अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के खिलाफ F-35 लड़ाकू विमानों को तैनात करने का आदेश दिया है। यह तैनाती प्यूर्टो रिको के एक हवाई अड्डे पर की जाएगी। ट्रंप का यह आदेश अमेरिकी युद्धपोत के ऊपर से वेनेजुएला के F-16 लड़ाकू विमान के उड़ान भरने के बाद आया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्यूर्टो रिको के एक हवाई क्षेत्र में 10 F-35 स्टील्थ लड़ाकू विमानों की तैनाती का आदेश दिया है। यह तैनाती वेनेजुएला के साथ बढ़ते तनाव के बीच की जा रही है। वेनेजुएला के दो F-16 लड़ाकू विमानों ने गुरुवार को कैरिबियन में अमेरिकी नौसेना के एक विध्वंसक जहाज के ऊपर से उड़ान भरी, जिसके बाद अमेरिका ने कैरिबियन में अमेरिकी सैन्य अभियानों में हस्तक्षेप करने के खिलाफ वेनेजुएला को कड़ी चेतावनी दी है। यह घटना वेनेजुएला की एक बोट पर अमेरिकी मिसाइल हमले के बाद की है, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि उस बोट पर अवैध मादक पदार्थ लदे हुए थे।
ट्रंप ने दिया मार गिराने का आदेश!
रिपोर्ट में बताया गया है कि ट्रंप ने आदेश दिया है कि अगर वेनेजुएला के F-16 लड़ाकू विमानों से अमेरिकी युद्धपोतों को खतरा महसूस हो तो उन्हें मार गिराया जाए। अमेरिकी रक्षा विभाग ने कहा है कि F-35 लड़ाकू विमानों की तैनाती का उद्देश्य दक्षिणी कैरिबियन में सक्रिय माने जाने वाले मादक पदार्थ-आतंकवादी समूहों के खिलाफ अभियान चलाना है। यह पहली बार हो सकता है, जब किसी देश ने स्टील्थ लड़ाकू विमानों को मादक पदार्थ-विरोधी अभियान के लिए तैनात किया है। अमेरिका आमतौर पर इस क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए ड्रोन और तटरक्षक बल के उपकरणों पर निर्भर करता है।
वेनेजुएला को अमेरिका ने धमकाया
पेंटागन ने एक बयान में कहा, “आज, मादुरो सरकार के दो सैन्य विमान अंतर्राष्ट्रीय जलक्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के एक जहाज के पास से गुजरे।” अमेरिकी बयान में इसे “बेहद भड़काऊ कदम” बताया गया है। कहा गया, “वेनेजुएला को चलाने वाले कार्टेल को सख्त सलाह दी जाती है कि वे अमेरिकी सेना द्वारा चलाए जा रहे मादक पदार्थ-रोधी और आतंकवाद-रोधी अभियानों में बाधा डालने, उन्हें रोकने या हस्तक्षेप करने का कोई और प्रयास न करें।”
वेनेजुएला पर ड्रग्स तस्करी का आरोप लगाया
माना जा रहा है कि F-35 की मौजूदगी दोनों पक्षों के बीच तनाव को और बढ़ा सकती है। ऐसी भी आशंका है कि इससे अमेरिकी F-35 और वेनेजुएला के F-16 के बीच मुठभेड़ की भी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। वर्षों से, ट्रंप प्रशासन यह दावा करता रहा है कि अमेरिका में नशीली दवाओं के ओवरडोज की समस्या वेनेजुएला से कोकीन की खेपों के कारण और बढ़ गई है। पिछले महीने ट्रंप ने ने वेनेजुएला के ड्रग कार्टेल पर अमेरिका में नशीली दवाओं की तस्करी का आरोप लगाया था। उन्होंने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को “दुनिया के सबसे बड़े ड्रग तस्करों में से एक, कार्टेल ऑफ द सन्स का प्रमुख और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा” बताया था।

