंगे। (हनुमानजी ने रावण की सभा में कहा)
- आप अपने काल के लिए कालीन बिछा रहे हैं। (विभीषण ने रावण से कहा)
- मेरे एक सपोले ने तुम्हारे शेषनाग को लंबा कर दिया अभी तो पूरा पिटारा भरा पड़ा है। (लक्ष्मण के ऊपर वार करने के बाद इंद्रजीत ने कहा।)
लोग कैंसिल कर रहे फिल्म के टिकट
कुछ लोग सोशल मीडिया पर टिकट कैंसिल कर इसकी फोटो शेयर कर रहे हैं। एक शख्स ने 9 टिकट खरीदे थे, लेकिन फिल्म पर जारी विवाद के बाद उसने टिकट कैंसिल कर दिए। उसने टिकट कैंसिल कर लिखा है कि वे अपने बच्चों को ऐसी ‘रामायण’ तो नहीं दिखाएंगे।
फिल्म में एक सीन है जिसमें रावण बने सैफ अली खान अजगरों के बीच लेटे दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसे लेकर मीम भी बनाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि ओम राउत वाला रावण पाइथन मसाज भी लेता है। इसके अलावा एक सीन और है जिसमें रावण चेहरे पर वेल्डिंग वाला मास्क पहनकर हथौड़े चला रहा है। इस सीन पर भी मेकर्स की सोच पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
राजस्थान में बिपरजॉय से 6 की मौत, असम में बाढ़ से 38 हजार लोग प्रभावित
यूपी-बिहार में पिछले 3 दिनों में जारी हीटवेव से 98 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें यूपी के 54 और बिहार के 44 लोग शामिल हैं। मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, झारखंड सहित 9 राज्यों में 21 जून तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।
असम में दो दिन से हो रही लगातार बारिश से ब्रह्मपुत्र नदी उफान पर है। 13 जिलों में बाढ़ से 38 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। इधर, राजस्थान में मौसम विभाग ने भारी बारिश के लिए 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य में बिपरजॉय की वजह से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है।
BJP नेता बबीता बोलीं- साक्षी का दावा गलत, प्रदर्शनकारी कांग्रेस के हाथ की कठपुतली
साक्षी मलिक ने शनिवार को साढ़े तीन बजे वीडियो जारी कहा कि उन्हें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की परमिशन बबीता फोगाट ने दिलाई थी। ठीक 18 घंटे बाद बबीता ने इस दावे को खारिज कर दिया।
महिला पहलवानों के आंदोलन मामले में भाजपा नेता बबीता फोगाट ने साक्षी मलिक के दावे को गलत बताया है। बबीता ने कहा कि उन्होंने बृजभूषण के खिलाफ धरने के लिए जंतर-मंतर में परमिशन नहीं दिलाई थी। साथ ही कहा कि प्रदर्शनकारी कांग्रेस के हाथ की कठपुतली बन चुके हैं।
साक्षी ने शनिवार को कहा था कि उन्हें धरना देने के लिए कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा नहीं, बल्कि भाजपा नेता बबीता फोगाट और तीर्थ राणा ने मोटिवेट किया था। धरने की परमिशन भी उन्होंने दिलाई थी। सबूत के तौर पर परमिशन लेटर भी दिखाया था।
पूर्व रॉ चीफ बोले- कश्मीर में अलगाववाद खत्म हुआ, घाटी में चुनी हुई सरकार जरूरी
रॉ के पूर्व चीफ अमरजीत सिंह दुलत ने कहा है कि धारा 370 की तरह ही जम्मू-कश्मीर से अलगाववाद भी खत्म हो चुका है। घाटी में केंद्र को जल्द से जल्द चुनाव करवाना चाहिए। कश्मीर में जितनी जल्दी चुनी हुई सरकार बनेगी, उतना अच्छा है। क्योंकि यह दिल्ली के लिए सिक्योरिटी कवर का काम करता है।
रॉ के पूर्व चीफ अमरजीत सिंह दुलत ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 की तरह अलगाववाद भी खत्म हो चुका है।
घाटी में शांति के लिए केंद्र सरकार को यहां के राजनीतिक दलों से बातचीत कर जल्द से जल्द चुनाव करवाने चाहिए।
कश्मीर में जितनी जल्दी चुनी हुई सरकार बने, उतना अच्छा है। यह दिल्ली के लिए बफर यानी सिक्योरिटी कवर का काम करता है।
दुलत जब रॉ से रिटायर हुए तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उन्हें कश्मीर मामलों का सलाहकार नियुक्त किया था। वह जनवरी 2001 से मई 2004 तक इस पद पर रहे।
दुलत ने पाकिस्तान से बातचीत की भी वकालत की। उन्होंने न्यूज एजेंसी PTI से कहा- इस्लामाबाद हमसे संबंध सुधारने का रास्ता तलाश रहा है। भारत को भी जवाब देना चाहिए।
पढ़ें दुलत का इंटरव्यू….
यह तस्वीर 3 जनवरी 2023 की है। दिल्ली के बाबरपुर इलाके से राहुल की भारत जोड़ो यात्रा में अमरजीत सिंह दुलत शामिल हुए थे।
सवाल: क्या जम्मू-कश्मीर में अलगावाद खत्म हो चुका है?
दुलत: जी हां। मेरा मानना है कि घाटी में 370 की तरह अलगाववाद भी पूरी तरह से समाप्त हो चुका है।
सवाल: अनुच्छेद 370 के निरस्त होने से कश्मीर मुद्दा हल हो गया है?
दुलत: यह कभी कोई बड़ा मुद्दा नहीं था और यह हमेशा एक मुद्दा रहेगा भी। जितनी जल्दी हमारे पास एक चुनी हुई सरकार होगी, उतना अच्छा होगा।
सवाल: घाटी में शांति के लिए केंद्र सरकार को क्या करना चाहिए?
दुलत: बातचीत आगे बढ़ने का तरीका है। यदि अलगाववादियों से बातचीत नहीं करनी, तो कश्मीर में मौजूद राजनीतिक दलों से वार्ता हो और जल्द से जल्द चुनाव कराए जाएं।
मुझे लगता है कि 4 अगस्त, 2019 से नजरबंद हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक की कश्मीर की राजनीति में अहम भूमिका है।
उन्हें बाहर लाना चाहिए। फिर सरकार को यह देखना चाहिए कि वो कहां जाते हैं। उनका रुख क्या रहता है। उमर फारूक को जल्द से जल्द सरकार को छोड़ना चाहिए।
सवाल: क्या पाकिस्तान की स्थिति का कश्मीर पर कोई प्रभाव है?
दुलत: मुझे नहीं लगता, लेकिन कश्मीर के युवाओं में कट्टरता चिंता का एक कारण है। जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद खत्म नहीं हुआ है क्योंकि आए दिन घटनाएं होती रहती हैं।
उन्होंने कहा- पुंछ और राजौरी में कुछ बुरी घटनाएं हुईं। हमें इस पर ध्यान देने की जरूरत है। कश्मीरी व्यक्ति शांति के लिए तरस रहा है। वह तंग आ चुका है।
यह एक ऐसा प्रयोग था जिससे कश्मीर को गुजरना पड़ा। यह प्रयोग विफल हो गया है। मुझे लगता है कि कोई नहीं चाहता कि यह जारी रहे।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में इसी साल 20 अप्रैल की दोपहर 3 बजे आतंकियों ने आर्मी ट्रक पर हमला किया था। इस हमले में सेना के 5 जवान शहीद हो गए थे।
सवाल: कांग्रेस के रोल से आप कितने सहमत हैं?
दुलत: 2005 में कांग्रेस के नेतृत्व वाली तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सरकार ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) के संस्थापक मुफ्ती मोहम्मद सईद को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के रूप में बरकरार नहीं रखकर बड़ी गलती की थी।
2002 में, मुफ्ती साहब मुख्यमंत्री बने। मुझे लगता है कि उनके तीन साल बहुत अच्छे थे। मुझे लगता है कि मुफ्ती साहब को हटाकर कांग्रेस ने बहुत बड़ी गलती की। ये चीजें होती हैं। यह राजनीति है। फैसला सत्ता में मौजूद पार्टी करती है।
सवाल: क्या कश्मीर में परदे के पीछे से कोई बातचीत चल रही है?
दुलत: मैं नहीं जानता और मुझे जानना भी नहीं चाहिए क्योंकि मैं लंबे समय से सरकार से बाहर हूं। दुलत ने कहा कि भारत को पाकिस्तान की पहलों का सकारात्मक जवाब देना चाहिए क्योंकि इस्लामाबाद नई दिल्ली के साथ संबंध सुधारने का रास्ता तलाश रहा है। पाकिस्तान से बातचीत करनी चाहिए, क्योंकि भारत में आतंकवादी वहीं से आ रहे हैं।
2015 में दुलत ने ‘कश्मीर: द वाजपेयी इयर्स’ किताब लिखी थी, इसमें उन्होंने वाजपेयी सरकार पर कंधार विमान हाईजैक मामले में लापरवाही के आरोप लगाए थे।
सवाल: पाकिस्तान क्रिकेट टीम का क्रिकेट विश्व कप के लिए भारत आना अच्छा होगा?
दुलत: पाकिस्तान क्रिकेट टीम का क्रिकेट विश्व कप के लिए भारत आना अच्छी बात होगी। उन्हें आना चाहिए। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन है और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को आना चाहिए। मुझे लगता है कि वह आएंगे।
पाकिस्तान भारत के साथ संबंध सुधारने का रास्ता तलाश रहा है और मुझे लगता है कि हमें वह रास्ता मुहैया कराना चाहिए। मुझे यकीन है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी इसके बारे में सचेत हैं। वह एक बड़े नेता हैं। वह अमेरिका जा रहे हैं। देखते हैं।
शाह बोले- हरियाणा में पहले हुड्डा की 3D सरकार थी, जिसे खट्टर ने खत्म किया
मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर भाजपा देशभर में कार्यक्रम कर रही है। शाह ने इसी के तहत पंजाब और हरियाणा में रैली को संबोधित किया।
हरियाणा के सिरसा में गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पहले यहां हुड्डा की 3D सरकार थी, जिसे मनोहर लाल खट्टर ने खत्म किया। शाह बोले कि 3D का मतलब दरबारी, डीलर और दिल्ली के दामाद की सरकार से है।
रविवार को शाह ने पंजाब के गुरदासपुर में भी रैली की। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है, क्योंकि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपना सारा समय केजरीवाल के साथ घूमने में बिताते हैं।
उद्धव को दो दिन में दो झटके, पार्टी उपनेता के बाद प्रवक्ता ने छोड़ा साथ
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के लिए महाराष्ट्र की राजनीति में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। शिंदे गुट के अलग होकर बीजेपी के साथ जाकर सरकार बनाने के बाद से उद्धव गुट कमजोर हो गया है। अब उद्धव ठाकरे को दो दिन में दो झटके भी लग गए हैं। पार्टी उपनेता के बाद प्रवक्ता ने पार्टी का साथ छोड़ दिया है। दोनों ने शिंदे गुट का दामन थाम लिया है।
परिणय सूत्र में बंधे करण देओल और दृशा आचार्य
अभिनेता करण देओल ने रविवार को एक छोटे समारोह में अपनी प्रेमिका दृष्टि आचार्य के साथ शादी की, जिसमें परिवार के लोग और करीबी दोस्त शामिल हुए। अभिनेता सनी देओल के बेटे और धर्मेंद्र के पोते करण ने इंस्टाग्राम पर यह खबर साझा की। ‘ताज लैंड्स एंड’ में हुए समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “आप मेरा आज और मेरे सभी आने वाले कल हैं। हमारे जीवन में एक खूबसूरत यात्रा की शुरुआत हुई है। हम हर तरफ से मिल रहे आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए अत्यधिक आभारी हैं!” दूल्हे ने जहां शेरवानी पहनी थी, वहीं दुल्हन ने चमकीले लाल रंग का लहंगा पहना था। इंस्टाग्राम पर साझा किये गये वीडियो में, अपने पोते करण की बारात में अभिनेता धर्मेंद्र बेटे सनी और बॉबी देओल के साथ नाचते नजर आए। अभिनेता अभय देओल और परिवार के अन्य सदस्य भी विवाह समारोह में शामिल हुए।बॉलीवुड कलाकार रणवीर सिंह और कृति सैनन शनिवार को संगीत समारोह में शामिल हुए थे।
केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने आज गांधी शांति पुरस्कार 2021 की घोषणा कर दी है। मंत्रालय ने गीता प्रेस गोरखपुर को गांधी शांति पुरस्कार से नवाजा गया है।
उत्तराखंड की आठ शख्सियतें आज होंगी सम्मानित

