2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा ने शुक्रवार शाम को 15 राज्यों के प्रभारियों और सह प्रभारियों के नाम का ऐलान किया। इनमें राज्यों से हटाए गए कुछ मुख्यमंत्रियों और केंद्र से हटाए गए मंत्रियों को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही ऐसे ऐसे अधिकांश नेताओं को राज्य का प्रभार दिया गया है, जो पार्टी पदाधिकारी नहीं हैं, लेकिन चुनाव प्रभारी रह चुके हैं।
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पंजाब-चंडीगढ़ और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को केरल और महेश शर्मा को त्रिपुरा की जिम्मेदारी दी गई है।
ओम माथुर को केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल करने के बाद अब उन्हें छत्तीसगढ़ भेजा गया है। छत्तीसगढ़ में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। माथुर संगठन के मंझे हुए खिलाड़ी माने जाते हैं।
प्रभारियों और सह प्रभारियों लिस्ट की खास बातें
- राजस्थान में अरुण सिंह और मध्य प्रदेश में मुरलीधर राव पहले से प्रभारी थे, उन्हें फिर से ये जिम्मेदारी मिली।
- बिहार की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को दी गई है। पहले वह हरियाणा के प्रभारी थे।
- बिहार के पूर्व मंत्री मंगल पांडे को पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है, वह सुनील बंसल के साथ काम करेंगे।
- झारखंड की कमान यूपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके लक्ष्मीकांत वाजपेयी को दी गई है।
- नॉर्थ-ईस्ट के 7 राज्यों के लिए पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा और राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा को समन्वयक और सह समन्वयक बनाया गया है।
देखें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी की गई पूरी लिस्ट-
रायपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के साथ बैठक कर रहीं थीं पुरंदेश्वरी, आया पद छोड़ने का फरमान
छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी को पद से हटा दिया गया है। अब राजस्थान के ओम माथुर काे छत्तीसगढ़ का नया भाजपा प्रदेश प्रभारी बना दिया गया है। ये आदेश जेपी नड्डा के निर्दश पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने जारी किया है। दिल्ली से जब शुक्रवार की शाम ये फरमान आया, पुरंदेश्वरी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के ही साथ रायपुर के प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक कर रहीं थीं।
रायपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के साथ बैठक कर रहीं थीं पुरंदेश्वरी, आया पद छोड़ने का फरमान
छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी को पद से हटा दिया गया है। अब राजस्थान के ओम माथुर काे छत्तीसगढ़ का नया भाजपा प्रदेश प्रभारी बना दिया गया है। ये आदेश जेपी नड्डा के निर्दश पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने जारी किया है। दिल्ली से जब शुक्रवार की शाम ये फरमान आया, पुरंदेश्वरी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के ही साथ रायपुर के प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक कर रहीं थीं। इस बड़ी सर्जरी को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। सह प्रभारी नितिन नबीन को बरकरार रखा गया है।
चुनाव से पहले बीजेपी की बड़ी सर्जरी
9 अगस्त को प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष को बदलने का आदेश जारी हुआ था। विष्णुदेव साय की जगह अरुण साव को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया। ये बदलाव चुनाव के लिहाज से अहम माना गया। इसके बाद 17 अगस्त को नेता प्रतिपक्ष को बदलने का फरमान जारी हुआ। धरमलाल कौशिक की जगह नारायण चंदेल को जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद करीब एक महीने में प्रदेश प्रभारी बदल दिया गया। 2023 के विधानसभा और इसके बाद लोकसभा के चुनावों में माथुर की भूमिका अहम रहेगी।
केंद्रीय चुनाव समिति में हैं माथुर
भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल किया है। राजस्थान में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी ओम माथुर पर अहम जिम्मा है। ओम माथुर को राजनीति का लंबा तजुर्बा है। एक बार प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। माथुर लंबे समय तक केंद्रीय टीम में उपाध्यक्ष और महामंत्री भी रहे हैं। इसके अलावा वे राजस्थान से राज्यसभा सांसद भी रहे हैं। हाल ही में उनका कार्यकाल समाप्त हुआ है।
ओम प्रकाश माथुर संघनिष्ठ नेता रहे हैं। शुरुआत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक भी रहे। पूर्व उप राष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत के काफी नजदीकी नेताओं में शामिल रहे हैं। उन्हें राष्ट्रीय मंत्री, महामंत्री और उपाध्यक्ष का पद भी मिला, साथ ही गुजरात, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे प्रदेशों में प्रभारी भी बनाया गया था।

