*प्याज लहसुन के दाम दिलाने ,भावांतर की बकाया राशि का भुगतान करने ,किसानो के बकाया का मंडी निधि से भुगतान करने तथा किसानों की उपजाऊ भूमि अधिग्रहण नहीं करने को लेकर*
*भावांतर और किसानों के बकाया को लेकर तथा प्याज लहसुन के भाव के संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा करूगां ,सांसद लालवानी का वादा*

*इंदौर। संयुक्त किसान मोर्चा के आवाहन पर आज इंदौर से लेकर किसानों ने इंदौर के सांसद शंकर लालवानी जी के कार्यालय पर प्रदर्शन किया और उन्हें ज्ञापन देकर मांग की कि प्याज और लहसुन के उचित दाम दिलाने के लिए उन्होंने 4 माह पूर्व जो निर्यात खोलने का आश्वासन दिया था उसे तत्काल लागू करवाएं। भावांतर के बकाया का भुगतान और फरार व्यापारी के 186 किसानों का बकाया का भुगतान मंडी निधि से कराने तथा अधिग्रहण में उपजाऊ भूमि नहीं लिए जाने सहित अन्य मांगे की गई है।*
आज सुबह इंदौर जिले के कई गांव के किसान ओल्ड पलासिया स्थित सांसद शंकर लालवानी के कार्यालय पर एकत्रित हुए और गणेश शंकर विद्यार्थी प्रतिमा से कार्यालय तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। जुलूस प्रदर्शन का नेतृत्व रामस्वरूप मंत्री, बबलू जाधव ,प्रमोद नामदेव,सोनू शर्मा आदि ने किया । शंकर लालवानी को दिए गए ज्ञापन पर गौर करते हुए सांसद ने किसानों के बीच आकर आश्वस्त किया कि वे उनकी सभी समस्याओं से अवगत है और इस संबंध में वे मुख्यमंत्री को आज ही पत्र भी लिखेंगे और चर्चा भी करेंगे । भावांतर राशि के भुगतान नहीं होने के संबंध में उन्होंने कहा कि यह मुझे आज ही आपके द्वारा जानकारी मिली है और यदि ऐसा है तो वह भी शीघ्र भुगतान कराया जाएगा, साथ ही आपने निर्यात खोलने के संबंध में कहा कि इस संबंध में भी केंद्रीय मंत्रियों और मध्य प्रदेश सरकार से चर्चा करेंगे। भूमि अधिग्रहण के बारे में श्री लालवानी का कहना था कि बगैर किसानों की स्वीकृति के पूरे जिले में कोई भूमि अधिग्रहण नहीं होगी ।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से शेलेन्द्र पटेल, लाखन सिंह डाबी, संदीप जाधव, चंदन सिंह बड़वाया, विकास परमार, अंकित पवार, कैलाश डूडी, जयपाल सिंह ,सोनू यादव, मुकेश चौधरी ,अरविंद राठौड़, कैलाश यादव ,मोहम्मद अली सिद्दीकी, सुभाष राठौर, संदीप सिसोदिया, रोहित राठौर ,श्रीराम सिसोदिया ,लीलाधर डाबी, विकास सिसोदिया ,गोकुल सिसोदिया, संदीप सिसोदिया, सहित इंदौर,, देपालपुर, सांवेर महू तहसील के 40- 50 गांव से बड़ी संख्या में किसान शामिल थे ।
प्रदर्शनकारी हाथों में नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे और बड़ी देर तक नारेबाजी भी की प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक रामस्वरूप मंत्री ने कहा कि हम सांसद को किसानों के दर्द को बताने आए हैं और चूंकि केंद्र में और मध्य प्रदेश में उनके दल की सरकार है इसलिए हम चाहते हैं कि वह दोनों सरकारों से बात कर किसानों की समस्याएं हल कराएं । इसी संबंध में आज कलेक्टर ने भी बैठक बुलाई है और भोपाल में भी बैठकों का दौर चल रहा है । आज से विधानसभा का सत्र शुरू हुआ है, और हम उम्मीद करते हैं कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री जो अपने को किसान हितेषी कहते हैं वह सत्र में किसानों की समस्याओं को लेकर घोषणाएं करेंगे । सांसद श्री लालवानी को दिए गए ज्ञापन में मांग की गई है कि लहसुन और प्याज के गिरती कीमतों पर रोक लगाकर किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाया जाए। यदि मंडियों में कम कीमत पर लहसुन और प्याज बिकती है तो मध्य प्रदेश सरकार भावांतर भुगतान योजना चालू करें।
इंदौर के 186 किसानों का करीब पौने तीन करोड़ रुपया लेकर 2019 से एक ही परिवार की पांच व्यापारी पर फमें फरार हैं उनकी संपत्ति भी मंडी समिति ने मंडी में जप्त कर रखी है अतः किसानों का भुगतान मंडी निधि से कराए जाने का आदेश प्रसारित करें और किसानों का भुगतान जल्द से जल्द कराएं।
2018 और 19 में सरकार ने प्याज और सोयाबीन पर भावांतर राशि के भुगतान करने की घोषणा की थी इंदौर जिले में 7000 किसानों का प्याज का भावअंतर राशि बकाया है और करीब 20000 किसानों की सोयाबीन की राशि बकाया है । इसी के साथ गेहूं के बोनस राशि का भी हजारों किसानों का बकाया है ।इसके तत्काल भुगतान के आदेश प्रसारित करें ।