Site icon अग्नि आलोक

आज की खास खबरे:ओडिया अभिनेता उत्तम मोहंती,भाकपा नेता पी राजू का निधन,भाजपा राज गरीब और मध्य वर्ग के लिए अभिशाप : प्रियंका  

Share

ओडिया अभिनेता उत्तम मोहंती,भाकपा नेता पी राजू का निधन,भाजपा राज गरीब और मध्य वर्ग के लिए अभिशाप : प्रियंका  उत्तर आंध्र प्रदेश में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए द्विवार्षिक एमएलसी चुनाव में 91.8 फीसदी मतदान हुआ। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी गोदावरी, कृष्णा और गुंटूर जिलों के दो स्नातक चुनावों में क्रमशः 63.2 और 65.5 फीसदी मतदान हुआ। ये चुनाव आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, कृष्णा, गुंटूर, श्रीकाकुलम, विजयनगरम, और विशाखापत्तनम में हुए। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे समाप्त हुआ। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और आईटी मंत्री नारा लोकेश ने गुंटूर जिले के उंडावल्ली में एक स्थानीय स्कूल में अपना वोट डाला। चुनाव 18 जिलों के 1,062 मतदान केंद्रो पर हुए। मतों की गिनती तीन मार्च को होगी।

ओडिया अभिनेता उत्तम मोहंती का 66 वर्ष की आयु में निधन
दिग्गज ओडिया अभिनेता उत्तम मोहंती का बृहस्पतिवार रात दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 66 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके परिवार ने बताया कि मोहंती लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और उन्हें 8 फरवरी को भुवनेश्वर से दिल्ली लाया गया था। उनके परिवार में उनकी प्रसिद्ध अभिनेत्री पत्नी अपराजिता मोहंती और बेटा, ओडिया सिने स्टार बाबूशन हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मोहंती के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोहंती के जाने से ओडिया कला क्षेत्र में एक बहुत बड़ा शून्य पैदा हो गया है। ओडिया सिनेमा में उन्होंने जो छाप छोड़ी है, वह उन्हें हमेशा दर्शकों के दिलों में बनाए रखेगी। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

पश्चिम बंगाल सरकार खोज एवं बचाव तैयारियों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध: प्रियंका सिंगला
पश्चिम बंगाल सरकार खोज और बचाव (एसएआर) तैयारियों को मजबूत करने के लिए नीतिगत ढांचे, अंतर-एजेंसी सहयोग और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर ध्यान दे रही है। आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की विशेष सचिव प्रियंका सिंगला ने बृहस्पतिवार को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा आयोजित ‘आधुनिक प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के माध्यम से खोज और बचाव चुनौतियों पर काबू पाने’ सेमिनार में यह बात कही। यह सेमिनार एक दो दिवसीय कार्यक्रम ‘खोज एवं बचाव अभ्यास (एसएआरईएक्स)’ का हिस्सा है। सिंगला ने कहा, ‘आपदा प्रतिक्रिया और खोज एवं बचाव कार्यों के लिए बेहतर समन्वय, तकनीकी एकीकरण और सक्रिय रणनीतियों की जरूरत है। एसएआरईएक्स 2025 ज्ञान साझा करने और आपात स्थितियों का प्रभावी ढंग से सामना करने की हमारी क्षमता को बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच है।’

पार्टी के रुख के विपरीत बयान देने से बचें नेता: ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष
ओडिशा कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष भक्त चरण दास ने बृहस्पतिवार को पार्टी के सभी नेताओं से मीडिया या सोशल मीडिया पर ऐसे बयान न देने को कहा, जो पार्टी के रुख से अलग हों। उन्होंने पार्टी के नेताओं से कहा कि वे कोई भी बयान देने से पहले ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष या मीडिया समिति के अध्यक्ष से परामर्श करें। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न मुद्दों पर मीडिया समिति के अध्यक्ष या ओपीसीसी अध्यक्ष के समक्ष अपनी राय व्यक्त करनी चाहिए।

गुजरात के 400 करोड़ के मत्स्य घोटाले में पूर्व मंत्री को राहत
सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात के पूर्व मंत्री दिलीप संघानी के खिलाफ 2008 में 400 करोड़ के मत्स्य पालन घोटाले में शुरू की गई आपराधिक कार्यवाही को रद्द कर दिया। पीठ ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराधों के तत्वों की अनुपस्थिति पर गौर किया। पीठ ने कहा, हम अपीलकर्ता के उठाए गए तर्क को स्वीकार करते हैं कि जांच रिपोर्ट, शिकायतकर्ता या पुलिस अधिकारियों से दर्ज किए गए आरोप-पूर्व बयानों में कहीं भी अपराध सिद्ध करने की सामग्री नहीं है। यहां तक कि जांच दल की पूछताछ में लोगों के दिए बयानों में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों का कोई भी तत्व उजागर नहीं होता। 

तेलंगाना सुरंग हादसा : बचाव में बाधा बनी मशीन का हिस्सा काटा
तेलंगाना में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) का एक निर्माणाधीन खंड आंशिक रूप से ढहने से फंसे आठ लोगों को बचाने में जुटी टीम ने टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) के उस हिस्से और अन्य अवरोधकों को काटना शुरू कर दिया है, जो सुरंग में बचाव अभियान में बाधक बन रहे थे। नगरकुरनूल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वैभव गायकवाड़ ने बताया कि सुरंग में कन्वेयर बेल्ट के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत होने से मलबा हटाने में मदद मिलेगी। अधिकारी से जब पूछा गया कि क्या गैस कटर ने काम करना शुरू कर दिया है, तो उन्होंने बताया कि यह पहले ही हो चुका है और रात के समय उन्होंने कुछ कटाई की।

इडली बनाने में पॉलिथीन शीट का इस्तेमाल, 52 होटलों पर कार्रवाई
कर्नाटक में पतली पॉलिथीन शीट का इस्तेमाल कर इडली बनाए जाने का मामला सामने आया है। सरकार ने ऐसे 52 होटलों का पता लगाया है, जहां इडली बनाने के लिए पारंपरिक कपड़े की जगह पॉलिथीन शीट का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडु राव ने चेताते हुए कहा कि होटल मालिकों को ऐसा नहीं करना चाहिए, क्योंकि प्लास्टिक शीट कैंसरकारी होती है। शीट गर्म होने पर ये हॉनिकारक तत्व इडली में प्रवेश कर सकते हैं, जिससे लोगों को स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। राव ने कहा कि इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 

अनंत अंबानी की पहल वनतारा को प्रतिष्ठित प्राणी मित्र पुरस्कार
अनंत अंबानी की पहल वनतारा को प्रतिष्ठित प्राणी मित्र राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह भारत सरकार की ओर से कॉरपोरेट श्रेणी के तहत पशु कल्याण के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। बृहस्पतिवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह में मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने यह पुरस्कार वनतारा के सीईओ विवान करणी को प्रदान किया। यह केंद्र हाथियों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए 998 एकड़ के जंगल में फैला है। 

पश्चिम बंगाल : ट्रेन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार रात 10 बजे एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों में से एक की पहचान कोयल रॉय के तौर पर की गई, लेकिन दूसरी महिला की पहचान नहीं हो पाई है। जीआरपी अधिकारी के मुताबिक, पटरी पार करने के दौरान हाटे बाजारे एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला का शव रेल की पटरियों के पास गिर गया। वहीं, दूसरी महिला का शव एक्सप्रेस के इंजन के काउकैचर में उलझ गया।

आर्थिक नीति पर खरगे की टिप्पणी बेशर्म झूठ : भाजपा
भाजपा ने बृहस्पतिवार को केंद्र की आर्थिक नीति को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को ‘बेशर्म झूठ’ बताया। खरगे ने कहा था कि 90 प्रतिशत भारतीय बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में सक्षम नहीं हैं। खरगे की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने पोस्ट किया, खरगे एक और बेशर्म झूठ लेकर वापस आ गए हैं। आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तहत प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हो गई है, जबकि गरीबी 2014 में 22.5 फीसदी से घटकर 2024 में 5 प्रतिशत से कम रह गई है। उन्होंने कहा, आधे से अधिक घरों में अब दोपहिया वाहन हैं। 2014-15 और 2022-23 के बीच 25 करोड़ भारतीय बेहद गरीबी से बाहर निकल आए हैं। पिछले 10 वर्षों में पूर्ण विद्युतीकरण, सार्वभौमिक स्वच्छता और लोगों की बैंकिंग तक पहुंच हुई है।

वरिष्ठ भाकपा नेता पी राजू का 73 वर्ष की आयु में निधन
भाकपा के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व विधायक पी राजू (73) का यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह कुछ समय से अस्वस्थ थे और लिवर संबंधी बीमारी का इलाज करा रहे थे। सूत्रों ने बताया कि राजू ने बृहस्पतिवार सुबह छह बजकर 40 मिनट पर आखिरी सांस ली। शुक्रवार को उत्तरी परवूर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

निजी संस्थान के मोबाइल एप में आधार के जरिये चेहरा पहचान पुष्टि को मंजूरी
सरकार ने निजी संस्थानों के मोबाइल एप में आधार के जरिये चेहरा पहचान पुष्टि करने की मंजूरी दे दी है। इससे ग्राहकों के लिए सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने में मदद मिलेगी। बृहस्पतिवार को जारी बयान के मुताबिक, यह प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की तरफ से शुरू किए गए ‘आधार गुड गवर्नेंस’ पोर्टल के जरिये आधार प्रमाणीकरण के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत उपलब्ध कराई जाएगी। बयान के मुताबिक, यह पोर्टल एक संसाधन-समृद्ध मार्गदर्शक के रूप में काम करेगा और प्रमाणीकरण चाहने वाली संस्थाओं को आवेदन के तरीके और आधार प्रमाणन के लिए विस्तृत एसओपी मुहैया कराएगा। चेहरे के जरिये पहचान सुनिश्चित करने की सुविधा भी निजी इकाइयों के ग्राहक एप में एकीकृत की जा सकती है जिससे कभी भी कहीं भी प्रमाणीकरण किया जा सकेगा।

भाजपा राज गरीब और मध्य वर्ग के लिए अभिशाप : प्रियंका  
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ब्लूम वेंचर्स की रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा राज चारों और फैले आर्थिक अन्याय के चलते गरीब और मध्य वर्ग के लिए अभिशाप बन गया है। देश के 140 करोड़ लोगों में 100 करोड़ ऐसे हैं, जिनके पास सबसे जरूरी खर्चों के बाद कुछ नहीं बचता। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि देश में मौजूदा समय में असमानता हद से ज्यादा है। कुल राष्ट्रीय आय का 57.7 फीसदी हिस्सा देश के सबसे अमीर 10 फीसदी लोगों के पास है।

Exit mobile version