अमेरिका, मास्टरकार्ड के पूर्व CEO अजय बंगा को वर्ल्ड बैंक अध्यक्ष पद के लिए नामित कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन ने गुरुवार को यह जानकारी दी। वर्ल्ड बैंक के वर्तमान प्रमुख डेविड मलपास ने जल्दी पद छोड़ने की घोषणा की है। वर्ल्ड बैंक ने उम्मीदवार नामांकन स्वीकार करना शुरू कर दिया है। वर्ल्ड बैंक का अध्यक्ष आम तौर पर अमेरिकी होता है, जबकि अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष का प्रमुख पारंपरिक रूप से यूरोपीय होता है।
63 वर्षीय बंगा भारतीय-अमेरिकी हैं और वर्तमान में इक्विटी फर्म जनरल अटलांटिक में वाइस चेयरमैन हैं। उन्हें 2016 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
तमिलनाडु में आतंकियों के घुसने की सूचना, पुलिस हाई अलर्ट पर
तमिलनाडु में कुछ आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के बाद राज्य में पुलिस को हाई अलर्ट कर दिया गया है। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से राज्य में कुछ इस्लामिक आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली है।
हावड़ा में हावड़ा-अमता लोकल ट्रेन के 3 डिब्बे पटरी से उतरे, ट्रेनों की आवाजाही पर असर
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में गुरुवार को हावड़ा-अमता लोकल ट्रेन के 3 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा माजू रेलवे स्टेशन के पास हुआ। इससे ट्रेनों की आवाजाही कुछ देर प्रभावित रही। बाद में दुर्घटना राहत ट्रेन के साथ दक्षिण पूर्व रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पहली मध्यम दूरी की जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल (MRSAM) रेजिमेंट को पूर्वी कमान में तैनात किया
पहली मध्यम दूरी की जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल (MRSAM) रेजिमेंट को पूर्वी कमान में तैनात किया गया है। रेजिमेंट को डीआरडीओ में स्वदेशी रूप से विकसित वेपन सिस्टम (MRSAM) से लैस किया गया है। गुवाहाटी डिफेंस पीआरओ ने यह जानकारी दी।
MP की महिला की मद्रास हाईकोर्ट में अर्जी- परिवार मेरी बलि दे देगा, भाई को भी मार दिया; उन्हें भाजपा-संघ का सपोर्ट
मध्य प्रदेश की महिला ने बलि चढ़ाने की आशंका से पर्याप्त पुलिस सुरक्षा की मांग करते हुए मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। 23 साल की महिला ने आरोप लगाया कि उसकी सौतेली मां सहित परिवार के सदस्य उसकी बलि देने की कोशिश कर रहे हैं। इस बात का पता चलते ही वह तमिलनाडु भाग गई। वह अब वहीं रह रही है। उसने कहा कि उसके माता-पिता प्रभावशाली हैं। उन्हें RSS और भाजपा का समर्थन प्राप्त है। इसलिए उसने उनके खिलाफ पहले कोई शिकायत नहीं की है।
उसने कहा कि उसके परिवार ने पहले ही उसके 10 साल के भाई और दो अन्य अज्ञात लोगों की बलि दी है। इसलिए एक दोस्त की मदद से वह तमिलनाडु आ गई क्योंकि यह महिलाओं के लिए सुरक्षित जगह है।महिला ने बताया कि वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पूर्णकालिक कार्यकर्ता थी। केवल माता-पिता के कारण संगठन में शामिल हुई थी। महिला ने अर्जी में कहा कि उसने कोर्ट से गुहार इसलिए लगाई है कि उसकी जान को खतरा है। उसे डर है कि वह मानव बलि के नाम पर मार दी जाएगी।
पटना में BTSC कैंडिडेट्स पर लाठीचार्ज, VIDEO:4 साल से पेंडिंग है रिजल्ट; BJP ऑफिस का घेराव करने जा रहे थे
पटना में पुलिस ने BTSC कैंडिडेट्स पर लाठीचार्ज किया है। इन कैंडिडेट्स का रिजल्ट 4 साल से पेंडिंग है। इसे जारी करने की मांग को लेकर गुरुवार सुबह से कैंडिडेट्स सड़कों पर उतरे थे। साढ़े 12 बजे ये कैंडिडेट्स बीजेपी ऑफिस का घेराव करने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोका।
इसके बाद कुछ लोगों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। पुलिस ने लाठीचार्ज कर सभी को वहां से हटाया। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
दिल्ली शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल के पर्सनल असिस्टेंट को समन, ED ने पूछताछ के लिए बुलाया
दिल्ली शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय ( ED) ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पर्सनल असिस्टेंट से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा था।
माना जा रहा है कि इस केस से जुड़े अहम पहलुओं पर अब ED ने केजरीवाल के पर्सनल सेक्रेटरी को रडार पर लेने वाला है। इस मामले में ED ने हाल ही में दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया से भी पूछताछ की थी।
जयललिता की पार्टी के अंतरिम महासचिव बने रहेंगे पलानीस्वामी, सुप्रीम कोर्ट ने पनीरसेल्वम की याचिका खारीज की
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को मद्रास हाई कोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें एडप्पादी पलानीस्वामी (EPS) को अन्नाद्रमुक (AIADMK) के अंतरिम महासचिव के रूप में बने रहने की अनुमति दी गई थी। शीर्ष अदालत ने कहा कि इस आदेश का ओ पनीरसेल्वम (OPS) और EPS के बीच विवाद को लेकर हाईकोर्ट में चल रहे मामले पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पार्टी नेता और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम ने दायर की थी। सुप्रीम कोर्ट ने 2 सितंबर को हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ OPS की याचिका को अब खारिज कर दिया है।
अफगानिस्तान और ताजिकिस्तान में 6.8 तीव्रता का भूकंप, चीन से सटे इलाकों तक असर
अफगानिस्तान और तजाकिस्तान में गुरुवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप का असर चीन से सटे इलाकों तक हुआ है। US जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, तजाकिस्तान में सुबह 6:07 बजे 6.7 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र फैजाबाद से 265 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। इसका केंद्र अफगान-चीन बॉर्डर पर गोर्नो-बदख्शां प्रांत में था।
बिहार के रोहतास मालगाड़ी के 13 डिब्बे पटरी से उतर, 5 क्षतिग्रस्त
बिहार के रोहतास में गुरुवार सुबह एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई। मालगाड़ी के 13 डिब्बे पटरी से उतरे थे जिसमें से 5 डिब्बे क्षतिग्रस्त हुए हैं। DFCC के मुख्य प्रबंधक पवन कुमार ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि ट्रैक को ठीक करके मालगाड़ी का परिचालन किया जाए।
अमेरिका के अरकंसास में एयरक्राफ्ट क्रैश, पर्यावरण से जुड़ी फर्म के 5 वर्कर्स की मौत
अमेरिका के आर्कन्सा की राजधानी लिटिल रॉक में इंडस्ट्रियल एरिया के पास एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। मारे गए सभी पांच लोग एक इंवारमेंट कंसल्टिंग फर्म के कर्मचारी थे।
पंजाब में AAP विधायक को विजिलेंस की टीम ने किया गिरफ्तार, 4 लाख रुपए रिश्वत लेने का आरोप
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमित रतन कोटफत्ता को गिरफ्तार कर लिया है। कोटफत्ता, बठिंडा देहात से आप के विधायक हैं। कोटफत्ता को आधी रात राजपुरा से पकड़ा गया। विधायक को गिरफ्तार करने के बाद विजिलेंस कोटफत्ता को बठिंडा ले गई है।
विधायक कोटफत्ता को बाद दोपहर कोर्ट में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने विधायक को 27 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस विजिलेंस ऑफिस में प्राइवेट PA और विधायक को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी।
16 फरवरी को बठिंडा में उनके प्राइवेट पीए रिशम सिंह को 4 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा गया था। तब विधायक कोटफत्ता से भी करीब 4 घंटे तक सर्किट हाउस में पूछताछ की गई थी।
ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई, आवाज की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस का एक्शन
विजिलेंस ने विधायक कोटफत्ता को क्लीन चिट दे दी थी। इसके बाद रिश्वत देने वाले महिला सरपंच के पति ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की। जिसमें कहा गया कि रिशम गर्ग ने सर्किट हाउस में विधायक से सरपंच के पति की मीटिंग कराई। जिसमें विधायक सरपंच के पति से सौदेबाजी करते सुनाई दे रहे थे। इस ऑडियो की जांच कराई गई। जिसमें विधायक की आवाज होने की पुष्टि के बाद विजिलेंस ने यह कार्रवाई की।
प्राइवेट PA ने रिश्वत ली, विधायक वहीं मौजूद थे
बठिंडा के सर्किट हाउस में कुछ दिन पहले जब उनके प्राइवेट PA रिशम सिंह ने 4 लाख की रिश्वत ली तो विधायक कोटफत्ता गाड़ी से उतरकर कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान PA रिशम सिंह ने भागने की भी कोशिश की। हालांकि उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके बाद विधायक को भी टीम ने हिरासत में ले लिया। दोनों को सर्किट हाउस में बैठाकर कई घंटों तक पूछताछ की गई।
विजिलेंस ने पहले इस मामले में विधायक के प्राइवेट PA रिशम गर्ग को पकड़ा था।
रिश्वत देने वाले सरपंच के पति ने लगाए थे आरोप
इस मामले में रिश्वत देने वाले गांव घुद्दा की सरपंच सीमा रानी के पति प्रितपाल कुमार का कहना था कि हिस्सा न देने पर बीडीपीओ दफ्तर वाले उन्हें 4 साल से तंग कर रहे थे। इसी मामले में वह विधायक अमित रतन कोटफत्ता से मिले। जहां उन्होंने विधायक को बताया कि उनके 25 लाख पेंडिंग हैं।
पैसे न मिलने की वजह से ठेकेदार आगे काम नहीं कर रहे। इस पर विधायक ने उनसे पूछा कि हमें क्या दोगे?। इसके बाद विधायक ने 5 लाख में पूरी पेमेंट रिलीज करवाने का सौदा कर लिया। यह सौदेबाजी प्राइवेट PA रिशम गर्ग के जरिए ही हुई।
महिला सरपंच के पति प्रितपाल कुमार ने पूरे मामले में आप विधायक पर आरोप लगाए थे।
विधायक ने कहा था- रिशम से कोई संबंध नहीं, वो मेरा PA भी नहीं
विजिलेंस ब्यूरो की कार्रवाई के बाद विधायक अमित रतन कोटफत्ता ने कहा था कि रिशम गर्ग से उनका कोई संबंध नहीं है। रिशम उनका PA नहीं है। जिसने भी रिश्वत ली है, उसके खिलाफ तुरंत एक्शन लिया जाना चाहिए। अमित रतन ने पुलिस प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
CM भगवंत मान बोले- किसी पर तरस नहीं
पंजाब CM भगवंत मान ने इस कार्रवाई पर कहा कि रिश्वतखोरी चाहे किसी ने भी की हो, किसी भी तरह से की हो, बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों के टैक्स का पैसा खाने वालों पर कोई तरस नहीं, कानून सबके लिए बराबर है।
भ्रष्टाचार के केस में AAP सरकार के 2 मंत्री गंवा चुके कुर्सी
पंजाब में आम आदमी पार्टी को सत्ता मिलने के 11 महीनों में 2 मंत्री भ्रष्टाचार के केस में कुर्सी गंवा चुके हैं। पहले हेल्थ मिनिस्टर विजय सिंगला को बर्खास्त किया गया। उन पर ठेकेदार से काम के बदले कमीशन मांगने के आरोप लगे। CM भगवंत मान ने खुद उनकी बर्खास्तगी का खुलासा किया।
इसके बाद दूसरे मंत्री फौजा सिंह सरारी का रिश्वत की सेटिंग का मामला सामने आया। जिसमें वह किसी से बात करते हुए पैसे लेने के बारे में प्लानिंग कर रहे थे। इसकी शिकायत भी पार्टी के भीतर पहुंची। हालांकि आरोप और कॉल रिकॉर्डिंग के बारे में पार्टी ने कुछ नहीं कहा, लेकिन उन्हें मंत्रिमंडल से हटा दिया गया।
गृहमंत्री अमित शाह आज कर्नाटक दौरे पर, बेल्लारी में जनसभा को संबोधित करेंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज कर्नाटक का दौरा करने वाले हैं। वे बेंगलुरु में ‘भारतीय राजनीति के 65 साल का परिदृश्य और मोदी के नेतृत्व में व्यापक बदलाव’ विषय पर एक संवाद सत्र को संबोधित करेंगे। साथ ही वे बेल्लारी में जनसभा में भी शामिल लेंगे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर चंडीगढ़ विधानसभा में पेश करेंगे राज्य का बजट
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर चंडीगढ़ विधानसभा में 2023-24 का बजट पेश करने वाले है। 20 फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो चुका है। वहीं सत्र का दूसरा चरण 17 मार्च से शुरू होगा और 22 मार्च तक चलेगा। इस तरह बजट सत्र कुल एक महीने तक चलेगा, लेकिन कार्यवाही सिर्फ 8 दिन होगी।

