शिवपुरी : भाजपा नेता व नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा के बेटे रजत शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म की एफआईआर होने के बाद शहर में उबाल आ गया है. विपक्षी दल कांग्रेस ने एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर आक्रामक तेवर अपना लिए हैं. शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी और कांग्रेसी पार्षदों ने रैली निकालकर नगर पालिका कार्यालय पर प्रदर्शन किया और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की गई है.
नगरपालिका अध्यक्ष से मांगा इस्तीफा
कांग्रेस पार्षदों ने मांग की है कि नगर पालिका अध्यक्ष का तुरंत इस्तीफा होना चाहिए. आरोपी के मकान पर बुलडोजर की कार्रवाई भी होनी चाहिए. कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन और सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए और हंगामेदार प्रदर्शन किया. गौरतलब है कि शिवपुरी नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा के बेटे रजत शर्मा पर एक युवती ने थाना कोतवाली में शादी का झांसा देकर 2 साल तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है.
पीड़ित युवती के साथ ही पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप
नगर पालिका अध्यक्ष के बेटे के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात एफआईआर दर्ज की. एफआईआर दर्ज होते ही कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. ऐसा भी बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती इससे पहले 3 से 4 बार कोतवाली पहुंची थी लेकिन हर बार दबाव के चलते वह शिकायत दर्ज कराए बिना लौट गई. युवती ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने एफआईआर दर्ज नहीं होने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया. शिवपुरी नगरपालिका में नेता प्रतिपक्ष शशि शर्मा का कहना है “ये बहुत गंभीर मामला है. नगरपालिका अध्यक्ष को इस्तीफा देना ही पड़ेगा.”

