अग्नि आलोक

क्‍यों खतरे में है बीजेपी प्रवक्‍ता नूपुर शर्मा की जान, कौन काटना चाहता है उनका सिर?

Share

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा (Nupur Sharma) की जान को खतरा है। शुक्रवार को नूपुर ने यह दावा किया। नूपुर ने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने खुद को मिल रहे धमकी भरे संदेशों के बारे में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) को ट्विटर के जरिये सूचना दी। उन्‍हें इस्‍लामिक कट्टरपंथियों से धमकियां मिली हैं। कुछ ने तो नूपुर को सिर काटने तक की धमकी दी है। आरोप है कि ऐसा ऑल्‍ट न्‍यूज के सह-संस्‍थापक मोहम्‍मद जुबैर के उकसावे से हुआ है। जुबैर ने नूपुर की स्‍पीच को ट्विस्‍ट करके माइक्रो ब्‍लॉगिंग साइट ट्विटर पर शेयर कर दिया। इसी के बाद उन्‍हें ध‍मकियां मिलनी शुरू हुईं।

ट्वीट के जवाब में दिल्ली पुलिस ने कहा, ‘विषय को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबद्ध अधिकारियों के पास भेज दिया गया है। आपसे जल्द ही संपर्क किया जाएगा।’

क्‍या है पूरा मामला?
ज्ञानवापी मस्जिद मामले को लेकर नूपुर शर्मा हमारे सहयोगी चैनल टाइम्‍स नाउ पर एक डिबेट में हिस्‍सा लेने पहुंची थीं। बहस के दौरान उन्‍होंने कहा था कि लोग लगातार हिंदू आस्‍था का मजाक उड़ा रहे हैं। अगर यही है तो वो भी दूसरे धर्मों का मजाक उड़ा सकती हैं। इसके लिए वो इस्‍लामी मान्‍यताओं का जिक्र कर सकती हैं। उनके इस वीडियो क्लिप को जुबैर ने अपने ट्विटर फॉलोअर्स के साथ शेयर किया। जुबैर ऑल्‍ट न्‍यूज के को-फाउंडर हैं। यह न्‍यूज पोर्टल फैक्‍ट चेक का दावा करता है। जुबैर के वीडियो क्लिप को शेयर करते ही इस्‍लामिक कट्टरपंथी नूपुर को धमकियां देने लगे।

मुझे कुछ होता है तो जुबैर जिम्‍मेदार
नूपुर शर्मा ने कहा, ‘मुझे कुछ धमकियां मिली हैं। मैंने पुलिस कमिश्नर और दिल्ली पुलिस को टैग किया है। मुझे संदेह है कि मुझे और मेरे परिवार के सदस्यों को नुकसान हो सकता है। अगर मुझे या मेरे परिवार के सदस्यों को कोई नुकसान होता है, तो मोहम्मद जुबैर पूरी तरह से जिम्मेदार होंगे।’
उन्‍होंने ट्वीट करते हुए दिल्‍ली पुलिस कमिश्‍नर को कहा है कि उन्‍हें, उनकी बहन, मां, पिता को जान से मारने और सिर काटने की धमकियां मिली हैं। अगर उन्‍हें या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कुछ भी अनहोनी हो जाती है तो जुबैर जिम्‍मेदार हैं।

वीडियो के बारे में नूपुर का क्‍या है कहना?
जुबैर की ओर इशारा करते हुए नूपुर ने कहा है कि एक तथाकथित फैक्ट चेकर है जिसने बीती रात उनकी एक बहस से वीडियो का कुछ हिस्‍सा चुनकर एडिट किया। फिर इसे शेयर कर माहौल को खराब करना शुरू कर दिया। तब से उन्‍हें जान से मारने और बलात्कार की धमकी मिल रही हैं। इसमें उनका और उनके परिवार के सदस्यों का सिर काटने की धमकी भी शामिल है।

Exit mobile version