Site icon अग्नि आलोक

*इस्तीफे के बाद अब क्या कर रहे हैं जगदीप धनखड़?*

Share

नई दिल्ली: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद विपक्ष सत्तारूढ़ बीजेपी पर जमकर हमलावर है। राहुल गांधी समेत कई कांग्रेसी नेताओं ने सवाल किया कि अचानक इस्तीफे के बाद जगदीप धनखड़ कहां गायब हो गए हैं? विपक्ष के सवालों के बीच पीटीआई की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि पूर्व उपराष्ट्रपति टेबल टेनिस खेल रहे हैं और योग कर रहे हैं।

विपक्ष द्वारा लगातार पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफा देने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। विपक्ष के इन आरोपों के बीच पीटीआई की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि धनखड़ इन दिनों शुभचिंतकों और स्टाफ के लोगों के साथ टेबल टेनिस खेल रहे हैं और योग कर रहे हैं।

कांग्रेस ने उठाए थे सवाल

कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने नौ अगस्त को एक वीडियो जारी कर गृहमंत्री अमित शाह से सवाल किया कि पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इस्तीफे के बाद कहां है? उन्होंने कहा, 22 जुलाई को हमारे उपराष्ट्रपति ने इस्तीफा दे दिया और आज 9 अगस्त है, उस दिन से हमें नहीं पता कि वह कहां पर हैं।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि वह अपने आधिकारिक आवास में नहीं है। उन्होंने कहा, पहले दिन मैंने उनसे संपर्क करने की कोशिश और उनके निजी सचिव को फोन किया तो उन्होंने कहा कि वह आराम कर रहे हैं। सिब्बल ने कटाक्ष करते हुए कहा, मैंने लापता लेडीज के बारे में सुना है लेकिन लापता उपराष्ट्रपति के बारे में नहीं।

जगदीप धनखड़ ने क्यों दिया इस्तीफा?

जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना कार्यकाल पूरा होने से दो साल पहले ही इस्तीफा दे दिया। वीवी गिरी और आर वेंकटरमन के बाद वे पद छोड़ने वाले तीसरे उपराष्ट्रपति हैं। उनके इस्तीफे के बाद कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

कब होगी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग?

चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि उपराष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर को होगा। वोटों की गिनती भी उसी दिन होगी। आयोग ने नामांकन की अंतिम तिथि 21 अगस्त निर्धारित की है, जबकि नाम 25 अगस्त तक वापस लिए जा सकते हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार बनाया है। विपक्ष ने पूर्व सुप्रीम कोर्ट के जज बी सुदर्शन रेड्डी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

Exit mobile version