– सुसंस्कृति परिहार
यह जानकर पूरे हिन्दुस्तान में खुशी की लहर दौड़ गई है कि हमने जिसे पिछले दस वर्षों से जलील कर रखा है वह वास्तव में ब्रिटेन में भगवान के रुप में लोकप्रिय है दो महिलाएं और एक पुरुष जिस तरह उनको प्रस्तुत कर रहे हैं उसने तो हद ही कर दी। ऐसा तो मंदिरों में बिराजमान राम, हनुमान के लिए भी कभी नहीं हुआ। हां देवियों के प्रति अटूट समर्पण पुरुषों ने ज़रुर दिखाया है। लेकिन यहां तो जीवधारी इस भगवान के लिए दो महिलाओं का यह प्रेम देखकर उन्हें कष्ट ज़रुर हो रहा होगा।होना स्वाभाविक है यदि उनमें प्राण-प्रतिष्ठा के बाद प्राण होंगे तो।
दुख इस बात का है कि अभी तक हिंदुस्तान के लोग आपमें मौजूद भगवान को जान नहीं पाए इसीलिए शायद दुर्दशा भोग रहे हैं। ब्रिटेन के इन तीन सामने आए और छुपे हज़ारों हज़ार भक्तों ने यहां के लोगों की आंखें खोल दी हैं। देशवासी उनका तहेदिल से शुक्रिया अदा कर रहे हैं।इससे पहले भगवन् ने इशारों इशारों में अपने इस स्वरूप के बारे में बताया ज़रुर था वह देशवासी नहीं समझ पाए क्योंकि देश में आजकल फर्जीवाड़ा चरम पर है।किसी का विश्वास मुश्किल हो रहा है।अब यही देखिए जगदीप धनखड़ जी जिन्हें आपने फर्श से अर्श तक पहुंचा दिया। वे भगवन आपके विचारों के विरुद्ध काम करने लगे आपने जादुई छड़ी ब्रिटेन में घुमाई और वे चंद घंटों में कहीं के नहीं रहे।यह चमत्कार आप ही कर सकते हैं ईरान की मिसाइलों से तेज रफ्तार धारी भगवान आप सचमुच विशिष्ट हैं।इतनी द्रुतगति से तो हमारे पुरातन भगवान भी कभी काम नहीं कर पाए।उन्हें तो लंबी ,पूजा और तपस्या या अनुष्ठान की ज़रुरत होती है आपकी इस चमत्कारी अलौकिक शक्ति के आगे हम भी नतमस्तक हैं।
इसीलिए हे भगवन् आप शीघ्र हिंदुस्तान की सरजमीं पर पधारें।उचित समझें तो उन दो महिलाओं को भी साथ ले आएं ताकि उन्हें आमने-सामने सुन जनता का विश्वास पक्का बना रहे और आपके विरोधियों के विरोधी स्वर थम जाएं।बेशक,ग़ज़ब हो जाएगा अंधभक्ति से विचलित होने जा रहे लोगों का विश्वास बढ़ेगा।
इधर संघ तो सितंबर में बड़े बदलाव की तैयारी में लग गया है।आपके मंत्री और भागवत जी राहुल गांधी की तारीफ करने में लग चुके। बिहार चुनाव जीतने की आपकी स्कीम को फेल करने में चुनाव आयुक्त को घेरा जा रहा है। सदन चल नहीं पा रहा हु।ओम बिरला की घबराहट बढ़ रही है।उधर सीजेआई और उनका गिरोह ऐसे मामलों की सुनवाई को प्राथमिकता दे रहा है जो आपके वजूद के लिए चोट पहुंचा सकते हैं।आईए, इन सब पर जादू चलाइए। ताकि वे रंजन गोगोई या चंद्र चूड़ की तरह बन जाएं।
हे प्रभु ,ये सब सिर्फ आप कर सकते हैं।आपके पास विज्ञान को मात देने वाला हुनर भी है।आप सब कुछ कर सकते हैं। पहलगाम हमले की खबर सुनकर जैसे आप अरब से भागे आए थे और बिहार,केरल पहुंच कर काम पर लग गए थे।इसी तरह आप सिर्फ हिंदी की ज़मीन पर आ जाइएगा।लोग आपके दर्शन कर ही सारे ग़म भुला देंगे।चीखती चिल्लाती संसद ख़ामोश हो जाएगी आपकी मर्जी हुई तो राहुल विदेश भाग जाएंगे। चुनाव आयुक्त को दमखम मिलेगा। सुप्रीमकोर्ट भी थरथरा जाएगा। क्योंकि अब इन सबको आपके देवता स्वरूप की जानकारी ब्रिटेन से आपके मीडिया ने परोस दी है। जल्दी कीजिए हुकुमते हिंद अवतारी भगवन हम सब आपके दर्शन को बेज़ार हैं। हिंदुस्तान की अवाम को ऐसे ही चमत्कारी दिव्य पुरुष की ज़रुरत थी ।उसे अब जान लिया गया है।उनके दर्शन और हाथ छू लेने के बाद और क्या चाहिए?
देश में लोकतंत्र, संविधान,संसद, अदालत सब झूठ है आइए एक बार समस्या समाधान के लिए मोदी भगवान के गुन गाएं अपना सर्वस्व समर्पण कर दें।ऐसे जीते जागते भगवान कहां मिलेंगे। पधारें भगवन् हमने पलक पांवड़े बिछा लिए हैं तथा आंखें दर्शनार्थ खुली की खुली रह गई हैं।

