भोपाल
हाईकोर्ट ने दो आईएएस अफसरों को 7-7 दिन कैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने 50-50 हजार रुपए जुर्माना भी लगाया है। कोर्ट ने छतरपुर के तत्कालीन कलेक्टर शीलेंद्र सिंह और तत्कालीन एडिशनल कलेक्टर अमरबहादुर सिंह को सजा सुनाई है। जिला समन्वयक रचना द्विवेदी के नियम विरुद्ध ट्रांसफर के मामले में जस्टिस जीएस अहलूवालिया की कोर्ट ने शुक्रवार को फैसला सुनाया। कोर्ट के फैसले के बावजूद अफसरों ने आदेश को नहीं माना था। हालांकि एक घंटे बाद इस पर स्टे भी मिल गया।
बता दें कि शीलेन्द्र सिंह वर्तमान में सामाजिक न्याय विभाग भोपाल में उपसचिव हैं। वहीं, अमर बहादुर सिंह जबलपुर संभाग के एडिशनल कमिश्नर हैं।
सजा सुनाए जाने के एक घंटे बाद राहत
जस्टिस जीएस अहलूवालिया के फैसले को चीफ जस्टिस रवि मलिमठ व विशाल मिश्रा की डिविजन बेंच में चुनौती दी गई। इस पर चीफ जस्टिस की बेंच ने आदेश पर स्टे दिया है।
छतरपुर के तत्कालीन एडिशनल कलेक्टर अमर बहादुर सिंह (चश्मा पहने) और तत्कालीन कलेक्टर शीलेंद्र सिंह।
रीवा में आईटीआई के प्राचार्य 50 हजार की घूस लेते गिरफ्तार
रीवा में शासकीय इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट (आईटीआई) के प्राचार्य करण सिंह राजपूत को 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया हैै। कार्रवाई शुक्रवार को रीवा लोकायुक्त ने की। प्राचार्य ने खरीदी सामग्री के बिलों के भुगतान के लिए कमीशन मांगे थे। कॉलेज के परचेज क्लर्क बालेंद्र कुमार शुक्ला ने इसकी शिकायत लोकायुक्त में कर दी।
रीवा में लोकायुक्त की टीम ने आईटीआई के प्राचार्य केएस राजपूत (कुर्सी पर बैठे) को 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया है।
खंडवा में ट्रक ने कार को टक्कर मारी, पांच की मौत
खंडवा में गुरुवार-शुक्रवार की रात ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पांच युवकों की मौत हो गई। हादसा पुनासा क्षेत्र के दौलतपुरा फाटे के पास हुआ। सभी मृतक खरगोन के कसरावद के रहने वाले हैं। मृतकों में भारत (40) पिता चिंताराम निवासी ग्राम कांकरिया, मनीष पिता ताराचंद वर्मा निवासी ग्राम दोगावां, पुखराज पिता चरणदास नामदेव निवासी दोगावां, आदित्य (25) पिता अमित शर्मा निवासी कसरावद सहित एक अन्य है।
खंडवा के पुनासा में ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई।
भोपाल में युवक को चाकू मारे, मौत
भोपाल के कोलार में दुकान के सामने ठेला खड़ा करने को लेकर गुरुवार रात को विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी होने लगी। आरोपियों ने विराम तोमर (22) की हत्या कर दी। एक अन्य युवक विक्रम गंभीर घायल है। वह एसकेएस अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है

