नॉर्थ ईस्ट के 3 राज्यों के विधानसभा चुनावों के अलावा आज 5 राज्यों में हुए उपचुनावों के नतीजे आने लगे हैं। हालांकि कुछ सीटों पर काउंटिंग अभी जारी है। महाराष्ट्र की कस्बापेठ सीट पर कांग्रेस के रवींद्र धंगेकर ने जीत हासिल की है। इस सीट पर 1995 से BJP ही काबिज थी।
उधर बंगाल में भी कांग्रेस का खाता खुल गया है। बेरॉन बिस्वास सागरदीघी सीट पर जीत गए हैं। 2021 में हुए चुनाव में यहां कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिल सकी थी।
तमिलनाडु में भी कांग्रेस के एलंगोवन जीत गए हैं। अरुणाचल प्रदेश BJP की त्सेरिंग ल्हामू निर्विरोध विधायक चुनी गई हैं।
अरुणाचल, झारखंड, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में एक-एक सीट पर उपचुनाव हुए थे, जबकि महाराष्ट्र में 2 सीटों पर। ये वोटिंग 26 और 27 फरवरी को हुई थी।
महाराष्ट्र: चिंचवाड़ में BJP आगे, कस्बापेठ में कांग्रेस के रवींद्र जीते
महाविकास अगाड़ी और कांग्रेस के प्रत्याशी रविंद्र धंगेकर कस्बा में 10915 वोटों से जीत हासिल की। समर्थक पहले ही जीत का जश्न मनाने उनके कार्यालय पहुंच गए थे।
महाराष्ट्र में चिंचवाड़, कस्बापेठ सीटों पर 26 फरवरी को वोटिंग हुई थी। भाजपा के विधायकों मुक्ता तिलक (कस्बा पेठ) और लक्ष्मण जगताप (चिंचवाड़) के निधन के कारण इन सीटों पर चुनाव जरूरी हो गया था। चिंचवाड़ में 18 राउंड की काउंटिंग के बाद अश्विनी जगताप ने 6366 वोटों से बढ़त बनाई हुई है।
कस्बापेठ में कांग्रेस के रवींद्र धंगेरकर 10915 वोटों से जीत दर्ज की है। यहां 1995 के बाद से भाजपा ही काबिज रही है। इस बार यहां हेमंत नारायण रसाने ने BJP की तरफ से चुनाव लड़ा। उन्हें कुल 62,244 वोट मिले।
तमिलनाडु: ईरोड सीट पर कांग्रेस के एलंगोवन 33375 वोटों से जीते
एलंगोवन के काउंटिंग में मजबूत बढ़त लेने की खबर के साथ ही समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया था।
ईरोड सीट में कांग्रेस ने एलंगोवन को मैदान में उतरा था। एलंगोवन ने एस थेनारासु (एआईएडीएमके) को 33375 वोटों से हराया। यहां करीब 77 कैंडिडेट के बीच मुकाबला था।
झारखंड: रामगढ़ सीट पर सुनीता चौधरी 21709 वोटों से आगे
सुनीता चौधरी और बजरंग महतो
रामगढ़ सीट कांग्रेस की ममता देवी पर आपराधिक मामला दर्ज होने के कारण डिस्क्वॉलिफाई होने के बाद से खाली पड़ी थी। कांग्रेस ने ममता देवी के पति बजरंग महतो को टिकट दी है। भाजपा-AJSU ने सुनीता चौधरी को कैंडिडेट बनाया था।
यहां 18 उम्मीदवार मैदान में हैं। काउंटिंग 40 टेबल पर 120 लोग कर रहे हैं। यह 11 राउंड में पूरी होगी। 21709 वोटों से सुनीता चौधरी आगे हैं।
पश्चिम बंगाल: सागरदीघी सीट पर बेरॉन बिस्वास 22434 वोटों से जीते
यह सीट TMC के तीन बार के विधायक रहे सुब्रता साहा के दिसंबर 2022 में निधन के बाद खाली हो गई थी। यहां TMC के देबाशीष बैनर्जी, BJP के दिलीप साहा और विपक्ष समर्थित कांग्रेस के बेरॉन बिस्वास के बीच टक्कर थी। बेरॉन बिस्वास 22434 वोटों से जीत दर्ज की है। 2021 में कांग्रेस को बंगाल में एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी। इसलिए सागरदीघी सीट पर जीत को कांग्रेस की वापसी माना जा रहा है।
अरुणाचल प्रदेश: BJP की त्सेरिंग ल्हामू निर्विरोध जीतीं
त्सेरिंग ल्हामू ने गुरुवार को विधायक पद की शपथ ली।
अरुणाचल प्रदेश में तवांग जिले की लुमला सीट BJP के जम्बे ताशी की मौत के बाद से खाली पड़ी थी। इसके बाद BJP ने यहां जम्बे ताशी की पत्नी त्सेरिंग ल्हामू को अपना कैंडिडेट बनाया था। किसी और उम्मीदवार के न होने के कारण BJP इस सीट पर निर्विरोध जीत गई है।

