Site icon अग्नि आलोक

असली हिंदू होने की कसौटी 

Share

– वीरेंद्र भदौरिया

       सच्चा हिंदू होना कोई हंसी-खेल नहीं है, इसके लिए कड़ी परीक्षा से गुजरना पड़ता है। आजकल हिंदुओं के घर पैदा होने पर भी यदि कोई गलती से सेक्युलर रोड पर चार कदम चल लेता है,तो उसे तत्काल नकली हिंदू घोषित कर दिया जाता है। असली हिंदू होना तलवार की धार पर चलने से भी कठिन है, पर चलने वाले तलवार की धार पर चलते हैं, इसीलिए हमारे देश में सच्चे हिंदुओं की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।एक सच्चा और आदर्श हिंदू होने की शर्तों की माडल सूची नीचे दी जा रही है, सूची में छूटी हुई शर्तें जोड़ने की पूरी जिम्मेदारी आपकी होगी : –

    कुर्ता पायजामा, शेरवानी, चूड़ीदार पाजामा, सलवार सूट,जींस, टी-शर्ट,शूट, टाई,कोट, जैकेट ये सब मुगलों व इसाइयों के परिधान हैं, यदि सचमुच शत प्रतिशत हिंदू होना है तो न सिर्फ विधर्मियों की पोशाकों का त्याग करना पड़ेगा, बल्कि अंग्रेजी भाषा, कान्वेंट स्कूलों, इंग्लिश मीडियम स्कूलों, बर्थ-डे पार्टी,केक, फ्रेंच , इटालियन व चाइनीज फूड, इंटरनेट, लैपटॉप, कंप्यूटर, विदेशी स्टाइल के माकान, आदि का भी पूर्ण परित्याग करना होगा। गुड मॉर्निंग,गुड डे व गुड़ नाइट जैसे विदेशी तरीके छोड़कर केवल चरण स्पर्श, राम-राम, जय श्रीकृष्ण, राधे राधे, नमस्कार व प्रणाम करना होगा। हिंदू लड़कियों को घर से बाहर निकलने की जरूरत ही नहीं है, यदि जाना ही पड़े तो वह आपाद मस्तक ढंकी मुंदी रहेगी तथा सुरक्षा के लिए तलवार या भाला से सुसज्जित भाई साथ में जाएंगे। विधर्मी विशेष रूप से किसी मुसलमान से न बात करनी है,न उनकी ओर निगाह करनी है, उनसे जितनी अधिक नफरत करेंगे,उतने ही अधिक आपके नंबर बढ़ेंगे। म्लेच्छों से पंचर जुड़वाने, प्लंबर, मिस्री, बढ़ई,बाल कटवाने,इत्यादि कोई भी काम लेना पूर्ण वर्जित होगा, इस तरह के काम करने वालों से सबसे पहले उनके आधार कार्ड अवश्य चेक कर लें अन्यथा हिंदू धर्म पर खतरा उत्पन्न होना सुनिश्चित है।

     बहुओं को प्रतिदिन सुबह-शाम अपनी सास की चरण सेवा करना आवश्यक होगा। राजपाट तो अब रहे नहीं, पर प्राचीन परंपरानुसार संपत्ति पर केवल ज्येष्ठ पुत्र का अधिकार होगा शेष भाइयों को बड़े भ्राता का सेवक बनकर अपना जीवन धन्य करना होगा।

   षोडश संस्कार का अनुपालन,माथे पर तिलक, बिंदी या त्रिपुंड व जनेऊ (केवल उच्च जातियों के लिए) धारण करना अनिवार्य होगा। रायफल, बंदूक व पिस्तौल जैसे विदेशी अग्नेयास्त्रों को छोड़कर केवल लाठी,बल्लम,फरसा, तलवार व त्रिशूल जैसे विशुद्ध भारतीय अस्त्र-शस्त्र धारण व उपयोग करने होंगे, सैन्य बलों व पुलिस को भी इन्हीं देशज असलहों से सुसज्जित करना होगा। 

     ईंट के पक्के माकान व सीमेंट की चद्दरों से बने घर इसाइयों की देन है, इसलिए इनको छोड़कर मिट्टी के कच्चे घर, या घासफूस की झोपड़ी बनानी होगी। फ्रिज भी विदेशी है,उसे भूलना होगा। मोबाईल ,टीवी व सिनेमा भारतीय संस्कृति को नष्ट कर रहे हैं,इन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना होगा। स्पर्श व सूंघना तो दूर की बात है,भूल से भी किसी विदेशी फूल का नाम नहीं लेना है। हरामजादा गुलाब तो पक्का मुगलिया फूल है, उससे बचकर ही रहना है। हिंदी व अन्य भारतीय भाषाओं में बड़ी संख्या में विदेशी भाषाओं के शब्दों ने घुसपैठ कर ली है, इन घुसपैठियों को चुन चुन कर बाहर खदेड़ना होगा, जिससे हमारी भाषाएं पूरी तरह विशुद्ध भारतीय हो सकेंगी।

        प्राचीन काल का देशी पहनावा , खान-पान अपनाने के साथ अपने बच्चों को केवल संस्कृत विद्यालयों, गुरू कुलों व जंगलों में बने आश्रमों में भेजना होगा। तलवार भांजना, त्रिशूल फेंक ,भाला फेंक तीरंदाजी, कबड्डी, मल्लखंब, कुश्ती, गिल्ली-डंडा व कंचा प्रमुख राष्ट्रीय खेल होंगे।

     कथावाचन व ज्योतिष के पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए होने वाली मारा-मारी को देखते हुए इसके लिए अखिल भारतीय प्रवेश परीक्षा आयोजित करनी होंगी।फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायलोजी आदि सभी विदेशी विषयों की पढ़ाई बंद कर बच्चों को वेद,पुराण, उपनिषद, ब्रह्म सूत्र, भगवद्गीता, रामचरितमानस व श्रीमद्भागवत का अभ्यास कराना जरूरी होगा, और हां क्रिकेट, बैडमिंटन, टेनिस, स्नूकर, शतरंज, फुटबॉल, बास्केटबॉल जैसे समस्त विदेशी खेलों से सुरक्षित दूरी बनानी होगी। विवाह स्वयंवर पद्धति से करने होंगे। समुद्र पारीय यात्रा से धर्म नष्ट हो जाता है, इसलिए विदेश यात्रा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना होगा। विदेशों में काम कर रहे सभी बंदे तत्काल स्वदेश वापस लौट कर गंगा स्नान,दान, पूजन,व ब्रह्म भोज आदि उपायों से विधिवत प्रायश्चित कर हिंदू धर्म का नवीनीकरण करा लें।

           एलोपैथी, होम्योपैथी, यूनानी चिकित्सा पद्धतियां विदेशी हैं, इन्हें छोड़ना होगा। वर्तमान में चल रहे एलोपैथी के समस्त मेडिकल कॉलेज व हास्पिटल तत्काल प्रभाव से बंद करने होंगे।केवल आयुर्वेदिक पद्धति से इलाज कराना होगा।डिस्को डांस व अन्य विदेशी डांस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना पड़ेगा। 

    उपरोक्त समस्त मानदंडों पर खरे उतरने वाले सच्चे व असली हिंदुओं के चरणों में एक सेकुलर व नकली हिंदू की ओर से सादर प्रणाम।

       उक्तानुसार सभी शर्तों का पूरी तरह पालन करने के बावजूद आपका सब किया धरा गुड़ गोबर हो सकता है, यदि आप अभी तक हिंदुत्व की स्वयंभू एक मात्र रक्षक पार्टी के सदस्य या समर्थक नहीं बने हैं, अतः यह शुभ कार्य जल्दी से जल्दी पूरा कर लें।

     सच्चा हिंदू होने के लिए यह सब कुछ तो करना ही पड़ेगा, अन्यथा देशद्रोही की उपाधि लेकर पाकिस्तान जाने के लिए तैयार रहें।

Exit mobile version