अग्नि आलोक

पहलवानों का पालिका बाजार तक पैदल मार्च:खुलासा- बीती रात धरने को खराब करने आए अज्ञात लोग

Share

पानीपत

भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों का आज 23वां दिन है। पहलवानों ने जंतर-मंतर से लेकर कनॉट प्लेस और फिर पालिका बाजार तक पदयात्रा शुरू की। इस दौरान पहलवान बृजभूषण को गिरफ्तार करो के नारे लगा रहे हैं। दोपहर को पहलवानों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि बीती रविवार की रात उनके धरने को खराब करने की कोशिश की गई। कुछ बाहरी लोग लगातार धरना स्थल के पास सक्रिय हैं।

उन्होंने कहा कि बीती रात कुछ अज्ञात व्यक्ति यहां आए और हमारी फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग की गई। मना करने पर ये सब चीजे चोरी-छुपके खींची गई है। धरना स्थल पर महिला खिलाड़ियों के साथ कुछ बाहरी महिलाओं ने सोने की कोशिश की है। किसी तरह हमने मना कर उन्हें बाहर निकाला।

दिल्ली पुलिस इस बात की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहती है। इसीलिए मीडिया यहां रहे, ताकि पिछली बार की तरह कोई बात हो तो वह बात तत्काल देशवासियों के सामने आ जाए।

धरने को देंगे अंतरराष्ट्रीय रूप
साक्षी मलिक ने कहा कि अब यह आंदोलन सिर्फ जंतर-मंतर तक सीमित नहीं रहेगा। क्योंकि जंतर-मंतर को धीरे-धीरे पुलिस ने जेल का रूप दे दिया है। अब ये आवाज देश की गली-गली में तो गूंजेगी ही, बल्कि विदेशों में इसकी लहर दौड़ेगी। विदेशों में जो भी एथलीट हैं। अधिकांश हमारे संपर्क में हैं। आज शाम 6 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस पर खिलाड़ी जाएंगे और लोगों से अपनी बात करेंगे।

इससे पहले धरने में पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह पहुंचे। जहां पहुंच कर उन्होंने खिलाड़ियों का समर्थन किया। साथ ही उन्होंने पहलवानों की बात सुनी। गत दिनों धरने में उनके बेटे हिसार के भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह पहुंचे थे और उन्होंने भी खिलाड़ियों का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि यह सत्याग्रह अब बड़ा रूप ले रहा है। सरकार को इस ओर जल्द ध्यान देना चाहिए।

इधर, बृजभूषण शरण सिंह ने धरना स्थल के नजदीक अपने सरकारी आवास पर अपने अजीज लोगों से मिलने का समय निर्धारित किया है। साथ ही वहां जन सुनवाई भी की जा रही है। बृजभूषण अपने ऊपर लगे आरोपों को पुलिस को दर्ज करवाए गए बयानों में भी नकार चुका है।

भाजपा सांसदों को लिखा बनें उनकी आवाज
पहलवानों की ओर से केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी समेत 43 भाजपा सांसदों को लिखा गया है कि सत्ता पक्षा की महिला सांसद होने के नाते उन्हें उनसे काफी उम्मीदें हैं। वे उनसे उनकी सहायता करने और उनकी आवाज बनने के साथ उनका सम्मान बचाने की प्रार्थना कर रही हैं।

महिला पहलवानों ने भाजपा की महिला सांसदों को अंत में लिखा है कि वे अपना समय निकालकर जंतर-मंतर पर आएं और उन्हें रास्ता दिखाएं। विनेश ने कहा कि वे साथी पहलवानों के जरिए इस पत्र को उनके घरों तक पहुंचाएंगी।

जिला मुख्यालय जाने की भी की अपील
वहीं साक्षी मलिक ने देशवासियों से अपील की कि 16 मई को पूरे देश के लोग अपने जिला मुख्यालय में जाकर उनके समर्थन में एक ज्ञापन दें। इससे उनके धरने को समर्थन मिलेगा। जंतर मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों ने 21 मई तक उन्हें न्याय दिलाने का समय दे रखा है। इसके बाद वे कोई बड़ा फैसला लेंगे।

Exit mobile version