Site icon अग्नि आलोक

ब्राइडल फैशन का नया ट्रेंड फेसलेट

Share

चेहरे का ब्रेसलेट
फेसलेट को चेहरे का ब्रेसलेट कहा जाए तो गलत नहीं। इसे चेहरे पर पहना जाता है। पहली बार देखने पर यह चश्मे का फ्रेम जैसा नजर आता है। यह नाक और कान के सहारे पहना भी चश्मे की तरह ही जाता है, मगर जो बात इसे खास बनाती है वह है इसमें किया गया काम। यह चमकदार मेटल फिनिश के साथ आता है। इसमें पर्ल वर्क, बीड वर्क या कोई भी अलग तरह का वर्क हो सकता है। इसमें दोनों ओर लटकन रहती हैं जो छोटे से लेकर लंबे अलग-अलग साइज में आती हैं। इस सबके बावजूद यह लाइट वेट होती है।

यह खासकर हल्दी, मेहंदी के मौके पर आपके लुक को एकदम हटकर बना देती हैं। इसे आप साड़ी, लहंगे या फ्यूजन ड्रेस के साथ भी पहन सकती हैं। तो अगर शादी में मांग टीका, नथ टीका, माथा पट्टी का स्टाइल आपको बोर लग रहा है तो फेसलेट आपके लिए ही है। यह जेन जी के बीच खासकर पॉपुलर हो रहा।

हल्दी से लेकर कॉकटेल तक
ब्राइडल फैशन के इस ट्रेंड का मार्केट कैसा है, इस सवाल पर MBSC जूलर्स प्राइवेट लिमिटेड के शिवम वर्मा बताते हैं, यह नया ट्रेंड है मार्केट में। इसे हल्दी के लिए लोग ज्यादा पसंद कर रहे। यह ब्रेसलेट की तर्ज पर चेहरे के लिए एक्सेसरी है। कॉकटेल नाइट के लिए भी लोग ले जा रहे। हालांकि यह शादी तक ज्यादा सीमित है। यंग गर्ल्स का रुझान इसकी तरफ ज्यादा है। बाजार में हजार से ढाई हजार रुपये के बीच में अच्छी रेंज मिल रही। वैसे भी आर्टिफिशियल जूलरी ट्रेंड से चलती है और यह अभी ट्रेंड में इन है।

पटरी से शॉप्स तक छाईं कश्मीरी इयररिंग
फेसलेट के अलावा ब्राइडल जूलरी में कौन सी जूलरी ट्रेंड में है, इस सवाल पर शिवम बताते हैं – कश्मीरी इयर रिंग का बहुत ट्रेंड है। पटरी से लेकर दुकानदार तक सब कश्मीरी इयररिंग बेच रहे हैं। इसी तरह ब्राइडल जूलरी में डब्बी कुंदन के बजाय अब लोग मोजनाइट जूलरी की डिमांड ज्यादा कर रहे। डब्बी कुंदन लोगों को जहां ट्रेडिशनल लगता है, वहीं मोजनाइट जूलरी में मॉडर्न लुक मिल रहा है।

दो सौ रुपये से कीमत स्टार्ट
रूप जूलर्स के ऋषभ गुप्ता बताते हैं, फेसलेट ट्रेंड में तो है ही, नई जेनरेशन को खूब पसंद आ रहा। हमारे यहां से लोग इसे मेहंदी और बाकी इवेंट के लिए ले गए हैं। हमारे यहां यह दो सौ रुपये से लेकर हजार रुपये तक में मिल रहा। यह गोल्ड पॉलिश में आता है। वहीं ब्राइडल में मोजनाइट कुंदन सेट ज्यादा चल रहे। ये हमारे पास पांच हजार रुपये से लेकर लाख रुपये तक में हैं। इन्हें ड्रेस के हिसाब से आप कस्टमाइज भी करवा सकते।

Exit mobile version