मुंबई /नई दिल्ली: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ा हादसा होते होते टल गया. देश की दो प्रमुख एयरलाइंस एयर इंडिया और इंडिगो के विमान आपस में टकरा गए. गनीमत रही कि इस टक्कर में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से दोनों विमानों को तत्काल प्रभाव से ग्राउंड कर दिया गया है, यानी उड़ान भरने से रोक दिया गया है.
घटना उस वक्त हुई जब एयर इंडिया का विमान अपनी उड़ान भरने के लिए तैयार हो रहा था और इंडिगो का विमान लैंडिंग के बाद पार्किंग-वे की तरफ जा रहा था. मुंबई से कोयम्बटूर जा रही फ्लाइट संख्या AI 2732 उड़ान भरने के लिए पुशबैक की स्थिति में थी. ठीक उसी समय हैदराबाद से आई इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 लैंडिंग करने के बाद टैक्सी-वे से गुजर रही थी.इसी दौरान दोनों विमानों के पंख एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए और उनमें टक्कर हो गई. दोनों विमानों के दाहिने पंख (Right Wingtips) एक-दूसरे से टकरा गए. टक्कर होते ही विमान में झटका महसूस हुआ, जिससे यात्रियों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि इस घटना में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है.

बाल-बाल बचे यात्री
हादसे के वक्त दोनों ही विमान यात्रियों से भरे हुए थे. टक्कर के तुरंत बाद एटीसी (ATC) और ग्राउंड स्टाफ हरकत में आया. राहत की बात यह है कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं. एयरलाइंस ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और उन्हें दूसरे विमानों से उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था शुरू कर दी है. दोनों विमान ग्राउंडेड, जांच शुरू हादसे के बाद दोनों विमानों के पंखों को नुकसान पहुंचा है. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को घटना की जानकारी दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है कि आखिर ग्राउंड क्लीयरेंस में चूक कहां हुई. फिलहाल दोनों विमानों को मरम्मत और जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
एयरलाइंस का बयान
घटना के तुरंत बाद दोनों एयरलाइंस ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की. एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि टैक्सीवे पर इंतजार के दौरान उनके विमान का विंगटिप क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके बाद एहतियातन विमान को ग्राउंड कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है. यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और उन्हें गंतव्य तक भेजने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं.
विमान का मेंटेनेंस इंस्पेक्शन
इंडिगो के प्रवक्ता ने भी पुष्टि की कि लैंडिंग के बाद पार्किंग-वे की ओर जाते समय उनके विमान का विंगटिप दूसरे विमान से टकराया. इंडिगो ने बताया कि स्थापित प्रोटोकॉल के तहत मामले की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है और विमान का मेंटेनेंस इंस्पेक्शन चल रहा है. दोनों एयरलाइंस ने यात्री सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है.
डीजीसीए ने शुरू की जांच, सामने आई तकनीकी वजह
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के मुंबई अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए हैं और घटना की जांच शुरू कर दी गई है. तकनीकी रिपोर्ट के अनुसार, दोनों विमान Airbus A320 मॉडल के हैं. यह टक्कर उस समय हुई जब एयर इंडिया का विमान (VT-TYF) टैक्सीवे C1 से M4 की तरफ बढ़ रहा था, और उसी समय इंडिगो का विमान (VT-IFV) टैक्सीवे B1 को जॉइन कर रहा था. इसी दौरान दोनों के दाहिने विंगटिप आपस में रगड़ खा गए. फिलहाल दोनों विमानों को जांच के लिए ‘बे’ (Bay) में वापस भेज दिया गया है. डीजीसीए यह पता लगा रहा है कि ग्राउंड क्लीयरेंस में चूक कहां और किस स्तर पर हुई.