गाजियाबाद
यूपी विधानसभा चुनाव में पहले चरण का मतदान आज है। पश्चिमी यूपी के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। वोटिंग सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगी। पहले चरण में 623 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 73 महिलाएं हैं। इसके अलावा 9 मंत्री भी सियासी दंगल में हैं। पहले चरण में कुल 2.27 करोड़ वोटर्स हैं। इसमें पुरुष 1.27 करोड़ और महिलाएं 1 करोड़ हैं। 2017 के चुनाव में इन 58 सीटों में भाजपा ने 53 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, सपा-बसपा ने दो-दो और रालोद महज एक सीट जीत पाई थी।
इस बार पश्चिम यूपी में सपा-रालोद ने गठबंधन किया है। सपा ने 28 और रालोद ने 29 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। एक सीट अनूपशहर NCP को दी है। वहां केके शर्मा चुनाव मैदान में हैं। भाजपा, कांग्रेस और बसपा सभी 58 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है। ऐसा माना जाता है कि वोटिंग के पहले चरण का रुझान ही बाकी के रुझान तय करते हैं, ऐसे में पश्चिमी यूपी का चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है।
राहुल गांधी ने की वोटिंग की अपील
राहुल गांधी ने वोटिंग के लिए लोगों से सोशल मीडिया पर अपील की है
मतदान की पहली तस्वीरें
सुबह से मतदान के लिए काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। धुंध और कोहरे के बावजूद वोटिंग करने के लिए लोग सुबह से ही कतारों में नज़र आए। नेता और मंत्रियों ने मतदान से पहले पूजा-अर्चना की और उसके बाद अपने बूथ पर पहुंच गए। आगरा में उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचीं तो मथुरा में यूपी के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा पत्नी के साथ वोटिंग करने पहुंचे।
बागपत के बडौत स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के बूथ पर लाइट न होने की वजह से मोबाइल का टॉर्च लगाकर काम करते मतदान कर्मी
आगरा के खैरागढ़ में वोट डालकर निकलता परिवार
ईवीएम खराब होने की भी खबरें आ रही हैं
शामली और मेरठ से ईवीएम के खराब होने की भी खबरें आई हैं। शामली के गाँव गोहरपुर मे ईवीएम मशीन मात्र 3 वोट पड़ने के बाद ही खराब हो गई। यहां मतदान रुक गया है और मतदान स्थल पर लंबी लाइन लग गयी है। मेरठ में कैंट में मतदान केंद्र के बूथ नंबर- 20 पर एक EVM के खराब होने की सूचना प्रशासन को दी गई है। तकनीकी टीम उसे जल्द सुधारने में लगी है।
मथुरा के बलदेव विधानसभा क्षेत्र के फरह में बूथ संख्या 442 पर ईवीएम मशीन खराब हुई। बूथ पर मतदान प्रक्रिया रुकी है।
आगरा में उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल और और भाजपा प्रत्याशी बेबी रानी मौर्य मतदान करने पहुंचीं, मीडिया से बातचीत में कहा कि पहले मतदान बाद में जलपान। उन्होंने भाजपा की जीत का पूरा भरोसा जताया।
मथुरा में बूथ पर वोट डालने पत्नी के साथ पहुंचे ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा
कैराना कस्बे में पर्ची ना होने को लेकर वोट डालने से वंचित होकर महिला वापस लौटी
आगरा की ट्रांस यमुना स्थित पोलिंग बूथ पर सुबह 7:00 बजे से पहले ही मतदाता पहुंच गए थे, यहां पर मतदाताओं की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है
अलीगढ़ की कोल विधानसभा में रामघाट रोड पर बनाये गए आदर्श पोलिंग बूथ में मतदान करने जाते मतदाता
हापुड़ में खुशी का पहला मतदान
मेरठ में मतदान से पहले पैरा मिलिट्री फोर्स ने फ्लैग मार्च किया।
आखिरी वक्त तक नहीं हुआ वोटों का ध्रुवीकरण!
पश्चिम यूपी में मुस्लिम वोट बैंक इस बार बिखराव की स्थिति में नहीं दिख रहा। माना जा रहा है कि सिर्फ उन्हीं सीटों पर मुस्लिम वोट बंट सकता है, जहां बसपा ने अपने मुस्लिम प्रत्याशी उतारे हैं। किसान आंदोलन के मुद्दे पर जाट इस सरकार से नाराज दिख रहे हैं। हालांकि, अमित शाह, योगी समेत तमाम मंत्रियों ने किसी न किसी तरह जाटों की नाराजगी दूर करने की कोशिशें जरूर की हैं। वहीं, दलित वोट बैंक चुप्पी साधे हुए हैं। सहारनपुर, आगरा में कुछ सीटों पर दलित निर्णायक स्थिति में हैं।
पश्चिमी यूपी में इस बार भी विकास और रोजगार मुद्दा नहीं बन पाए हैं। आखिरी दौर में नेताओं के भाषण जिन्ना, मुसलमान, आतंकी, गुंडे, मंदिर-मस्जिद, मुजफ्फरनगर दंगे पर केंद्रित होकर रह गए। नेताओं ने पहले चरण के चुनाव के आखिरी वक्त तक वोटों के ध्रुवीकरण के भरसक प्रयास किए।

