Site icon अग्नि आलोक

एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 का उद्घाटन 4 को

Share

आज बीसीएएसआई की टीम करेगी फाइनल इंस्पेक्शन, मंजूरी मिलने के बाद शुरू होगा उड़ानों का संचालन

इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल का पुराना टर्मिनल नए रूप में संवर चुका है। 24 मार्च को इसके उद्घाटन की तैयारी है। इसके साथ ही मौजूदा टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा के लिए तैयार किए गए अतिरिक्त क्षेत्र और यात्रियों के लिए किफायती दाम पर चाय-नाश्ते के लिए उड़ान यात्री कैफे की भी शुरुआत की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इंदौर एयरपोर्ट पर लगातार बढ़ती यात्री संख्या और नए टर्मिनल के लिए जमीन मिलने में आ रही अड़चनों को देखते हुए विमानतल प्रबंधन ने पुराने टर्मिनल को यात्रियों के लिए दोबारा तैयार किया है। इसे टर्मिनल 1 नाम दिया गया है। नए रूप में यह टर्मिनल लगभग तैयार हो चुका है। बताया जा रहा है कि 24 मार्च को इसका उद्घाटन किया जाएगा। पहले कहा जा रहा था कि उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू इसके उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे, लेकिन उनकी व्यस्तता के चलते उनके द्वारा वर्चुअल उद्घाटन की बात सामने आई है। लेकिन यहां से उड़ानों का संचालन शुरू करने के लिए अभी तक विमानतल प्रबंधन को ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटीज ऑफ इंडिया (बीसीएएसआई) की मंजूरी नहीं मिली है। प्रबंधन ने इसके लिए आवेदन कर दिया है और आज बीसीएएसआई के रीजनल डायरेक्टर भोपाल से अपनी टीम के साथ एयरपोर्ट पर आकर इस टर्मिनल का निरीक्षण करेंगे। बीसीएएसआई से मंजूरी मिलते ही यहां से सभी एटीआर विमानों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि 28 मार्च से लागू हो रहे समर शेड्यूल में या 1 अप्रैल से यहां से उड़ानों का संचालन शुरू हो जाएगा। सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि हमने मंत्री नायडू से उद्घाटन में आने के लिए समय मांगा है। हमारी पूरी कोशिश है कि वे 1 अप्रैल तक इंदौर आकर उद्घाटन करें।

यात्रियों को नया वेटिंग एरिया भी मिलेगा
एयरपोर्ट के मौजूदा टर्मिनल में यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण हो रही अव्यवस्था को कम करने के लिए चेक-इन काउंटर्स के पीछे एयरपोर्ट प्रबंधन ने करीब 10 हजार वर्गफीट स्थान को खाली कर नए वेटिंग एरिया में बदला है। यहां 200 कुर्सियों को लगाया गया है, साथ ही वॉशरूम और फूड काउंटर भी लगाए गए हैं। टर्मिनल 1 के उद्घाटन के साथ इस नए वेटिंग एरिया का भी उद्घाटन किया जाएगा। इससे यात्रियों को पिक आवर्स में परेशानी नहीं होगी।

उड़ान यात्री कैफे पर मिलेगा सस्ता चाय नाश्ता
केंद्र सरकार की योजना के तहत इंदौर एयरपोर्ट के मौजूदा टर्मिनल में नया उड़ान यात्री कैफे भी शुरू तैयार किया गया है। इसका उद्घाटन भी साथ में ही किया जाएगा। यहां यात्रियों को 10 रुपए में चाय और 20 रुपए में कचौरी-समोसे जैसे नाश्ते के आइटम मिल सकेंगे। इससे आम यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। इसका निर्माण डिपार्चर हॉल में किया गया है।

Exit mobile version