फिट रहना आसान है, मुफ्त है और आज की भागती-दौड़ती जिंदगी की सबसे अहम जरूरत भी है। ऐसे में अगर एक ऐसा भरोसेमंद साथी आपके पास हो जो आपके भोजन, पानी के गिलासों की संख्या, आपके वजन और नींद जैसी जरूरतों को बेहतरीन ढंग से मॉनिटर कर सके तो इससे बेहतर और क्या हो सकता है। इसके लिए फिट इंडिया एप लॉन्च किया गया है। केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस पर 29 अगस्त को इसे लाॅन्च किया। यह एप फिटनेस को लेकर सजग करने वाले उसी फिट इंडिया मूवमेंट की एक कड़ी है, जिसकी शुरुआत खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज’ मूलमंत्र के साथ की थी।

