Site icon अग्नि आलोक

वाइस एडमिरल आर हरि कुमार नौसेना प्रमुख बनाए गए; शीलवर्धन सिंह CISF और अतुल करवाल को NDRF की कमान

Share

केंद्र सरकार ने वाइस एडमिरल आर हरि कुमार को अगला नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है। वे वर्तमान चीफ एडमिरल करमबीर सिंह की जगह लेंगे जो 30 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं। हरि कुमार वर्तमान में पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ हैं।

इसके साथ ही सरकार ने दो अन्य नियुक्तियां भी की हैं। वरिष्ठ IPS अधिकारी शीलवर्धन सिंह को CISF और अतुल करवाल को NDRF का प्रमुख नियुक्त किया गया है। बिहार कैडर के 1986 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी सिंह वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो में विशेष निदेशक हैं। उनका कार्यकाल अगस्त 2023 तक होगा।

गुजरात कैडर के 1988 बैच के IPS अधिकारी करवाल को दो साल की अवधि के लिए पद को अस्थायी रूप से डीजी के स्तर पर अपग्रेड करके एनडीआरएफ का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।

आज की अन्य प्रमुख खबरें…

SBI के पूर्व चेयरमैन प्रतीप चौधरी को मिली जमानत
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के पूर्व अध्यक्ष प्रतीप चौधरी को मंगलवार को जैसलमेर की एक अदालत ने जमानत दे दी। चौधरी को धोखाधड़ी से एक होटल बेचने के आरोप में 1 नवंबर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। चौधरी को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश दलपत सिंह राजपुरोहित ने जमानत दे दी। चौधरी को 31 अक्टूबर को दिल्ली में उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था।

तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश के कारण 10-11 नवंबर को स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे

तमिलनाडु और पुडुचेरी में लगातार बारिश के कारण 10 और 11 नवंबर को स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। पुडुचेरी के शिक्षा मंत्री ए नमस्सिवयम ने मंगलवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश और कराईकल में सभी स्कूल और कॉलेज 10 और 11 नवंबर को बंद रहेंगे। वहीं तमिलनाडु सरकार ने मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर नौ जिलों- चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, कुड्डालोर, नागपट्टिनम, तंजावुर, तिरुवरूर और मयिलादुथुराई में 10 और 11 नवंबर को छुट्‌टी घोषित की है।

कश्मीर में इस साल 112 आतंकवादी मारे गए, 135 गिरफ्तार
सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) ने मंगलवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर में इस साल अब तक कुल 112 आतंकवादी मारे गए हैं, 135 पकड़े गए और दो ने आत्मसमर्पण किया। इसके साथ ही इस साल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कुल 13 माओवादी मारे गए, 603 पकड़े गए और 486 ने आत्मसमर्पण किया है।

आंदोलन का एक साल पूरा होने पर 29 नवंबर को संसद तक ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे किसान

संयुक्त किसान मोर्चा ने कुंडली बॉर्डर पर मीटिंग के बाद ट्रैक्टर मार्च का ऐलान किया।

कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के एक साल होने पर किसान 29 नवंबर को संसद भवन तक ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे। इसमें करीब 500 किसान शामिल होंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने मंगलवार को अपनी बैठक के बाद इसका ऐलान किया। किसान मोर्चा की यह मीटिंग कुंडली बॉर्डर पर हुई थी। इसमें सभी बड़े किसान नेता मौजूद रहे। किसानों के आंदोलन का 26 नवंबर को एक साल पूरा हो जाएगा। 29 नवंबर से ही संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हो सकता है। उसी दिन किसानों के ट्रैक्टर मार्च के ऐलान से फिर टकराव के हालात बनने की आशंका है।

कश्मीर में आम लोगों की हत्याओं के बाद CRPF 5 अतिरिक्त कंपनियां भेजेगी​​​​​

जम्मू-कश्मीर में हाल ही में आम लोगों की हत्याओं के मद्देनजर CRPF ने 5 अतिरिक्त कंपनियां भेजने का फैसला लिया है। एक हफ्ते के अंदर इन कंपनियों को वहां तैनात कर दिया जाएगा। CRPF ने पहले ही जम्मू-कश्मीर में 25 कंपनियां भेज रखी हैं।

पिछले कुछ वक्त से आतंकियों के हमले का पैटर्न बदला है। अब वे सुरक्षाबलों के जवानों के बजाय आम लोगों खासतौर से गैरकश्मीरियों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में यहां रहने वाले लोगों में दहशत है। वे कश्मीर से जम्मू की ओर शिफ्ट हो रहे हैं।

झारखंड के गिरिडीह में नदी में डूबने से 4 बच्‍चों की मौत
गिरिडीह में मंगलवार को उसरी नदी के छठ घाट पर डूबने से चार बच्‍चों की मौत हो गई। इससे 4 घरों में मातम पसर गया है। घटना सदर प्रखंड के मंगरौडीह स्थित उसरी नदी में हुई। परिजन ने बताया कि चारों बच्चे अपनी मां के साथ छठ पूजा की तैयारी करने घर से 200 फीट दूर नदी पर बने घाट गए थे। मां पूजा की तैयारी कर रहीं थीं। इसी दौरान बच्चे खेलते हुए नदी में चले गए।

जब एक घंटे बाद भी बच्चे घर नहीं लौटे, तो लोग उन्हें खोजने लगे। तभी लोगों को एक बच्चे का शव पानी में तैरता दिखा। इसके बाद जब तलाश की गई तो सभी वहां नीचे मृत मिले। इसके बाद एक-एक कर बच्चों को निकाला गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी में 10 फीट गहरी खोह है। इसका अंदाजा बच्चों को नहीं लग सका और सभी उसी में समा गए।

बिहार के मुजफ्फरपुर में 4 की मौत, जहरीली शराब से मौत की आशंका

बिहार के मुजफ्फरपुर में 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अशोक राय (50), सुमित कुमार उर्फ गोपी (28), दिलीप राय (50) और रामसीखिल राय (65) के रूप में की गई। वहीं, 6 लोग बीमार हैं। परिजनों ने उनको जहरीली शराब पिलाने की आशंका जताई है। घटना कांटी थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव की है।

बताया जा रहा है कि दिलीप मुखिया प्रत्याशी चितरंजन कुमार के ससुर हैं। परिजन अभी कुछ नहीं बोल रहे हैं। शव का दाह संस्कार भी कर दिया गया है। इधर, SSP जयंतकांत ने बताया कि 4 लोगों की मौत हुई है। DSP वेस्ट अभिषेक आनन्द के नेतृत्व में गांव में जाकर टीम पूछताछ कर रही है। अभी जहरीली शराब पीने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।

देश में जीका के सबसे ज्यादा मामले उत्तर प्रदेश में

देश में अब तक सबसे ज्यादा जीका पॉजिटिव केस कानपुर में मिले हैं। कानपुर में महज 15 दिन में 6 किमी. दायरे के 16 मोहल्ले इसकी चपेट में आए हैं और 118 केस मिले हैं। इसमें 18 बच्चे भी शामिल हैं। कानपुर के अलावा कन्नौज में भी एक केस सामने आया है। इसके साथ ही यूपी सबसे ज्यादा जीका मरीजों वाला राज्य बना गया है। 2021 में इतने केस किसी भी राज्य में नहीं आए हैं। इससे पहले साल 2018 में राजस्थान में देश में सर्वाधिक 159 केस मिले थे। जबकि केरल में इस साल अब तक 70 पॉजिटिव मिल चुके हैं।

तालिबान सरकार का विदेश मंत्री जल्द ही पाकिस्तान जाएगा

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार का कार्यकारी विदेश मंत्री आमिर खान मुतक्की जल्दी ही पाकिस्तान की यात्रा करेगा। मुतक्की की इस यात्रा पर चीन भी बारीकी से नजर रखे हुए है। चीन के ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस यात्रा के जरिए पाकिस्तान और अफगानिस्तान आपसी संबंधों को मजबूत करना चाहते हैं।

पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI तालिबान नेताओं को संरक्षण देती रही है, लिहाजा मुतक्की की पाकिस्तान यात्रा में दोनों देशों के बीच रिश्ते मजबूत करने को लेकर कोई समझौता हो सकता है।

लखीमपुर में मंत्री के बेटे आशीष और दोस्त की राइफल से चली गोली

लखीमपुर हिंसा मामले बड़ा खुलासा हुआ है। FSL से आई बैलिस्टिक रिपोर्ट में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष की रिवाल्वर और राइफल से फायरिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस ने गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे और मुख्य आरोपी आशीष मिश्र और उसके दोस्त अंकित दास के चार असलहों को जब्त किया था। इसमें अंकित दास की रिपीटर गन, पिस्टल और आशीष मिश्रा की राइफल और रिवाल्वर शामिल थी। पुलिस ने चारों असलहों की FSL रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट में इन्हीं असलहों से फायरिंग की पुष्टि हुई है। अंकित दास और लतीफ SIT के सामने जान बचाने के लिए फायरिंग की बात स्वीकार कर चुके हैं।

मुंबई में इमारत गिरी, 9 को बचाया गया; राहत और बचाव का काम जारी

मुंबई के एंटोप हिल इलाके में एक घर ढह गया है। जानकारी के मुताबिक इमारत साउथ-सेंट्रल मुंबई में एंटोप हिल इलाके के जय महाराष्ट्र नगर में बनी थी। इस इमारत के गिरने के बाद 9 लोगों को बचा लिया गया है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में किसी और के फंसे होने की आशंका के मद्देनजर रेस्क्यू टीम खोजबीन में जुटी है। दमकल की 4 गाड़ियां घटनास्थल पर मौजूद हैं।

मुकेश अंबानी के घर का पता पूछ रहे दो संदिग्धों में से एक हिरासत में

बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया का पता पूछने वाले दो संदिग्धों में से पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया है। उससे ATS पूछताछ कर रही है। नवी मुंबई से हिरासत में लिया गया यह शख्स एंटीलिया को देखने के लिए पता पूछ रहा था। दरअसल कल एक टैक्सी ड्राइवर ने पुलिस को संदिग्धों के बारे में सूचना दी थी, जिन्होंने उससे मुकेश अंबानी के घर का पता पूछा था। ड्राइवर ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके बताया था कि दोनों शख्स उर्दू में बात कर रहे थे। इसके बाद एंटीलिया की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

संसद का विंटर सेशन 29 नवंबर से, 24 दिन के सत्र में 20 बैठकें

संसद का शीतकालीन सत्र 29 नवंबर से शुरू होने के आसार हैं। सूत्रों के मुताबिक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली संसदीय मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति यानी CCPA ने राष्ट्रपति को भेजी सिफारिश में 29 नवंबर से 23 दिसंबर तक सत्र बुलाने की बात कही है। CCPA ने अपनी सिफारिश में कहा है कि विंटर सेशन में लोकसभा और राज्यसभा की कार्रवाई साथ-साथ चलेगी।

यह सेशन इसलिए बेहद अहम है कि इसका आयोजन उत्तर प्रदेश समेत 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हो रहा है। पार्लियामेंट का विंटर सेशन भी कोविड प्रोटोकॉल के मुताबिक ही आयोजित किया जाएगा। पिछले साल संसद का विंटर सेशन कोरोना की वजह से आयोजित नहीं हुआ था, वहीं मानसून सेशन को भी तय समय से पहले ही खत्म कर दिया गया था।

आंध्र और ओडिशा के CM की बैठक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी मंगलवार को भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों राज्यों के सीएम अंतरराज्यीय सीमा विवाद, पोलावरम परियोजना और वामसाधारा नदी पर बैराज के निर्माण सहित कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि लोक सेवा भवन में मंगलवार को शाम 5 बजे से नवीन पटनायक और वाई एस जगन मोहन रेड्डी के बीच होने वाली बैठक में कोरापुट जिले के गांवों के कोटिया क्लस्टर, वामसाधारा नदी पर नेराडी बैराज के निर्माण और पोलावरम मल्टी से संबंधित मुद्दों को उठाने की संभावना है।

Exit mobile version