अग्नि आलोक

*ट्रंप ने जेलेंस्की के सामने बघारी शेखी, बोले- खत्म होगा यूक्रेन युद्ध*

Share

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की की मेजबानी की है। इस दौरान उन्होंने यूक्रेन में संघर्ष विराम का समर्थन किया। ट्रंप ने कहा कि वह यूक्रेन में शांति के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की डोनाल्ड ट्रंप के साथ व्हाइट हाउस में बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में यूरोपीय देशों के कई नेता मौजूद हैं। यह बैठक डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात के बाद बुलाई है। बताया जा रहा है कि यूक्रेन का भविष्य इस बैठक पर निर्भर कर सकता है। जेलेंस्की भी रूस के खिलाफ एकजुट मोर्चा प्रदर्शित करने के लिए यूरोपीय नेताओं का एक दल लेकर ट्रंप से मिलने पहुंचे हैं। पिछले शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ ट्रंप की शिखर वार्ता में यूरोप के नेताओं को शामिल नहीं किया गया था। इसके बाद ट्रंप ने इन नेताओं के साथ फोन पर बात की थी और मिलने के लिए वॉशिंगटन बुलाया था।

ट्रंप बोले- खत्म होगा यूक्रेन युद्ध

जेलेंस्की के साथ मुलाकात के दौरान ट्रंप ने कहा, “युद्ध खत्म होने वाला है। यह कब खत्म होगा, मैं आपको नहीं बता सकता, लेकिन यह युद्ध खत्म होने वाला है और यह सज्जन इसे खत्म करना चाहते हैं और व्लादिमीर पुतिन भी इसे खत्म करना चाहते हैं। मुझे लगता है कि पूरी दुनिया इससे थक चुकी है। हम इसे खत्म करवाएंगे। मैंने 6 युद्ध खत्म किए हैं और मुझे लगा था कि शायद यह सबसे आसान होगा। और यह सबसे आसान नहीं है।”

ट्रंप ने फिर भारत-पाकिस्तान का लिया नाम

ट्रंप ने कहा, “यह एक कठिन युद्ध है… भारत-पाकिस्तान, हम बड़े देशों की बात कर रहे हैं। आप इनमें से कुछ युद्धों पर नजर डालें, आप अफ्रीका जाकर देखें। रवांडा और कांगो – यह 31 सालों से चल रहा है। हमने कुल 6 युद्ध खत्म किए हैं, जिसमें यह तथ्य शामिल नहीं है कि हमने ईरान की भविष्य की परमाणु क्षमता को पूरी तरह से नष्ट कर दिया… मुझे पूरा विश्वास है कि हम इस युद्ध को खत्म कर देंगे।”

व्हाइट हाउस में यूरोपीय नेता भी पहुंचे

यूरोपीय नेता एक समूह में अमेरिका पहुंच कर जेलेंस्की की फरवरी में ओवल ऑफिस (अमेरिकी राष्ट्रपति का कार्यालय) में हुई बैठक जैसी किसी भी विफलता से बचने की उम्मीद कर रहे हैं। उस बैठक में ट्रंप ने अमेरिकी सैन्य सहायता के लिए पर्याप्त आभार नहीं जताने के लिए जेलेंस्की को कड़ी फटकार लगाई थी। यह बैठक अमेरिका के अपने सबसे करीबी सहयोगियों के साथ संबंधों की भी परीक्षा है, क्योंकि यूरोपीय संघ और ब्रिटेन ने ट्रंप द्वारा शुल्क बढ़ाये जाने को आंशिक रूप से इसलिए स्वीकार किया था कि वे यूक्रेन पर उनका समर्थन चाहते थे।

यूक्रेन संघर्ष विराम पर होगी बात

सोमवार का घटनाक्रम अलास्का बैठक से होने वाली प्रगति और संभावित संकट, दोनों का संकेत है क्योंकि यूरोप के कई नेता यूक्रेन के हितों की रक्षा के स्पष्ट लक्ष्य के साथ वाशिंगटन आ रहे हैं, जो कूटनीतिक शक्ति का एक दुर्लभ और व्यापक प्रदर्शन है। जेलेंस्की ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह जरूरी है कि यूक्रेन और पूरे यूरोप के लिए सुरक्षा गारंटी प्रदान करने के लिए अमेरिका, यूरोप के साथ काम करने पर सहमत हो।’’

ट्रंप ने जेलेंस्की पर बढ़ाया दबाव

ट्रंप ने रविवार रात सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की यदि चाहें तो रूस के साथ युद्ध को लगभग तुरंत समाप्त कर सकते हैं, या फिर वे लड़ाई जारी रख सकते हैं।’’ जेलेंस्की ने रविवार देर रात अपनी पोस्ट के जरिए जवाब देते हुए कहा, ‘‘हम सभी इस युद्ध को जल्द और मजबूती से समाप्त करने की प्रबल इच्छा रखते हैं।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘शांति स्थायी होनी चाहिए’’, लेकिन वैसी नहीं जैसी आठ साल पहले रूस द्वारा क्रीमिया और पूर्वी यूक्रेन के डोनबास के एक हिस्से पर कब्जा करने के बाद थी तथा ‘‘पुतिन ने बस इसे एक नये हमले के लिए एक मंच के रूप में इस्तेमाल किया था।’’

जेलेंस्की ने स्थायी शांति की मांग की

वाशिंगटन पहुंचने पर, जेलेंस्की ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘हम सभी समान रूप से इस युद्ध को शीघ्र और विश्वसनीय रूप से समाप्त करना चाहते हैं। और शांति स्थायी होनी चाहिए।’’ उन्होंने आशा व्यक्त की कि अमेरिका और यूरोपीय देशों के साथ मिलकर यूक्रेन रूस को ‘‘वास्तविक शांति’’ के लिए मजबूर कर पाएगा।

बैठक में कौन-कौन मौजूद

अमेरिका की राजधानी में होने वाली बैठक में जेलेंस्की के साथ यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, इतालवी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब और नाटो महासचिव मार्क रूटे के शामिल है।

Exit mobile version