दिल्ली में लाल किले के पास बड़ा धमाका हुआ है. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, इस ब्लास्ट में अभी तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. 24 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती करा गया है. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर हैं.
डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर ने क्या कहा?
डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एके मलिक ने बताया, हमें सूचना मिली कि चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में विस्फोट हुआ है. हमने तुरंत प्रतिक्रिया दी और 7 यूनिट मौके पर भेजी गईं. शाम 7:29 बजे आग पर काबू पा लिया गया. इसमें लोगों के हताहत होने की आशंका है. हमारी सभी टीमें मौके पर मौजूद हैं.
गहन और त्वरित जांच हो: पवन खेड़ा
दिल्ली ब्लास्ट पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रतिक्रया दी है. उन्होंने कहा, लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में हुए विस्फोट की खबर बेहद दुखद है. शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि कई लोगों की जान चली गई है. इस दुख की घड़ी में हम शोक संतप्त परिवार के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं. सरकार को इस घटना की गहन और त्वरित जांच सुनिश्चित करनी चाहिए.
9 से ज्यादा गाड़ियां क्षतिग्रस्त
मौके पर मौजूद टीवी9 भारतवर्ष के संवाददाता जितेंद्र शर्मा ने बताया, 9 से ज्यादा गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं. दिल्ली में धमाके के बाद यूपी और मुबंई में हाई अलर्ट जारी किया गया है.
मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता: चश्मदीद
एक चश्मदीद ने दिल्ली ब्लास्ट के बाद की भयावहता बयां की है. दिल्ली के रहने वाले शख्स ने कहा, जब हमने सड़क पर किसी का हाथ देखा तो हम बिल्कुल चौंक गए. मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता.
दिल्ली के लाल किले पर कैसे हुआ धमाका? चश्मदीद ने डिटेल में बताया क्या-क्या हुआ
दिल्ली के लालकिला के पास सोमवार की शाम एक बड़ा धमाका हो गया. इस धमाके में अब तक 8 लोगों की मौत हुई है जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं. चश्मदीद ने बताया कि बहुत बड़ा धमाका था. इस धमाके से तीन बार जमीन पर गिरा. आग की लपटें दूर-दूर तक दिखीं.
LNJP के मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने बताया कि 15 लोगों को लोक नायक अस्पताल लाया गया है. उनमें से 8 की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई. तीन गंभीर रूप से घायल हैं. वहीं, एक की हालत स्थिर है. वहीं, एक स्थानीय व्यक्ति ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, “जब हमने सड़क पर किसी का हाथ देखा, तो हम बिल्कुल चौंक गए. मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता.”

