मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को वोट डाले जाएंगे। मध्य प्रदेश की सभी 230 सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। वहां 252 महिलाओं समेत कुल 2,533 प्रत्याशी मैदान में हैं। छत्तीसगढ़ में दूसरे और आखिरी चरण की 70 सीटों पर भी वोट पड़ेंगे। 20 सीटों पर सात नवंबर को मतदान हो चुका है। राज्य की 70 सीटों पर 958 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
जानें मध्य प्रदेश चुनाव का हाल
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार में भाजपा और कांग्रेस ने पूरा जोर लगाया। लेकिन भाजपा प्रचार के मोर्चे पर कांग्रेस पर भारी पड़ी। अब शुक्रवार को होने वाले मतदान में वोटर ईवीएम में अपना फैसला बंद कर देंगे। प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 36 तो राहुल और प्रियंका ने 21 सभाएं की हैं। सबसे ज्यादा सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 160 तो कमलनाथ ने 114 सभाएं की हैं। अन्य स्टार प्रचारकों को मिलाकर 634 सभाएं कीं। कांग्रेस 350 से ज्यादा सभाएं कर सकी। भाजपा से शिवराज के बाद सबसे 80 सभाएं ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कीं। कांग्रेस से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने नुक्कड़ सभाएं खूब कीं।
भाजपा के तीन बड़े नेता
- पीएम नरेंद्र मोदी: 15 सभाएं, 1 रोड शो, 71 सीटें कवर।
- गृह मंत्री शाह: 21 सभाएं, दो रोड शो, 71 सीटें कवर।
- भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा: 14 सभाएं 43 सीटें कवर।
कांग्रेस के तीन बड़े नेता
- राहुल गांधी: 11 सभाएं, दो रोड शो 43 सीट कवर कीं।
- प्रियंका गांधी: 10 सभाएं, एक रोड शो, 50 सीट कवर कीं।
- मल्लिकार्जुन खरगे: 7 सभाएं, 20 सीट कवर कीं।
अब जानिए, छत्तीसगढ़ के दूसरे चरण का हाल
छत्तीसगढ़ की 70 विधानसभा सीटों पर आज 17 नवंबर को दूसरे चरण के तहत चुनाव कराए जाएंगे। गरियाबंद जिले की बिंद्रानवागढ़ सीट को छोड़कर बाकी सभी सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चुनाव होंगे। इस बार दूसरे चरण के चुनाव में डेढ़ करोड़ से ज्यादा मतदाता वोट करेंगे। दूसरे चरण चुनाव में 1 थर्डजेंडर समेत 958 प्रत्याशी चुनावी मैदान में होंगे। जनता उनके भाग्य का फैसला कल करेगी। 958 प्रत्याशियों में पुरुष, महिला समेत एक तृतीय लिंग की प्रत्याशी भी मैदान में हैं। 69 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। केवल नक्सल प्रभावित बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 9 मतदान केन्द्रों में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होंगे।
दूसरे चरण में राज्य के कुल 1 करोड़ 63 लाख 14 हजार 479 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 81 लाख 41 हजार 624 है, महिला मतदाता की संख्या 81 लाख 72 हजार 171 है और 684 तृतीय लिंग मतदाता भी शामिल हैं। इसमें 1 थर्डजेंडर समेत 958 प्रत्याशी चुनावी मैदान में होंगे, जिनमें 827 पुरूष, 130 महिला और 1 तृतीय लिंग प्रत्याशी हैं।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव- फैक्ट फाइल
दूसरे चरण में कुल मतदाता- 1 करोड़ 63 लाख 14 हजार 479
पुरुष मतदाता – 81 लाख 41 हजार 624
महिला मतदाता- 81 लाख 72 हजार 171
तृतीय लिंग- 684
कुल मतदान केंद्र- 18 हजार 833
संगवारी मतदान केंद्र- 700 (सिर्फ महिला मतदानकर्मी ही पदस्थ रहेंगी)

