Site icon अग्नि आलोक

बाड़ों में बंद शहरी सरकार:जोड़-तोड़ के लिए कई जगह दूसरे के खेमों में तोड़-फोड़

Share

जयपुर

प्रदेश में 90 निकायों में चुनाव परिणाम जारी हो चुके हैं। इनमें से करीब 45 निकायों ऐसे हैं जहां जोड़-तोड़ से सरकार बनेगी। बड़ी तादाद में इस बार निर्दलीय पार्षद जीते हैं। इन निर्दलीयों के बूते सत्ता का किला खड़ा करने के लिए कांग्रेस और भाजपा ने पूरी ताकत झौंक रखी है।

होटलों ने अब किलों की शक्ल ले ली है। धनबल और बाहुबल का पहरा चारों तरफ बैठा दिया गया है। भाजपा ने निवाई में एनसीपी को अपने खेमें में मिलाकर सांठगांठ की पहली जंग जीत ली है। अब कांग्रेस खेमा भी चौकन्ना हो गया है। 7 फरवरी को पता चलेगा कि सेंधमारी में कौन किसे पछाड़ता है।
प्रतापगढ़ नगर परिषद : भाजपा बहुमत में, फिर भी टूट का है डर
प्रतापगढ़ नगर परिषद में 40 में से 21 भाजपा काे, 19 कांग्रेस काे मिली है। निर्दलीय कोई नहीं जीता है। लेकिन डर इस बात का है कि अगर एक-दो पार्षद भी इधर उधर हुए तो आती सत्ता हाथ से फिसल जाएगी। छोटीसादड़ी नगरपालिका के 25 सीटों में से 14 कांग्रेस की आई है। यहां भाजपा के 11 पार्षद जीते हैं। कांग्रेस के पार्षदों को छोटीसादड़ी, धरियावद, उदयपुर में रखा है। भाजपा के पार्षदाें को नीमच, निंबाहेड़ा में रखा है।

राजसमंद नगर परिषद : पर्याप्त संख्या बल होने के बाद भी कांग्रेस में बाड़ेबंदी
परिषद में 45 वार्ड हैं। 26 में कांग्रेस, 18 में भाजपा, 1 निर्दलीय जीतकर आया है। कांग्रेस के पार्षद नाथद्वारा में हैं। भाजपा ने अलग बाड़ाबंदी कर रखी है। देवगढ़ नगरपालिका में यहां 25 सीटों में से 14 में भाजपा, 11 में कांग्रेस है। यहां कांग्रेस जोड़-तोड़ में लगी है, लेकिन भाजपा के सभी पार्षद पूर्व विधायक हरिसिंह रावत के नेतृत्व में बाड़ाबंदी में चल रहे हैं। भाजपा के पार्षद कुंभलगढ़ की होटल में रखे हैं।

झालावाड़ : भाजपा का बोर्ड तय, फिर भी पार्षद बाड़े में
झालावाड़ नगर परिषद में स्थिति साफ है। भाजपा के पास 25 तो कांग्रेस के पास 17 सीटें हैं। निर्दलीय 3 सीटों पर जीते हैं। भाजपा का बोर्ड बनना तय है। इसके बाद भी कांग्रेस और भाजपा के पार्षद बाड़ेबंदी में हैं। झालरापाटन में भाजपा के पास 20 जबकि कांग्रेस के पास 14 सीटें हैं। एक सीट अन्य के पास है। यहां भी भाजपा के लिए स्थिति साफ है।

कांग्रेस की बात करें तो यहां तीन गुटों में कांग्रेस बंटी है। भवानीमंडी नगरपालिका में भाजपा और कांग्रेस के पास 19-19 सीटें हैं। यहां 2 निर्दलीय हैं। यहां कांग्रेस ने कड़ी बाड़ेबंदी की हुई है। बताया जा रहा है कि निर्दलीयों पार्षदों को कांग्रेस खेमें में हैं। पिड़ावा में कांग्रेस के 10, भाजपा के 9 और एक निर्दलीय जीता है। भाजपा ने निर्दलीय का आवेदन अध्यक्ष के लिए भरवा दिया है।
जैसलमेर : निर्दलीयों के सहारे बनेगा बोर्ड
पोकरण नगरपालिका चुनाव रोमांचक मोड़ पर है। 25 वार्डों की नगरपालिका में दोनों ही दलों को बहुमत नहीं मिला है और निर्दलीयों के भरोसे अध्यक्ष बनाने की जोड़ तोड़ चल रही है। कांग्रेस के खेमे में 9 पार्टी के और दो निर्दलीय पार्षद मौजूद है। भाजपा के खेमे में 10 पार्टी के और 2 निर्दलीय पार्षद शामिल है।

भीलवाड़ा नगर परिषद: भाजपा-कांग्रेस के पास बहुमत नहीं, जोड़-तोड़ में कांग्रेस आगे निकली

यहां भाजपा-कांग्रेस के पास बहुमत नहीं है, लेकिन यहां जोड़तोड़ में भाजपा आगे निकल चुकी है। जहाजपुर में भाजपा को बहुमत है, लेकिन यहां कांग्रेस नेता भाजपा के कुछ पार्षदों को तोड़ने में लगे है। आसींद में बहुमत कांग्रेस को है, लेकिन पार्षद पति-पत्नी कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो रहे हैं। गुलाबपुरा में भाजपा की कांग्रेस से एक सीट ज्यादा है, लेकिन तीन निर्दलीय हैं। दोनों पार्टियां निर्दलियों को पदों के ऑफर दे रही। मांडलगढ़ में भाजपा कांग्रेस से दो सीट आगे है, लेकिन यहां 6 निर्दलीय होने से दोनों पार्टी इन्हें प्रलोभन दे रही हैं।

Exit mobile version