Site icon अग्नि आलोक

इंदौर में निर्दलीय के नाम से परमिशन पर संजय शुक्ला का प्रचार कर रहा वाहन जब्त

Share

इंदौर

इंदौर नगर निगम चुनाव के मतदान की तारीख नजदीक आ रही है। ऐसे में सभी दलों ने अपना प्रचार तेज कर दिया है। ऐसे ही एक प्रचार वाहन को पुलिस ने जब्त किया है। यहां महापौर पद के निर्दलीय प्रत्याशी की गाड़ी कांग्रेस प्रत्याशी का प्रचार करते हुए पकड़ाई है। पुलिस ने जब ड्राइवर से गाड़ी की परमिशन मांगी तो वो चौंक गई क्योंकि गाड़ी पर संजय शुक्ला के नाम से पोस्टर लगे हुए थे और इलाके में उन्हीं का प्रचार कर रहा था। लेकिन परमिशन एक निर्दलीय उम्मीदवार के नाम से थी। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

थाना प्रभारी रविन्द्र गुर्जर के अनुसार विजय नगर इलाके के सयाजी चौराहे पर बीट आरक्षकों को रात 8 से 9 बजे के बीच महापौर पद के कांग्रेस उम्मीदवार संजय शुक्ला के बैनर लगी हुई एक गाड़ी दिखाई दी । गाड़ी क्रमांक MP-09-GB – 2652 के चालक अजय माली पिता छोटे लाल माली निवासी बड़े भैया का बाड़ा बाणगंगा ने उसे प्रचार वाहन बताया। लेकिन अजय से जब प्रचार की परमिशन मांगी गई तो उसने एक निर्दलीय प्रत्याशी संतोष शर्मा के नाम से पुलिस को परमिशन दिखाई। जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया। जिस महापौर प्रत्याशी के नाम से परमिशन थी, वो अब तक सामने नहीं आए हैं। पुलिस ने निर्वाचन विभाग को इस संबंध में सूचना दी है। वहीं पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ धारा 188 के तहत कार्यवाही भी की है।

मामले को लेकर दोनों ही उम्मीदवारों से की गई चर्चा

मुझे कोई जानकारी नहीं है। मैं थाने जाकर इस बात की जानकारी लेता हुं। मैं अभी अपने चुनाव प्रचार में लगा हुं। — निर्दलीय प्रत्याशी संतोष शर्मा

पूरे मामले को लेकर संजय शुक्ला से भी बात करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन रवि नामक कार्यकर्ता ने उठाया और उनका कहना था कि संजय जी चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। उनके फ्री होने पर ही मैं उनसे आप की बात करवा सकता हूं।

Exit mobile version