Site icon अग्नि आलोक

हॉकी टीम को ब्रॉन्ज मिलने पर चांदौन में जश्न:इटारसी के विवेक सागर की मां बोली- गोल्ड नहीं पर मेडल तो जीता, विवेक ने भाई से कहा- इसे बयां करना मुश्किल; CM देंगे 1 करोड़

Share

होशंगाबाद

टोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली हॉकी टीम में शामिल मध्यप्रदेश इटारसी के खिलाड़ी विवेक सागर के घर जश्न का माहौल है। विवेक सागर की मां कमलादेवी प्रसाद ने कहा, भले ही गोल्ड नहीं पर मेडल तो जीता। भाई ने कहा कि जीत के बाद विवेक का फोन आया। उसने कहा कि इन पलों को बयां करना मुश्किल है। उधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विवेक सागर को एक करोड़ रुपए इनाम देने की घोषणा की है।

गुरुवार सुबह टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम की शानदार जीत ने इतिहास रच दिया। 41 साल बाद भारतीय टीम ने गुरुवार सुबह शानदार तरीके से खेलते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता। टीम इंडिया ने जर्मनी को 5-4 से हरा दिया।

मेडल जीतने के बाद मध्यप्रदेश एकमात्र खिलाड़ी विवेक सागर के घर होशंगाबाद जिले के इटारसी तहसील के ग्राम चांदौन जश्न का माहौल है। मैच जीतते ही विवेक सागर के घर ढोल और पटाखों की आवाज गूंजने लगी। माता, पिता, भाई-बहन और दोस्त नाचने लगे। विवेक के घर ग्रामीण बधाई देने पहुंच रहे हैं। माता-पिता ने परिवार के साथ गांव में देवी माता मंदिर पहुंच कर पूजा की। मां कमलादेवी ने कहा कि विवेक जाते हुए कह कर गया था कि मेडल जीतकर आऊंगा। सेमीफाइनल में हार से गोल्ड मेडल हाथ से चला गया, पर मेडल आने की उम्मीद पक्की थी। भरोसा था कि इस मैच में मेडल जरूर मिलेगा।

पिता बोले- इंडिया टीम की जीत से सीना चौड़ा हो गया, अब बेटे के जल्दी आने का इंतजार
पिता रोहित प्रसाद ने कहा कि ब्रॉन्ज मेडल जीतने के लिए हॉकी टीम के सभी खिलाड़ियों को बधाई। उन्होंने कहा विवेक पर गर्व है। जीत के बाद गर्व से सीना चौड़ा हो गया। टीम ने इतिहास रच दिया। ये हमेशा याद रखा जाएगा कि ब्रॉन्ज मेडल जीतकर लाने वाले टीम में मेरा बेटा भी शामिल रहा। अब उसके लौटकर आने का इंतजार है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विवेक सागर। -फाइल फोटो

भाई से बोले विवेक : इतिहास रचने वाली टीम का मैं सदस्य हूं
भाई विद्यासागर प्रसाद ने कहा कि जीत के कुछ देर बाद विवेक का फोन आया। उसने कहा कि आज बहुत खुशी हो रही। मुझे गर्व है कि 41 साल बाद टीम ने मेडल जीता। उस टीम का मैं सदस्य हूं। मैच में मैंने भी अपना योगदान दिया। इतिहास रचने वाली टीम का मैं खिलाड़ी हूं।

जुलूस निकाल मनाया जश्न
कांस्य पदक जीत के बाद इटारसी में भी जश्न का माहौल है। जिला हॉकी संघ, हॉकी प्रेमी व खिलाड़ियों ने ध्यानचंद चौराहे से जयस्तंभ चौक तक ढोल-ताशे बजाते हुए जुलूस निकाला। हॉकी खिलाड़ी अध्यक्ष प्रशांत जैन, सचिव कन्हैया गुरयानी सहित हॉकी प्रेमी, खिलाड़ियों ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाई।

माता-पिता के साथ हॉकी प्लेयर विवेक सागर।

Exit mobile version