साउथैम्पटन
टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच 18 जून से साउथैम्पटन में ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाएगा। मैच के दौरान पिच का मिजाज क्या होगा, इसका खुलासा खुद पिच क्यूरेटर सिमोन ली ने किया है। उनके मुताबिक पिच में पेस और उछाल रहेगा, जिससे क्रिकेट फैंस को गेंदबाज और बल्लेबाज के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
ली ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से कहा कि दोनों टीम के लिए यह न्यूट्रल वेन्यू है। इस कारण ICC के निर्देश अनुसार ऐसी पिच तैयार की जा रही है, जो दोनों टीम के लिए बराबर हो। हम सभी दोनों टीम के बीच बराबरी का मुकाबला भी देखना चाहते हैं। मैं व्यक्तिगत तौर पर ऐसी पिच चाहता हूं जिस पर कैरी, बाउंस और तेजी हो।
फाइनल के दौरान मौसम अच्छा रहेगा, तेज धूप निकल सकती है
उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि इंग्लैंड में ज्यादातर मौसम अनुकूल नहीं होता और उससे कोई मदद नहीं मिलती। ऐसे में मन मुताबिक पिच बनाना मुमकिन नहीं होता, लेकिन इस बार मौसम विभाग की मानें तो फाइनल के दौरान मौसम अच्छा रहेगा और तेज धूप रह सकती है। ऐसे में हम उम्मीद कर सकते हैं कि बिना ओवर रोलिंग किए हमें हार्ड पिच, ज्यादा गति मिल सकती है।
पिच एकतरफा नहीं होगी, बैटिंग और बॉलिंग के बीच टक्कर देखने को मिलेगी
ली ने कहा कि पेस हमेशा ही रेड बॉल क्रिकेट को रोमांचक बनाता है। मैं भी क्रिकेट फैन हूं और ऐसी पिच बनाना चाहता हूं जहां क्रिकेट फैंस हर बॉल को देखना पसंद करें और मजा लें। चाहे क्लास बैटिंग हो या एक शानदार बॉलिंग स्पेल। जब बॉलर और बैट्समैन के बीच कड़ी टक्कर होती है, तब एक मेडन ओवर देखना काफी रोमांचक होता है।
यही कारण है कि पिच पर थोड़ी गति और उछाल देखने को मिल सकता है, क्योंकि हम पिच को एकतरफा गेंदबाजों के लिए नहीं बनाना चाहते। इससे सभी खुश भी हैं।
खिताबी जंग के लिए दोनों टीमें तैयार
खिताबी मुकाबले के लिए टीम इंडिया और न्यूजीलैंड पूरी तरह तैयार हैं। कीवी टीम इस महीने की शुरुआत में इंग्लैंड को 2 टेस्ट की सीरीज में 1-0 से हरा चुकी है। यह इंग्लैंड में उसकी 22 साल बाद टेस्ट सीरीज में पहली जीत है।
वहीं, टीम इंडिया 3 जून को ही इंग्लैंड पहुंच गई थी। यहां 3 दिन क्वारैंटाइन के बाद खिलाड़ियों ने नेट प्रैक्टिस शुरू कर दी थी। साथ ही फाइनल की तैयारी को लेकर विराट कोहली की टीम 11 जून से 4 दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेल रही है। सभी खिलाड़ी 2 टीम में बंटकर आपस में यह मैच खेल रहे हैं।
टीम इंडिया साउथैम्पटन में कोई टेस्ट नहीं जीती
साउथैम्पटन में न्यूजीलैंड ने अब तक कोई टेस्ट नहीं खेला है। जबकि टीम इंडिया यहां 2 टेस्ट खेले, जिसमें हार मिली है। दोनों बार जुलाई 2014 और अगस्त 2018 में भारतीय टीम को मेजबान इंग्लैंड ने ही शिकस्त दी।
पिच पर तेज गेंदबाजों का रिकॉर्ड बेहतर
द एजिस बाउल की पिच पर बॉलर्स में अब तक तेज गेंदबाज ही सबसे सफल रहे हैं। यहां अब तक खेले गए 6 टेस्ट में 39 फास्ट बॉलर्स ने सबसे ज्यादा 120 विकेट लिए हैं। जबकि 32 स्पिनर्स मिलकर सिर्फ 41 विकेट ही ले सके। इस मैदान पर अब तक सबसे ज्यादा विकेट इंग्लैंड के पेसर जेम्स एंडरसन ने लिए। उन्होंने 6 टेस्ट में 26 विकेट झटके।

