मुंबई
महाराष्ट्र में जारी महामारी के बीच दो बड़ी राहत भरी खबरें आईं। यहां पहली बार एक दिन में 74 हजार से ज्यादा मरीजों ने कोरोना को मात दी। यह किसी भी राज्य में एक दिन में ठीक होने वाले मरीजों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। दूसरी ओर 20 अप्रैल को विशाखापत्तनम गई देश की पहली स्पेशल ट्रेन ऑक्सीजन लेकर नागपुर होते हुए शनिवार सुबह नासिक पहुंच गई। ट्रेन के जरिए 7 लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (LMO) टैंकरों में से तीन को नागपुर और 4 को नासिक में उतारा गया। इन्हें सड़क मार्ग से महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों तक भेजा जाएगा।
शनिवार सुबह 11 बजे की यह तस्वीर ट्रेन के नासिक स्टेशन पहुंचने के दौरान की है।
ब्राजील-अमेरिका से भी ज्यादा मरीज महाराष्ट्र में मिल रहे
महाराष्ट्र में जारी लॉकडाउन के बीच राज्य में छठवीं बार संक्रमित मरीजों की संख्या 60 हजार के पार पहुंच गई है। worldometers के मुताबिक, अमेरिका और ब्राजील को पीछे छोड़ महाराष्ट्र दुनिया में पहला ऐसा स्थान बन चुका है, जहां अब सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 66,836 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इसी दौरान 773 मरीजों की मौतें भी हुईं। इसे जोड़कर राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 63,253 तक पहुंच चुकी है।
केंद्र ने मानी टैंकरों को विमान से ले जाने की सिफारिश
इस बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ऑक्सीजन के खाली टैंकरों को इंडियन एयरफोर्स के विमानों से दूसरे राज्यों के ऑक्सीजन प्लांट्स तक पहुंचाने के लिए अनुमति देने की मांग की थी। इसे प्रधानमंत्री की मौजूदगी में हुई बैठक में मंजूर भी कर लिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इसकी पुष्टि की है। टोपे के मुताबिक, दूसरे राज्यों में ऑक्सीजन के खाली टैंकर को विमान से भेजा जाएगा। ऑक्सीजन भरने के बाद टैंकर ट्रेन या सड़क मार्ग से महाराष्ट्र आएंगे।
मुंबई के धारावी में PPE किट बनाते लोग। संक्रमण के बावजूद अतिआवश्यक सेवाओं से जुड़े उद्योग चल रहे हैं।
दूसरे जिले में जाने के लिए लेना होगा ई-पास
महाराष्ट्र से बाहर या एक जिले से दूसरे जिले में जाने के लिए अब यात्रा पास लेना जरूरी होगा। महाराष्ट्र पुलिस ने पहले लॉकडाउन का यह नियम फिर से लागू कर दिया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक संजय पांडे ने बताया कि राज्य में शुक्रवार से ई-पास सिस्टम फिर लागू कर दिया गया है। पास के लिए लोगों को https://covid19.mhpolice.in पर आवेदन करना होगा। जो लोग ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, वे नजदीकी पुलिस स्टेशन जाकर मदद ले सकते हैं। ई-पास आपात स्थिति में व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए ही जारी किए जाएंगे।
टेली-मेडिसिन और टेली-ICU सेवा पर जोर
इस बीच मुख्यमंत्री ठाकरे ने शुक्रवार को कहा था कि कोरोन के मरीजों का तत्काल उपचार शुरू करने के लिए टेली-मेडिसिन और टेली-ICU सेवा पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना के बिना लक्षण और हल्के लक्षण वाले मरीजों को होम क्वारैंटाइन रखकर डॉक्टरों की सलाह पर उनका उपचार किया जा रहा है। इस काम में सेवानिवृत्त डॉक्टरों और मेडिकल के विद्यार्थियों की मदद ली जा रही है।
ध्यान इस पर कि आर्थिक चक्र न रुके
CM ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कोरोना महामारी को रोकने के लिए लॉकडाउन को अंतिम विकल्प के रूप में इस्तेमाल करने की सलाह दी है, लेकिन महाराष्ट्र में दुर्भाग्य से सख्त पाबंदी लागू करने का समय आ गया है। हालांकि, सरकार इस बात का भी ख्याल रख रही है कि राज्य में आर्थिक चक्र न रुके।
वैक्सीन आयात करने की मिले अनुमति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से कोरोना वैक्सीन के आयात की मांग को केंद्र सरकार को मंजूरी देनी चाहिए, क्योंकि महाराष्ट्र में 18 से 44 आयु वर्ग की जनसंख्या 5 करोड़ 71 लाख है। इस वर्ग के वैक्सीनेशन के लिए 12 करोड़ टीकों की आवश्यकता पड़ेगी। देश की वैक्सीन उत्पादक कंपनियां इतने कम समय में इतनी बड़ी संख्या में आपूर्ति नहीं कर सकेगी।

