अग्नि आलोक

विधानसभा में पेपर लीक और बर्बाद फसलों पर हंगामा:कांग्रेस ने किया सदन से वॉकआउट

Share

मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के 11वें दिन विपक्ष ने सरकार को महू की घटना, ओलों से तबाह फसल, 10वीं-12वीं के पेपर लीक होने पर घेरा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि 20 लाख स्टूडेंट्स के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। बच्चों की फीस वापस की जाए। ओलों से किसान बर्बाद हो गए, अब तक सर्वे शुरू नहीं हुआ। राजस्व अधिकारियों की हड़ताल रोकने के लिए सरकार ने कोई पहल नहीं की। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर वॉकआउट करती है।

कांग्रेस के वॉकआउट पर संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ये तरीका ठीक नहीं। बिना जवाब सुने वॉकआउट करते हैं। इनके दोनों नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह एक भी खेत में नहीं गए। ये घडियाली आंसू बहाते हैं।

प्रश्नकाल के बाद सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। थोड़ी देर बाद 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इसके बाद मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

मंत्री से स्पीकर बोले- सरकार की क्यों बदनामी कराते हो

रीवा संभाग के तीन विधायकों ने मेडिकल कॉलेज के डीन पर गंभीर आरोप लगाए। विधायक शारदेंदु तिवारी ने रीवा मेडिकल कॉलेज के डीन पर कर्मचारियों के बिलों को रोकने का मामला ध्यानाकर्षण के जरिए उठाया। पंचूलाल प्रजापति ने रीवा मेडिकल कॉलेज के डीन पर प्राइवेट अस्पताल संचालित करने का मामला उठाया। कुंवर सिंह टेकाम ने भी पंचू लाल की बात का समर्थन करते हुए कहा कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में इलाज मिलने के बजाए प्राइवेट अस्पताल में मरीजों को भेजकर लूटा जा रहा है। स्पीकर गिरीश गौतम ने मंत्री विश्वास सारंग से कहा- डीन को हटा दो, सरकार की बदनामी क्यों कराते हो।

कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ओलावृष्टि के कारण खराब हुई फसल लेकर विधानसभा पहुंचे। विधायक फसल के साथ गांधी प्रतिमा के नीचे बैठ गए।

​​​​​​आज के बयान…

जिनके घर बुलडोजर चले, हम उनकी लड़ाई लड़ेंगे
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने सदन शुरू होने से पहले कहा, जिनके घरों पर बुलडोजर चले हैं उनकी कानूनी लड़ाई कांग्रेस लड़ेगी। ऐसे लोग हमसे मिलें, हम सुप्रीम कोर्ट तक उनके लिए लड़ेंगे। सजा देने का काम न्यायपालिका का है, मुख्यमंत्री का नहीं। महू घटना के दोषियों पर बुलडोजर नहीं चला, सिर्फ निर्दोषों के घर बुलडोजर चलाया जा रहा है।

नरोत्तम बोले, कमलनाथ-दिग्विजय की राजनीति झूठ बोलने की

नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ और दिग्विजय पर हमला करते हुए कहा, बड़े भैया कर्मचारियों को धमकाते हैं और यह नेताओं और मंत्रियों को। इसको अगर कोई अड़ीबाजी कह देगा तो बुरा मान जाते हैं। 20 साल से हार रहे हैं। इनकी राजनीति सिर्फ झूठ बोलने की है और झूठ पर ही आधारित राजनीति कांग्रेस करती है।

सीएम ने कहा था- एक-एक पैसा चुकाऊंगा, इसका समय आ गया

कालापीपल से कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने कहा, सरकार मुंह चलाने की जगह काम पर ध्यान दे। सदन में सारे काम रोककर सिर्फ दो दिन किसानों पर चर्चा होना चाहिए। नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह बोले- सभी किसानों को राहत राशि दी जाएगी। कांग्रेस ने तो अपने समय एक पैसा किसानों को नहीं दिया। कांतिलाल भूरिया ने कहा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा था कि मैं एक-एक पैसा किसानों का चुकाऊंगा। अब इसका समय आ गया है।

विधानसभा अपडेट्स

बीजेपी विधायक का मंत्री से सवाल

सागर में छात्रवृत्ति घोटाला

मंत्री सारंग और विधायक परमार में बहस

जब कांग्रेस विधायक, मंत्री से बोले- भाषण नहीं, बीजेपी विधायक को जवाब दीजिए

Exit mobile version