इंदौर नगर निगम के ‘बजट पर चर्चा’ में चर्चा कम हंगामा ज्यादा हुआ। शुक्रवार सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक यानी 9 घंटे चर्चा चली। इसमें शहर के विषय पर कम, आरोप-प्रत्यारोप, प्रदेश-देश के हालात और शेरो-शायरी में ज्यादा समय गुजरा। शहर के मुद्दों पर जमकर तू-तू,मैं-मैं हुआ। भाजपा पार्षदों ने हिंदुस्तान जिंदाबाद, भारत माता की जय, जय श्री राम के नारे लगाए। कांग्रेस पार्षदों ने कहा- भाजपा मुखबिरों की पार्टी है। गांधी के हत्यारे गोडसे की पार्टी है। इन सबके बीच सबसे ज्यादा हंगामा तब हुआ जब कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम ने एक शेर पढ़ा। इस पर इतना हंगामा क्यों हुआ। भाजपा पार्षद कंचन गिदवानी ने भी एक शेर सुनाया।
… वो शेर जिस पर सबसे ज्यादा बवाल हुआ
दोपहर करीब पौने दो बजे कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम को अपनी बात कहने का मौका मिला। उन्होंने अलग-अलग विषयों पर अपनी बात सभापति के सामने रखी। फौजिया शेख अलीम ने सभापति को संबोधित करते हुए कहा- महोदय, जिस तरह से देश में और शहर के हालात चल रहे हैं, मैं आपको एक शेर सुनाती हूं…
‘किसी को लगता है कि हिंदू खतरे में है
किसी को लगता है कि मुसलमान खतरे में है
धर्म का चश्मा उतारकर देखा, आप देखोगे की अपना हिंदुस्तान खतरे में है।’
इस शेर के बाद हंगामा होने लगा। इसी बीच सभापति ने लंच के लिए बैठक को स्थगित कर दिया।
बजट पर चर्चा के दौरान हंगामा करते पार्षद।
सभापति ने एमआईसी मेंबर मनीष शर्मा को अपनी बात रखने को कहा, वह अपनी बात रखते इसी बीच भाजपा पार्षद पूजा पाटीदार ने फौजिया शेख अलीम के शेर पर आपत्ति ली। उन्होंने कहा-फौजिया शेख अलीम ये स्पष्ट करें कि हिंदुस्तान खतरे में कैसे है? इसके बाद एकाएक सभी पार्षदों ने उठकर सभापति के सामने पहुंच गए। कुछ पार्षद कहने लगे कि भारत का इतना गौरवशाली इतिहास रहा है, उस पर इस प्रकार लांछन लगाया जा रहा है। भाजपा पार्षदों ने कहा कि फौजिया शेख माफी मांगे। इस बीच भाजपा पार्षद कंचन गिदवानी ने भी एक शेर सुनाया।
‘लक्ष्य न ओझल होने पाए कदम मिलाकर चल
सफलता तो मिल चुकी है, मोदी संग चल’
पार्षदों की आपत्ति के बाद सभापति ने फौजिया शेख अलीम को कहा-फौजिया जी अपना आशय स्पष्ट करें या अपने शब्द वापस लें। फौजिया शेख अलीम ने कहा कि अगर आपको शेर समझ नहीं आया हो तो मैं दोबारा वह शेर बोल देती हूं। वापस शेर सुना देती हूं, मुझे कोई आपत्ति नहीं है उस शेर से। आज जो देश में संविधान का उल्लंघन किया जा रहा है। उसको लेकर ये शेर बोला है। हिम्मत हो तो फिर सुन लो…
इस पर और हंगामा बढ़ने लगा। कांग्रेस पार्षद अलीम ने कहा कि हिंदुस्तान जितना तुम्हारा है, उतना हमारा भी है। हिंदुस्तान के लिए हमने भी उतने ही बलिदान दिया है, जितना तुमने दिया है। इस पर भाजपा पार्षदों ने आपत्ति ली। उन्होंने भारत माता की जय, जय-जय सियाराम के नारे लगाए। एक पार्षद ने कहा हिंदुस्तान जिंदाबाद है, जिंदाबाद था और रहेगा। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी होती रही।
दैनिक भास्कर ने कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम से बात की …
जिस तरह से शहर के, देश के हालात चल रहे हैं कि कोई दूसरे लोग करते हैं तो उनके ऊपर केस दर्ज हो जाता है और इनकी पार्टी के नेता के रिश्तेदार हमारे कर्मचारियों के ऊपर बंदूक उठा लेते हैं तो उन पर कोई केस दर्ज नहीं होता। बहुत सारी घटनाएं हैं, जो पूरे देश में हो रही हैं। राहुल गांधी को ले लीजिए, उनकी सदस्यता खत्म कर दी जाती है और दूसरे लोगों को छोड़ दिया जाता है। इन सारे हालातों को देखकर ये शेर बोला।
मुखबिरों की पार्टी पर पूछे सवाल पर कहा कि क्या गलत बोला
एक सवाल के जवाब में वे बोली हिंदुस्तान में जिस तरह के हालात चल रहे हैं, उस जगह पर आप उस शेर को रखेंगे तो आप भी उसे गलत वे में नहीं ले जाएंगे।
मुझे आश्चर्य होता है उनकी सोच पर: एमआईसी मेंबर अभिषेक
एमआईसी मेंबर अभिषेक शर्मा (बबलू)।
इस मामले में एमआईसी मेंबर अभिषेक शर्मा (बबलू) ने कहा कि मुझे आश्चर्य होता है उनकी सोच पर। काफी गंभीर और सीनियर पार्षद हैं। उनको सदन की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। ये तो पूरा देश जानता है कि भाजपा हमेशा राष्ट्रवाद को लेकर काम करने वाली पार्टी है। किस तरह से पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारे देश का नाम पूरे विश्व में हो रहा है और हम जो विश्व सर्वोपरी होने का सपना देखते हैं। उसको पूरा करने जा रहे हैं। कांग्रेस पार्षद की ये बात उनकी मानसिकता दर्शाता है। सीनियर पार्षद हैं, उन्हें ऐसी बात नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्षद अगर अपना आशय सही तरीके से सदन में नहीं रख पा रही हैं तो ये दुर्भाग्य की बात है।
प्रश्नकाल को टालने की कोशिश की गई: महापौर भार्गव
महापौर पुष्यमित्र भार्गव कहा कि विपक्ष ने क्या कहा, वह सब आपके सामने है, लेकिन जिस तरीके से और मुद्दों पर चर्चा व बहस हो सकती थी। केवल प्रश्नकाल पर उन्होंने उसे टालने की कोशिश की है।
अब आपको बताते हैं ‘बजट चर्चा’ में क्या हुआ था
नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा- कल मेरे कारण सभापति के सम्मान में उन्हें या किसी को ठेस पहुंची हो तो मैं माफी मांगता हूं। माफी मांगने से कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, अपने कर्मों से बड़ा होता है।
नगर निगम के परिषद सम्मेलन में शुक्रवार को बजट पर बहस के दौरान विपक्ष ने सत्ता पक्ष को आड़े हाथ लिया। ‘ नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा-यहां 85 वार्डों के पार्षद हैं। ऐसा कौन पार्षद है, जो माता-पिता और ईश्वर को साक्षी मानकर कह दे कि उसके वार्ड में नर्मदा का पर्याप्त पानी आता है और गंदा पानी नहीं आता है। 2021 से सुन रहे हैं अमृत-2, अमृत-2, अमृत-2 आएगा। कब आएगा? कब डीपीआर बनेगी। कब सरकार मंजूर करेगी और कब योजना मूर्तरूप लेगी? 8 महीने से ज्यादा समय हो गया। जनता इसका हिसाब मांग रही है। नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा- परदेशीपुरा वार्ड से क्लर्क कॉलोनी तक गंदे पानी का बोलबाला है। न प्रेशर से पानी आता है और न शुद्ध जल मिलता है। 30 दिन का बिल देते हैं और 15 दिन पानी देते हैं। जलूद से आने वाले पानी का ऑडिट करवाया जाना चाहिए। कहां पानी लीकेज हो रहा, कहां पानी की चोरी हो रही, इसकी पूरी रिपोर्ट बनाना चाहिए। एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा मामा ने जवाब में कहा- साल 2000 के पहले दो मंजिला मकान वालों को नीचे पानी लेने जाना पड़ता था। एक ही सरकारी नल होता था, अब घर-घर में पानी है।
भाजपा पार्षद ने भी गंदे पानी का मुद्दा उठाया
भाजपा पार्षद लालबहादुर वर्मा ने भी गंदे पानी का मुद्दा उठाया। इस पर कांग्रेसी पार्षद बोले कि आप ही की पार्टी के पार्षद ने हिम्मत दिखाई है। उन्हें बोलने दीजिए। आईना दिखा रहे हैं। वर्मा ने कहा मैं वार्ड में लोगों काे क्या मुंह दिखाऊंगा कि गंदे पानी की समस्या से कब निजात मिलेगी। आज भी छुपकर बैठा था।
फ्री वाई फाई से शहर डिजिटल नहीं बन सकता: नेता प्रतिपक्ष
केवल फ्री वाई फाई से शहर डिजिटल नहीं बन सकता। राजबाड़ा पर देवी अहिल्या लोक बनाने को लेकर कहा कि यह संग्रहालय लालबाग पर बने। ग्रीन सिटी का मामला खोखला है। पौधरोपण तो हर बार ही होता है। ट्रैफिक सुधारने के दावे पर कहा कि लेफ्ट टर्न ठीक करने से ट्रैफिक नहीं सुधर जाता। नाला टैपिंग के नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। सीवरेज लाइन के नाम पर भी ऐसा ही कुछ हो रहा है। पटेल नगर बावड़ी हादसे के बाद शहर के कुएं-बावड़ी पुनर्जीवित करने की बात हुई थी। यह एक्शन प्लान 3 दिन में ही खत्म हो गया।

