Site icon अग्नि आलोक

उज्जैन STF इंस्पेक्टर दीपिका शिंदे उत्कृष्ट पुलिस सेवा पदक से हुईं सम्मानित

Share

उज्जैन

सेवा, समर्पण और ईमानदारी से ड्यूटी करने वाले मध्यप्रदेश के 182 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अति उत्कृष्ट सेवा और उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया है। जिसमें उज्जैन STF इंस्पेक्टर दीपिका शिंदे, DRP लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक करण सिंह तिलकर, उज्जैन PTS में पदस्थ आरक्षक सतीश वर्मा शामिल हैं।
बहुचर्चित अश्लेषा तिहरा हत्याकांड में आउट ऑफ टर्न प्रमोशन पाकर इंस्पेक्टर बनी थीं दीपिका शिंदे
सेंट्रल होम मिनिस्ट्री की ओर से वर्ष 2017-18 के लिए उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित होने वाली इंस्पेक्टर दीपिका शिंदे ने अपने 22 साल की पुलिस सेवा में कई मर्डर केस का खुलासा किया। साइबर क्राइम में देश भर में एक लाख से अधिक लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाया है। उनका नाम उस समय पूरे देश में गूंजा था, जब वर्ष 2011 में इंदौर के सनसनीखेज अश्लेषा तिहरे हत्याकांड (अश्लेषा, उसकी मां मेघा और अश्लेषा की नानी) का खुलासा किया। इस हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। SI रहते हुए दीपिका न केवल खुलासा किया बल्कि तीनों आरोपियों (नेहा वर्मा, नेहा का प्रेमी राहुल और उसका एक दोस्त) को उनके अंजाम तक पहुंचाया। सेशन कोर्ट से मिली फांसी की सजा पर हाईकोर्ट ने भी मुहर लगा दी है।

एक साल के लिए दक्षिणी सूडान में सेवाएं दी
इंस्पेक्टर दीपिका ने बताया कि उन्हें वर्ष 2012-13 में यूनाइटेड नेशन्स पीस कीपर के रूप में दक्षिणी सूडान में काम करने का मौका मिला। डार्कनेट पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर गिरोह को मुंबई से पकड़ा। यह ऐसा गिरोह था, जो लोगों से न तो OTP पूछता, न ही ATM कार्ड का CVV नंबर और न ही किसी तरह की कॉल आती।
ठगी हो जाने के बाद लोगों के अकाउंट से पैसे निकलने का मैसेज आता था। इस गिरोह का पर्दाफाश कर डार्कनेट पर करीब एक लाख लोगों को ठगने से बचाया था। इंस्पेक्टर दीपिका को उनके कर्तव्यनिष्ठ सेवा के लिए वर्ष 2017-18 में मध्यप्रदेश के प्रतिष्ठित अवॉर्ड केएफ रुस्तम जी से भी सम्मानित किया जा चुका है। जिसमें उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ एक 12 बोर की डबल बैरल बंदूक सरकार की ओर से मिली है।

अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के गुर्गों को दबोचा
वर्ष 2016-17 में उज्जैन में साइबर सेल प्रभारी रहते हुए उन्होंने मुंबई के अंडरवर्ल्ड गिरोह से संबंध रखने वाले बदमाशों काे पकड़ने में अहम भूमिका निभाई थी। मुंबई के मुंब्रा इलाके में बदमाशों को पकड़ने के लिए जान की परवाह नहीं करते हुए उन्होंने बुर्का पहनकर अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के गुर्गों को पकड़ा था। यह गैंग उस समय उज्जैन में लगातार लूट कर रहा था। पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुके इस गिरोह ने आधा दर्जन वारदातों में करीब 55 लाख की लूट की थी।

सिंहस्थ महाकुंभ में CM से हुईं सम्मानित
वर्ष 2016 में उज्जैन में तैनाती के दौरान सिंहस्थ महाकुंभ में उत्कृष्ट सेवा के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें सम्मानित किया। वर्तमान समय में दीपिका शिंदे उज्जैन STF में तैनात हैं।

Exit mobile version