Site icon अग्नि आलोक

*वादी छोड़ लौटने लगे पर्यटक; जम्मू-कश्मीर के लिए 90 फीसदी बुकिंग रद्द*

Share

पहलगाम हमले का असर जम्मू-कश्मीर की पर्यटन अर्थव्यवस्था पर दिखने लगा है। एक दिन पहले तक पर्यटकों से गुलजार सड़कें अचानक सुनसान हो गई हैं। ट्रैवल एजेंसियों का कहना है कि हमले के बाद से लोगों ने जम्मू-कश्मीर के लिए 90 फीसदी बुकिंग रद्द करा दी है।  एक दिन पहले तक पर्यटकों से गुलजार सड़कें अचानक सुनसान हो गई हैं। ट्रैवल एजेंसियों का कहना है कि हमले के बाद से लोगों ने जम्मू-कश्मीर के लिए 90 फीसदी बुकिंग रद्द करा दी है।

उड्डयन मंत्रालय के सूत्रों ने बताया, बुधवार सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच 20 उड़ानों में 3,337 यात्रियों ने श्रीनगर से वापसी की उड़ान भरी। इंडिगो, एअर इंडिया और स्पाइसजेट ने श्रीनगर से अपनी सामान्य निर्धारित सेवाओं के अलावा कुल सात अतिरिक्त उड़ानें संचालित कीं। 

पहलगाम समेत जम्मू-कश्मीर में कई जगहों से पर्यटक अब घरों को लौट रहे हैं। वहीं, ऑनलाइन टूर ऑपरेटर क्लियरट्रिप की मुख्य विकास एवं व्यवसाय अधिकारी मंजरी सिंघल ने बताया, अनुमानों के अनुसार, श्रीनगर के लिए उड़ान रद्दीकरण में सात गुना वृद्धि हुई है तथा भविष्य की बुकिंग में 40 फीसदी की गिरावट आई है।

मेकमायट्रिप के प्रवक्ता ने बताया, लोगों को इस मुश्किल हालात से बाहर निकालने के लिए हमारी टीमें एयरलाइन व होटल भागीदारों के साथ 24 घंटे काम कर रही हैं, ताकि बुकिंग/रद्दीकरण पर मदद दी जा सके। टूर ऑपरेटर्स ने कहा, लोग हालात की बात कर पैसे वापस मांग रहे हैं, इसलिए यह टूर एजेंसियों के लिए परेशानी पैदा कर रहा है। 

वैष्णो देवी यात्रा पर भी असर
ट्रैवल एजेंसी, स्वास्तिक ट्रैवल्स ने कहा कश्मीर ही नहीं, लोग जम्मू जाने से भी डर रहे हैं। हमने वैष्णो देवी मंदिर के लिए कटड़ा जाने वाले सात परिवारों की बुकिंग करवाई थी, लेकिन हमले के बाद बुकिंग रद्द कर दी गई हैं। 

रेलवे ने बुधवार रात से चलाई जम्मू से नई दिल्ली के लिए खास अनारक्षित ट्रेन
रेलवे ने जम्मू के कटरा से नई दिल्ली के लिए खास ट्रेन चलाने का एलान किया है। कटरा से नई दिल्ली के लिए यह खास अनारक्षित ट्रेन बुधवार रात 9:20 बजे से चलनी शुरू हो गई है।

यह ट्रेन जम्मू और कश्मीर की अपनी यात्रा से जल्द वापस आने की इच्छा रखने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए चलाई गई है। उत्तरी रेलवे (एनआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु उपाध्याय ने कहा कि कई जगह से पर्यटक अपने शहरों को लौटना चाह रहे हैं। 

Exit mobile version